बिलासपुर में गोबिंदसागर झील किनारे दलदल में फंसी महिला, आधा घंटा हलक में अटकी रही सांसें; VIDEO
बिलासपुर में गोबिंदसागर झील किनारे लुहणू में एक महिला दलदल में फंस गई। वह सुबह मछलियों को आटा डालने गई थी, तभी दलदली जमीन में धंसने लगी। महिला को कोई ...और पढ़ें

बिलासपुर में गोबिंद सागर झील किनारे दलदल में फंसी महिला को रेस्क्यू करते लोग। जागरण
HighLights
महिला बिलासपुर के गोबिंदसागर झील किनारे दलदल में फंसी।
रेलवे कर्मचारियों और होमगार्ड ने मिलकर महिला को बचाया।
मशीनरी की मदद से सुरक्षित रेस्क्यू, कोई चोट नहीं।
संवाद सहयोगी, बिलासपुर। हिमाचल प्रदेश के बिलासपुर शहर में गोबिंदसागर झील किनारे स्थित लुहणू में वीरवार सुबह अफरा-तफरी का माहौल बन गया। यहां एक महिला अचानक झील के किनारे दलदल में फंस गई। महिला सुबह के समय झील में मछलियों को आटा डालने के लिए किनारे तक गई थी, लेकिन वहां कीचड़ और दलदल में उसका पांव फंस गया और वह धीरे-धीरे दलदल में धंसने लगी। महिला आधा घंटा फंसी रही।
महिला रोजाना की तरह सुबह गोबिंदसागर झील के किनारे पहुंची थी। सुबह के समय झील में मछलियों को आटा डालने और पूजा-अर्चना के लिए यहां पर लोग आते हैं। महिला भी इसी उद्देश्य से झील के किनारे पहुंची थी। इसी दौरान जब वह झील के बिल्कुल किनारे तक गई तो वहां की जमीन दलदली होने के कारण उसका संतुलन बिगड़ गया और वह दलदल में धंस गई।
महिला की चीख सुनकर बचाने दौड़े रेलवे लाइन के श्रमिक
महिला दलदल में फंसी तो उसने से चिल्लाना शुरू किया और मदद के लिए आवाज लगाने लगी। आसपास उस समय बहुत अधिक लोग मौजूद नहीं थे, लेकिन पास में रेलवे लाइन का कार्य कर रहे कर्मचारियों की नजर महिला पर पड़ गई। महिला की आवाज सुनते ही वहां मौजूद कर्मचारियों ने तुरंत स्थिति को समझा और बिना समय गंवाए उसे बचाने के प्रयास शुरू कर दिए। उन्होंने तुरंत प्रभाव से इसकी सूचना होमगार्ड बटालियन को भी दी।
दलदल से रेस्क्यू था बेहद मुश्किल
बताया जा रहा है कि झील के किनारे दलदल इतनी अधिक थी कि कर्मचारियों को सीधे वहां तक पहुंचने में भी काफी परेशानी का सामना करना पड़ा। यदि कोई व्यक्ति सीधे दलदल में उतरता तो उसके खुद फंसने का भी खतरा बना हुआ था।
मशीनरी से शुरू किया बचाव अभियान
ऐसे में तुरंत प्रभाव से होमगार्ड के जवान और रेलवे कर्मचारियों ने सूझबूझ दिखाते हुए पहले स्थिति का आकलन किया और फिर वहां मौजूद बड़ी मशीनों की मदद से बचाव कार्य शुरू किया। रेलवे लाइन में कार्य कर रही भारी मशीनों को सावधानीपूर्वक महिला के करीब लाया गया, ताकि बिना जोखिम के उसे बाहर निकाला जा सके।
खबरें और भी
लोगों ने दिखाई हिम्मत
वहीं कुछ लोगों ने हिम्मत दिखाते हुए स्वयं दलदल के भीतर जाकर महिला तक पहुंचने की कोशिश की। काफी मशक्कत के बाद कर्मचारियों ने महिला को सुरक्षित बाहर निकाल लिया। महिला को दलदल से बाहर निकालते ही वहां मौजूद लोगों ने राहत की सांस ली। बताया जा रहा है कि महिला को कोई गंभीर चोट नहीं आई है और वह सुरक्षित है।
गोबिंद सागर झील में दलदल में फंसी महिला का रेस्क्यू... pic.twitter.com/dEtOFvlr6k
— Rajesh Sharma (@sharmanews778) March 19, 2026