Trending

    विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

    यमुनानगर में दिनदहाड़े प्रापर्टी डीलर की हत्या, हेलमेट पहनकर आए बदमाश ने सिर पर ईंट से किया वार

    Updated: Thu, 06 Aug 2026 12:03 AM (IST)

    यमुनानगर के माडल टाउन में दिनदहाड़े एक प्रापर्टी डीलर शिव कुमार की ईंट से हमला कर हत्या कर दी गई। हेलमेट पहने बाइक सवार बदमाश ने वारदात को अंजाम दिया ...और पढ़ें

    यमुनानगर में दिनदहाड़े प्रापर्टी डीलर की हत्या। फोटो जागरण

    यमुनानगर में दिनदहाड़े प्रापर्टी डीलर की हत्या। फोटो जागरण

    HighLights

    1. माडल टाउन यमुनानगर में प्रापर्टी डीलर की हत्या।

    2. हेलमेट पहने बदमाश ने सिर पर ईंट से किया हमला।

    3. पुलिस सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही, जांच जारी।

    जागरण संवाददाता, यमुनानगर। शहर के पाश क्षेत्र माडल टाउन में संतपुरा गुरुद्वारा के पास बुधवार को करीब चार बजे दिनदहाड़े प्रापर्टी डीलर की हत्या की सनसनीखेज वारदात सामने आई। बाइक पर हेलमेट पहनकर आए बदमाश ने प्रापर्टी डीलर के सिर पर ईंट से हमला किया।

    गंभीर चोट लगने से उनकी मौके पर ही मौत हो गई। सूचना मिलते ही पुलिस और सीआइए की टीमें मौके पर पहुंचीं और घटनास्थल के साथ-साथ आसपास की दुकानों में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली।

    फुटेज में बाइक सवार संदिग्ध दिखाई दिया है। मृतक की पहचान गांव भगवानगढ़ निवासी 50 वर्षीय शिव कुमार के रूप में हुई है। एसपी कमलदीप गोयल और डीएसपी रजत गुलिया ने भी मौके पर पहुंचकर घटनास्थल का निरीक्षण किया।

    शिव कुमार खेतीबाड़ी के साथ प्रापर्टी का काम भी करते थे। थापर ग्राउंड के पास उनका एक शोरूम है, जिसे उन्होंने किराये पर दिया हुआ है। उनके भाई अमित कुमार ने बताया कि बुधवार को शिव कुमार किसी काम से यमुनानगर आए थे। उन्होंने संतपुरा गुरुद्वारा के पास अपनी कार खड़ी की और काम से चले गए।

    हमला कर फरार हो गया आरोपी

    वापस लौटते समय वह मोबाइल पर बात करते हुए पैदल कार की ओर आ रहे थे। जैसे ही उन्होंने कार का दरवाजा खोलना चाहा, तभी हेलमेट पहने बाइक सवार बदमाश वहां पहुंचा और उनके सिर पर ईंट से वार कर फरार हो गया।

    हमले के बाद शिव कुमार करीब दस मिनट तक कार के पास लहूलुहान हालत में पड़े रहे। बाद में किसी राहगीर की नजर उन पर पड़ी, जिसने उन्हें अस्पताल पहुंचाया। इसके बाद पुलिस को सूचना मिली। हैरानी की बात यह है कि शहर के मुख्य चौकों और अन्य स्थानों पर पुलिस नाके लगे होने के बावजूद आरोपी वारदात को अंजाम देकर फरार हो गया।

    खबरें और भी

    स्वजन बोले- किसी से कोई दुश्मनी नहीं

    मृतक के परिवार में दो बेटे अक्षय और सार्थक हैं। सार्थक बूड़िया चुंगी के पास केमिस्ट की दुकान चलाता है, जबकि अक्षय एमबीबीएस की पढ़ाई पूरी कर चुका है। परिजनों का कहना है कि शिव कुमार की किसी से कोई दुश्मनी नहीं थी और उनका कभी किसी से विवाद भी नहीं हुआ।

    एसपी कमलदीप गोयल ने बताया कि मृतक प्रापर्टी का काम भी करता था। घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं, आसपास के सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है और परिवार से पूछताछ कर यह पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है कि वारदात के पीछे रंजिश या कोई अन्य कारण तो नहीं है।