सोनीपत के 59 स्कूल मुखियाओं को मिला डिजिटल लीडरशिप और नई शिक्षा नीति का प्रशिक्षण
सोनीपत के खेवड़ा में समग्र शिक्षा अभियान के तहत 59 स्कूल मुखियाओं के लिए पांच दिवसीय जिला स्तरीय नेतृत्व क्षमता ...और पढ़ें

नई शिक्षा नीति का प्रशिक्षण ( एआई जेनरेटेड इमेज )
HighLights
59 स्कूल मुखियाओं ने लिया नेतृत्व क्षमता प्रशिक्षण।
तनाव प्रबंधन, वित्तीय साक्षरता के गुर सिखाए गए।
नई शिक्षा नीति, डिजिटल कौशल पर विशेष जोर।
जागरण संवाददाता, राई। समग्र शिक्षा अभियान के अंतर्गत खेवड़ा स्थित रेणू विद्या मंदिर में आयोजित जिला स्तरीय पांच दिवसीय इन-सर्विस नेतृत्व क्षमता विकास प्रशिक्षण (लीडरशिप डेवलपमेंट प्रोग्राम) का समापन हो गया है।
21 से 25 अक्तूबर तक प्रतिदिन सुबह नौ बजे से शाम पांच बजे तक चले इस प्रशिक्षण शिविर में जिले भर से 59 सीआरसी हेड्स (स्कूल मुखियाओं) ने सक्रिय भागीदारी की।
सिखाए तनाव प्रबंधन के गुर
प्रशिक्षण के दौरान आर्ट ऑफ लिविंग एवं हिपा के सौजन्य से मास्टर ट्रेनर डॉ शिखा खुराना और मुकेश शर्मा ने स्कूल प्रमुखों को योग, प्राणायाम, माइंडफुलनेस तथा तनाव प्रबंधन के व्यावहारिक गुर सिखाए।
उन्होंने कार्यस्थल पर वर्क-लाइफ बैलेंस बनाए रखने और भावनात्मक संतुलन के साथ विद्यालय का सकारात्मक माहौल तैयार करने पर विशेष जोर दिया। प्रशासनिक और वित्तीय कार्यप्रणाली को पारदर्शी बनाने के उद्देश्य से मुख्य लेखा अधिकारी (चीफ एकाउंट्स आफिसर) दलपत ने प्रतिभागियों को वित्तीय साक्षरता, बजट प्रबंधन और विभागीय नियमों की बारीकियों से अवगत कराया।
वहीं, पीएमश्री राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय, अकबरपुर बारोटा से गणित प्रवक्ता (पीजीटी) मीनाक्षी ने बतौर मास्टर ट्रेनर सिंगल नोडल एजेंसी (एसएनए) स्पर्श पोर्टल के संचालन, तकनीकी पहलुओं और डिजिटल भुगतान प्रणाली की विस्तृत जानकारी दी।
विशेषज्ञों ने दिया अकादमिक व सुरक्षा प्रशिक्षण
डाइट बीसवांमील से आए मास्टर ट्रेनर्स डा. सुशील शर्मा, डा. जसपाल सिंह, डा. रवि जून, पूनम और जैस्मीन कौर ने नई राष्ट्रीय शिक्षा नीति (एनईपी 2020), सुरक्षित स्कूल नेतृत्व, पोक्सो एक्ट, जेंडर संवेदनशीलता, स्कूल सेफ्टी और स्कूल डेवलपमेंट प्लान (एसडीपी) निर्माण पर विस्तार से सत्र लिए।
इसके अलावा यू-डायस प्लस, आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस और साइबर सुरक्षा जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर भी व्यावहारिक अभ्यास कराया गया।
इनका रहा विशेष योगदान
पांच दिवसीय प्रशिक्षण शिविर के सफल आयोजन और पर्यवेक्षण में नोडल अधिकारी डॉ अतर सिंह (एपीसी) और समन्वयक अमित बनवाला (एपीसी) ने निरंतर सक्रिय भूमिका निभाई। प्रशिक्षण के अंतिम दिन सभी प्रतिभागियों ने अपने-अपने विद्यालयों के लिए तैयार एक्शन प्लान की प्रस्तुति दी और प्राप्त अनुभवों को साझा किया।
वहीं, समग्र शिक्षा सोनीपत की जिला परियोजना समन्वयक (डीपीसी) कृष्णा खत्री ने बतौर मुख्य अतिथि शिरकत की और सफल प्रतिभागियों को प्रमाण पत्र वितरित कर सम्मानित किया। इस दौरान जिला शिक्षा अधिकारी (डीईओ) नवीन गुलिया ने भी विशेष रूप से पहुंचकर प्रतिभागियों का मार्गदर्शन किया।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।