हिमाचल में क्रूरता की हद पार, पत्नी की हत्या कर सेप्टिक टैंक में डाला शव फिर सीमेंट से बंद कर दिया ढक्कन
हिमाचल प्रदेश के बिलासपुर में एक महिला की निर्मम हत्या कर दी गई। पति और देवर पर हत्या का आरोप है, जिन्होंने शव को सेप्टिक टैंक में डालकर सीमेंट से बंद ...और पढ़ें
HighLights
बिलासपुर में महिला की निर्मम हत्या हुई।
पति और देवर ने शव सेप्टिक टैंक में डाला।
आरोपी झारखंड फरार, पुलिस तलाश कर रही।
जागरण संवाददाता, बिलासपुर। हिमाचल प्रदेश के बिलासपुर शहर में सनसनीखेज वारदात सामने आई है। शहर से सटी ओयल पंचायत के दनोह गांव में एक महिला की निर्मम हत्या कर दी गई। प्रारंभिक जांच में खुलासा हुआ है कि महिला की हत्या उसके पति और देवरों ने मिलकर की और शव को घर में ही सेप्टिक टैंक में डालकर ऊपर से सीमेंट लगाकर बंद कर दिया।
हैरानी की बात यह है कि हत्या को अंजाम देने के बाद आरोपित पति और देवर मौके से फरार होकर अपने मूल गांव झारखंड चले गए। काफी दिन तक महिला के संपर्क में न आने पर उसके स्वजन को शक हुआ, जिसके बाद वे महिला की तलाश में बिलासपुर पहुंचे।
परिवार के सदस्य जब ओयल पंचायत स्थित महिला के किराये के मकान पर पहुंचे तो वहां ताला लटका मिला। संदेह होने पर उन्होंने तुरंत मामले की सूचना पुलिस को दी। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और मकान की तलाशी ली।
गोविंद राम ने दो भाइयों के साथ मिलकर पत्नी गुड़िया देवी की हत्या कर दी। आरोपित गांव नोडिया लोहारसी, डाकघर लोहारसी, थाना पांकी नोहडिया, जिला पलामू, झारखंड के निवासी हैं।
टैंक पर लगे ताजा सीमेंट से हुआ शक
जांच के दौरान घर में बने सेप्टिक टैंक पर संदेह हुआ, जिस पर सीमेंट की नई परत लगी हुई थी। टैंक को खुलवाने पर उसके अंदर से एक महिला का शव बरामद हुआ, जिससे पूरे इलाके में सनसनी फैल गई। पुलिस ने शव को टैंक से बाहर निकालकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
पति और देवर की संलिप्तता सामने आई
पुलिस के अनुसार मृतका की पहचान प्रवासी महिला के रूप में हुई है और प्रारंभिक साक्ष्यों के आधार पर पति और देवर की संलिप्तता सामने आई है। फिलहाल पुलिस ने हत्या का मामला दर्ज कर लिया है और फरार आरोपितों की तलाश के लिए संभावित ठिकानों पर दबिश दी जा रही है।
खबरें और भी
क्या कहते हैं पुलिस अधिकारी
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले की गहनता से जांच की जा रही है और पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद कई अहम खुलासे होने की संभावना है। वहीं इस जघन्य हत्या से स्थानीय लोगों में भी दहशत का माहौल है।