'हिमाचल सरकार गारंटियों के बाद अब लॉटरी के जरिये सपने बेच रही', अनुराग बोले- पंचायत स्तर पर विरोध करेगी भाजपा
पूर्व केंद्रीय मंत्री अनुराग ठाकुर ने हिमाचल सरकार की लॉटरी व्यवस्था शुरू करने की योजना पर तीखा हमला बोला है। ...और पढ़ें
HighLights
अनुराग ठाकुर ने हिमाचल सरकार की लॉटरी व्यवस्था पर साधा निशाना।
कहा, लॉटरी से गरीब परिवारों की मेहनत की कमाई बर्बाद होगी।
भाजपा पंचायत स्तर पर लॉटरी व्यवस्था का करेगी कड़ा विरोध।
संवाद सहयोगी, बिलासपुर। पूर्व केंद्रीय मंत्री एवं सांसद अनुराग सिंह ठाकुर ने प्रदेश सरकार की ओर से शुरू की जा रही लॉटरी व्यवस्था को लेकर कांग्रेस सरकार पर तीखा हमला बोला है। बिलासपुर दौरे पर पहुंचे अनुराग ठाकुर ने कहा कि प्रदेश सरकार प्रदेश के भोले-भाले लोगों को लूटने का अब नया प्रयोग करने जा रही है।
उन्होंने कहा कि हिमाचल प्रदेश में भारतीय जनता पार्टी की सरकार के दौरान लॉटरी पर पूर्ण रूप से प्रतिबंध लगाया गया था, लेकिन कांग्रेस के सत्ता में आने के बाद एक बार फिर इसे शुरू करने की तैयारी की जा रही है।
उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस सरकार प्रदेश में रोजगार के अवसर पैदा करने में नाकाम रही है और अब युवाओं को रोजगार देने के बजाय लॉटरी जैसे माध्यमों के जरिए नए सपने दिखाए जा रहे हैं।
5 लाख युवाओं को रोजगार की दी थी गारंटी
अनुराग ठाकुर ने कहा कि विधानसभा चुनाव के दौरान कांग्रेस ने प्रदेश के पांच लाख युवाओं को रोजगार देने की गारंटी दी थी, लेकिन सरकार अब तक इस गारंटी को पूरा नहीं कर पाई है। उन्होंने कहा कि रोजगार देने में विफल रहने वाली सरकार अब लॉटरी के नए अवसर प्रदान करने की बात कर रही है।
आर्थिक रूप से बर्बाद हो सकते हैं परिवार
पूर्व केंद्रीय मंत्री ने कहा कि लॉटरी व्यवस्था शुरू होने से प्रदेश के कई परिवार आर्थिक रूप से बर्बाद हो सकते हैं। लोगों को एक साथ बड़ी रकम जीतने का लालच देकर उनके मेहनत की कमाई को दांव पर लगाया जाएगा।
पंचायत स्तर पर विरोध करेगी भाजपा
उन्होंने कहा कि भाजपा इस व्यवस्था का पंचायत स्तर तक विरोध करेगी। उन्होंने कहा कि पार्टी कार्यकर्ता घर-घर और पंचायत स्तर पर जाकर लोगों को लॉटरी व्यवस्था के संभावित नुकसान के बारे में जागरूक करेंगे और इसके खिलाफ विरोध दर्ज करवाएंगे। अनुराग ठाकुर ने कहा कि भाजपा प्रदेश के लोगों को किसी भी कीमत पर ठगी और लूट का शिकार नहीं होने देगी।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।