सोनीपत में स्कूल से लापता 10वीं के छात्र की मौत में पुलिस की लापरवाही पर सवाल, चार दिन बाद मिला शव
सोनीपत के सबौली स्कूल से लापता 10वीं के छात्र विशाल का शव एक स्टेडियम में मिला है। विशाल को कॉपी ...और पढ़ें

विशाल का फाइल फोटो।
HighLights
सबौली स्कूल से लापता छात्र विशाल का शव मिला।
कॉपी चोरी विवाद में टीचर ने स्कूल से निकाला था।
परिजनों ने हत्या की आशंका जताई, पुलिस जांच जारी।
संवाद सहयोगी, राई (सोनीपत)। सबौली के स्कूल से लापता 10वीं के छात्र विशाल का स्टेडियम में शव मिलने के मामले में 18 अगस्त को विशाल व उसके सहपाठी पर एक अन्य छात्र की कापी चोरी का आरोप लगा था।
इस पर टीचर ने विशाल व उसके सहपाठी को दो--दो थप्पड़ रसीद करते हुए स्कूल से निकाल दिया कि जाओ अपने स्वजन को बुलाकर लाओ। इस पर विशाल स्कूल से गायब हो गया। 22 अगस्त को उसका शव स्कूल से थोड़ी दूर एक व्यायामशाला में झूले पर फंदे से लटका मिला।
उसकी मौत के मामले में पुलिस की लापरवाही सामने आ रही है। छात्र के लापता होने पर स्वजन ने 20 अगस्त को उसकी गुमशुदगी दर्ज कराई थी, लेकिन पुलिस अगर समय रहते छात्र को खोल लेती तो छात्र जा जिंदा होता। वहीं सोमवार को पुलिस ने स्कूल टीचर व कई अन्य छात्रों को थाने बुलाकर पूछताछ की है। उधर बीईआे ने घटना की विस्तृत रिपोर्ट तैयार कर ली है।
पुलिस दो दिनों तक नहीं पता लगा पाई सुराग
गांव नाथूपुर में किराये पर रहने वाले उन्नव के भरणसर नौसाहरा के प्रमोद ने कुंडली पुलिस को शिकायत देकर कहा था कि उसका बेटा विशाल व बेटी सबौली के सरकारी स्कूल में पढ़ते हैं। 18 अगस्त को उसका बेटा घर से स्कूल गया था, लेकिन लौटा नहीं, इसलिए उसे खोजा जाए, लेकिन पुलिस दो दिन तक छात्र का सुराग नहीं लगा पाई।
22 अगस्त को छात्र का शव मिला। स्कूल प्रिंसिपल डा. तेजवीर खोखर ने बताया कि 18 अगस्त को 10वीं कक्षा के एक छात्र ने लंच ब्रेक में क्लास टीचर रेनु को शिकायत की थी कि उसकी कापी गायब है और विशाल व एक अन्य छात्र ने उसकी कापी चुराई है।
वह कापी विशाल के बैग से मिली, इस पर उसने विरोध जताया तो विशाल व उस तीसरे छात्र ने मिलकर उसकी गर्दन दबोच ली। शिकायत करने पर टीचर ने विशाल व दूसरे छात्र को दो-दो थप्पड़ मारकर अपने स्वजन को बुलाकर लाने के लिए स्कूल से घर भेज दिया। इस पर विशाल स्कूल से लापता हो गया।
सीसीटीवी में बारोटा की ओर जाता दिखा विशाल
पुलिस जांच में सामने आया है कि स्कूल से निकलने के बाद विशाल अपने घर की ओर जाने की बजाय घर से विपरीत दिशा में अकबरपुर बारोटा की ओर चल पड़ा। गांव सबौली के बाहर लगे एक सीसीटीवी कैमरे में विशाल जाता दिखाई दे रहा है, लेकिन पुलिस अभी यह नहीं पता कर पाई है कि विशाल चार दिन तक कहां व किसके पास रहा।
विशाल ने स्कूल ड्रेस की शर्ट व पेंट पहन रखी थी, जबकि उसके शव पर पेंट की जगह लोअर था। उसके पैरों में जूते तो थे, लेकिन उनमें फीते नहीं थे। जिस स्टेडियम में झूले पर उसका शव लटका मिला है, उसके पैर को छू रहे थे। स्वजन आशंका जता रहे हैं कि अगर उसे आत्महत्या ही करनी थी तो वह स्कूल से निकलने के तुरंत बाद ही कर लेता। उसकी हत्या कर शव को वहां पर लटकाया गया है।
सहपाठियों और शिक्षिका से थाने में हुई पूछताछ
विशाल की मौत मामले में पुलिस ने सोमवार को उसके कई सहपाठियों और शिक्षिका से पूछताछ की। छात्र अपने अभिभावकों के साथ थाने पहुंचे। पूछताछ के बाद उन्हें जाने दिया गया। 20 अगस्त को विशाल की गुमशुदगी दर्ज होने और मामले के तूल पकड़ने के बाद टीचर चार दिन की छुट्टी पर चली गई थी।
इस दौरान वह किसी का भी फोन नहीं उठा रही थी। जानकारी की अनुसार उसकी छुट्टी सोमवार को समाप्त हो गई। मंगलवार को उसके स्कूल आने की उम्मीद है। वहीं पुलिस उसे थाने बुलाकर दोबारा पूछताछ करेगी।
यह भी पढ़ें- जसोला मामले में लापरवाह जेई निलंबित, सीएम रेखा गुप्ता ने मांगी रिपोर्ट; लापता किशोर की तलाश जारी
यह भी पढ़ें- चित्रकूट में 15 घंटे से लापता युवक की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत, तालाब के किनारे मिला शव
