Trending

    विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

    हरियाणा के यमुनानगर में देरी से स्कूल आने पर प्रधानाचार्य ने मारे थप्पड़, बच्चे के कान का पर्दा फटा

    Updated: Sat, 01 Aug 2026 10:21 AM (IST)

    जगाधरी के एक राजकीय स्कूल में 11वीं के छात्र को प्रधानाचार्य ने 10 मिनट देरी से आने पर कथित तौर पर थप्पड़ मारे, जिससे उसके कान का पर्दा फट गया। ...और पढ़ें

    यमुनानगर में देरी से स्कूल आने पर प्रधानाचार्य ने मारे थप्पड़ (File Photo)

    यमुनानगर में देरी से स्कूल आने पर प्रधानाचार्य ने मारे थप्पड़ (File Photo)


    HighLights

    1. प्रधानाचार्य ने छात्र को 10 मिनट देरी से आने पर पीटा

    2. छात्र के कान का पर्दा फटा, सुनने में दिक्कत हुई

    3. पुलिस में शिकायत, छात्र खेल प्रतियोगिता में भाग नहीं ले पाएगा

    जागरण संवाददाता, यमुनानगर। जगाधरी स्थित एक राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय में 11वीं कक्षा के एक छात्र के साथ कथित मारपीट का मामला सामने आया है। छात्र के स्वजन ने आरोप लगाया है कि 10 मिनट स्कूल देर से पहुंचने पर प्रधानाचार्य ने उसे 15 से 20 थप्पड़ मारे, जिससे उसके कान का पर्दा फट गया और सुनाई देना बंद हो गया।

    जगाधरी निवासी शशिधर ने बताया कि उनका बेटा कृष्णा वीरवार सुबह करीब 8:10 बजे स्कूल पहुंचा, जबकि विद्यालय का समय सुबह आठ बजे का है। आरोप है कि 10 मिनट देरी से आने पर प्रधानाचार्य ने पहले उसे स्कूल परिसर की सफाई करने और कूड़ा उठाने के लिए कहा। उसने मना किया तो प्रधानाचार्य ने उसे कई थप्पड़ मार दिए। घर पहुंचने पर कृष्णा ने पूरी घटना बताई, जिसके बाद उसे अस्पताल ले जाया गया।

    चिकित्सकीय जांच में कान के पर्दे में चोट आने की बात सामने आई। स्वजन छात्र को लेकर स्कूल पहुंचे, लेकिन उनकी बात नहीं सुनी गई। उन्होंने शहर थाना जगाधरी में शिकायत देकर कार्रवाई की मांग की।

    प्रधानाचार्य मोहम्मद जावेद से संपर्क करने पर उन्होंने बताया कि वह उस समय थाने में मौजूद थे और व्यस्त होने के कारण विस्तृत प्रतिक्रिया नहीं दे सके। कृष्णा कुश्ती का खिलाड़ी है और उत्तराखंड में आयोजित खेल महाकुंभ में स्वर्ण पदक जीत चुका है। चिकित्सकों की सलाह के कारण चार अगस्त से शुरू हो रहे स्कूल की प्रतियोगिता में भाग नहीं ले सकेगा।