हरियाणा के यमुनानगर में सड़क हादसा, कांवड़ लेकर लौट रहे दो युवकों को ट्रक ने कुचला
यमुनानगर में हरिद्वार से कांवड़ लेकर लौट रहे दो युवकों को ट्रक ने कुचल दिया, जिससे उनकी मौत हो गई। ...और पढ़ें

हरियाणा के यमुनानगर में दर्दनाक हादसा (फाइल फोटो)
HighLights
हरिद्वार से लौट रहे दो कांवड़ यात्रियों की मौत
यमुनानगर में ट्रक ने कुचला, गड्ढे से बचने का प्रयास
पुलिस ने ट्रक चालक पर मामला दर्ज किया
जागरण संवाददाता,यमुनानगर। रादौर-कुरुक्षेत्र रोड पर गांव धोड़ंग के पास बुधवार देर रात हरिद्वार से कांवड़ लेकर लौट रहे दो युवकों की मौत हो गई। प्रत्यक्षदर्शियों अनुसार सड़क पर बने गड्ढे से बचने के प्रयास के दौरान पीछे से आए ट्रक ने दोनों को चपेट में ले लिया।
हादसे में जींद जिले के नरवाना स्थित मोरपत्ती मोहल्ला निवासी 21 वर्षीय सचिन व 21 वर्षीय अजय कुमार उर्फ काला की मौत हो गई, जबकि तीसरे साथी विक्रम कुमार ने सड़क किनारे कूदकर जान बचाई।
टक्कर के बाद ऊपर से गुजरा ट्रक
पुलिस को दी शिकायत में विक्रम ने बताया कि वह ताऊ के बेटे सचिन, अजय कुमार उर्फ काला और तीन-चार अन्य साथी तीन अगस्त को हरिद्वार से कांवड़ लेकर चले थे।
छह अगस्त की रात करीब 11 बजे सभी सहारनपुर-कुरुक्षेत्र स्टेट हाईवे पर रादौर में धोड़ंग गांव के पास पहुंचे। तभी यमुनानगर की ओर से तेज गति में आए ट्रक ने सचिन व अजय को टक्कर मार दी। दोनों सड़क पर गिर गए और ट्रक उनके ऊपर से निकल गया।
उसने (विक्रम) सड़क किनारे छलांग लगाकर जान बचाई। डायल-112 पर सूचना दी फिर एंबुलेंस से सचिन व अजय को जिला अस्पताल पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने दोनों को मृत घोषित कर दिया।
सड़क पर गड्ढे बने मौत की वजह
थाना सदर पुलिस ने शिकायत पर ट्रक चालक पर मामला दर्ज कर लिया। किसान नेता सुभाष गुर्जर ने बताया कि घटनास्थल पर सड़क टूटी है और गड्ढे बने हुए हैं। आरोप है कि सड़क की खराब स्थिति को लेकर कई बार प्रशासन को अवगत कराया, पर मरम्मत नहीं हुई। अब यही हादसे की वजह बनी।