मानसून की पहली बारिश ने खोली निगम के दावों की पोल, सोनीपत में सड़कों और गलियों में भरा पानी
मानसून की पहली बारिश ने सोनीपत में नगर निगम के जल निकासी के दावों की पोल खोल दी। शहर की सड़कें, बाजार और गलियां जलमग्न हो गईं, जिससे लोगों को आवागमन म ...और पढ़ें
-1783067667263_m.webp)
गलियों व सड़कों पर भरा पानी। जागरण
HighLights
पहली मानसून वर्षा ने सोनीपत में जलभराव की समस्या बढ़ाई।
नगर निगम के जल निकासी और तैयारियों के दावे विफल।
मेयर ने किया निरीक्षण, खराब पंपिंग स्टेशनों को सुधारने के निर्देश।
जागरण संवाददाता, सोनीपत। मानसून की दस्तक के साथ ही शहरवासियों की सबसे बड़ी चिंता जलभराव फिर उभर गई है। मानसून की पहली वर्षा ने ही नगर निगम की तैयारियों के दावों की पोल खोलकर रख दी।
बृहस्पतिवार को सुबह करीब एक घंटे तक हुई वर्षा के बाद शहर की कई प्रमुख सड़कें, बाजार और रिहायशी गलियां जलमग्न हो गईं। जगह-जगह जलभराव होने से लोगों को आवागमन में भारी परेशानी का सामना करना पड़ा।
निगम ने मानसून से पहले नालों की सफाई और जल निकासी व्यवस्था दुरुस्त करने का दावा किया था, लेकिन पहली ही वर्षा में ये सभी दावे धराशायी होते नजर आए। वर्षा के दौरान जल भराव की स्थिति जानने और उसके समाधान के लिए नगर निगम मेयर राजीव जैन ने अधिकारियों को साथ लेकर शहर का दौरा किया।
इस दौरान मेयर और अधिकारियों ने डिस्पोजलों का निरिक्षण किया। मेयर ने डिस्पोजलों पर मोटर, जनरेटर एवं इलेक्ट्रिकल पैनल दुरुस्त रखने के निर्देश दिए।
वर्षा में शहर के शनि मंदिर अंडरब्रिज, ककरोई चौक, गीता भवन चौक, मामा-भांजा चौक, ओल्ड डीसी रोड, आईटीआई रोड, कच्चे क्वार्टर, मुरथल अड्डा, लाल दरवाजा, दयाल चौक, पुरखास अड्डा, बस स्टैंड के पास, सेक्टर-14, सेक्टर-27, ज्ञान नगर, खन्ना कालोनी और रोहतक रोड सहित कई इलाकों में पानी भरने से लोगों का आवागमन प्रभावित हुआ। कई स्थानों पर तीन से चार घंटे तक पानी की निकासी नहीं हो पाई।
वहीं, ककरोई चौक, सारंग रोड अंडरब्रिज के आसपास सहित कई जगह जलकर्फ्यू जैसे हालत हो रहे है। पहली वर्षा में ही यहां पर गलियों और सड़कों को पानी भर गया। कई कालोनियों में घरों के बाहर पानी जमा है और लोगों का निकलना मुश्किल हो रहा है। सारंग रोड अंडरब्रिज के नीचे पानी भरने से लाइन पार क्षेत्र का संपर्क कट गया है। ऐसे में लोगों को दो किलोमीटर तक का चक्कर लगाकर गंतव्य तक पहुंचना पड़ रहा है।
सेक्टरों की सड़कों पर भी जलभराव से हुई दिक्कत
वर्षा के कारण शहर की कालोनियों से लेकर सेक्टरों तक में पानी भर गया। कालोनी और बाहरी क्षेत्रों में ही नहीं, बल्कि पाश इलाके माने जाने वाले सेक्टरों तक में निकासी की व्यवस्था बदहाल है। सेक्टर-15 में डाली गई स्टार्म वाटर लाइन भी वर्षा का दबाव नहीं झेल पा रही है। यहां भी पानी निकासी में कई घंटे लगे। वहीं, शहर के ओल्ड डीसी रोड के आसपास की कालोनियों की गलियों में जलभराव के कारण लोगों को परेशानी उठानी पड़ी।
खबरें और भी
अंडरब्रिजों में पानी भरने से भी लोग झेल रहे समस्या
वर्षा में अंडरब्रिजों के नीचे भी पानी भर गया। शनि मंदिर, सारंग रोड, गोहाना रोड पर जाहरी अंडरब्रिज और कामी-थरिया रोड पर पूर्ण मूर्ति कालेज के पास के अंडरब्रिज पानीपत भरने से कई क्षेत्रों का संपर्क टूट जाता है। हालांकि कुछ देर बार पानी निकल गया था। सबसे ज्यादा खराब स्थिति सारंग रोड अंडरब्रिज के नीचे रही। जहां दोपहर बाद भी पानी भरा हुआ था।
पंपिंग स्टेशनों पर मोटर तक नहीं, इसलिए समस्या ज्यादा
मेयर ने निरीक्षण किया तो शंभु दयाल डिस्पोजल, सेक्टर-23 डिस्पोजल एवं ककरोई रोड स्थित पंपिंग स्टेशन पर व्यवस्था ठीक नहीं मिली। ककरोई रोड पंपिंग स्टेशन पर मोटर ख़राब मिली। मेयर ने जवाब मांगा तो अधिकारियों ने बताया कि नई मोटर मंगवा ली गई है, जो जल्द ही लगा दी जाएगी। वहीं, लहराड़ा बाईपास पर स्थित पंप की मोटर की केबल सुबह जल गई थी। जिसे मिस्त्री बुलाकर बदलने का काम शुरू करवाया।
| ब्लॉक | वर्षा (मिमी) |
|---|---|
| सोनीपत | 22 एमएम |
| गोहाना | 11 एमएम |
| गन्नौर | 13 एमएम |
| खरखौदा | 02 एमएम |
| राई | 12 एमएम |
| खानपुर कलां | 08 एमएम |
पंचायत भवन वाली गली, सूरी पेट्रोल पंप वाली गली और जैन बाग कालोनी में टैंकर बुलाकर खड़ा पानी निकालने का काम शुरू करवाया। ड्रेन नंबर-6 पर शिव कालोनी, चावला कालोनी में रखी मोटरों का भी निरीक्षण किया और पंपिंग स्टेशन के टैंक में जमा कचरा निकालने के निर्देश दिए है। आपात स्थिति में ट्रैक्टरों पर पंप सेट रखवा कर पानी निकालने की व्यवस्था की गई है। - राजीव जैन, मेयर, नगर निगम