Trending

    विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

    हिमाचल पुलिस का नशे के खिलाफ हाईटेक कदम, अब स्लाइवा टेस्ट बताएगा किया है कौन सा नशा

    By Digital Desk Edited By: Rajesh Sharma
    Updated: Thu, 29 Jan 2026 03:48 PM (IST)

    हिमाचल प्रदेश पुलिस ने नशे के खिलाफ बिलासपुर में एक हाईटेक पहल की है। पंजाब से सटे जिले में बढ़ते नशे, खासकर चिट्टे पर रोक लगाने के लिए, पुलिस एक अत्य ...और पढ़ें

    बिलासपुर पुलिस अब स्लाइवा टेस्ट से नशे का पता लगाएगी। सौ. पुलिस

    बिलासपुर पुलिस अब स्लाइवा टेस्ट से नशे का पता लगाएगी। सौ. पुलिस

    HighLights

    1. बिलासपुर पुलिस ने नशे के खिलाफ हाईटेक मशीन का ट्रायल शुरू किया।

    2. स्लाइवा टेस्ट से बिना रक्त लिए नशे की पहचान संभव होगी।

    3. यह तकनीक नशेड़ियों और नशे में वाहन चलाने वालों को पकड़ेगी।

    संवाद सहयोगी, बिलासपुर। हिमाचल प्रदेश पुलिस ने नशे के खिलाफ बड़ा कदम उठाया है। पंजाब से सटे जिला बिलासपुर में लगातार बढ़ रहे नशे व विशेषकर चिट्टे के बढ़ते प्रचलन पर प्रभावी रोक लगाने के लिए पुलिस ने यहां हाईटेक पहल की है। पुलिस विभाग ने नशे की पहचान के लिए एक अत्याधुनिक मशीन का ट्रायल बेस पर उपयोग शुरू कर दिया है, जो बिना रक्त लिए केवल स्लाइवा टेस्ट के माध्यम से यह बता सकेगी कि किसी व्यक्ति ने नशा किया है या नहीं। 

    यह मशीन एक निजी कंपनी से ट्रायल के तौर पर ली गई है और इसे फिलहाल कीरतपुर-नेरचौक फोरलेन क्षेत्र के मंडी भराड़ी में प्रयोग में लाया जा रहा है। इस आधुनिक तकनीक के जरिये पुलिस को नशे के खिलाफ अभियान में बड़ी सफलता मिलने की उम्मीद है।

    मिनटों में बता देगी किया है कौन सा नशा

    आपको बता दें कि इस मशीन की सबसे बड़ी खासियत यह है कि यह कुछ ही मिनटों में परिणाम दे देती है। स्लाइवा सैंपल लेने के बाद मशीन यह स्पष्ट कर देती है कि संबंधित व्यक्ति ने क्या नशा किया है? इसमें चिट्टा, चरस, अफीम सहित अन्य सभी प्रकार के नशों की पहचान संभव है। इससे मौके पर ही त्वरित कार्रवाई करना पुलिस के लिए आसान हो जाएगा।

    पुलिस अधिकारियों का कहना है कि यह मशीन न केवल नशेड़ियों की पहचान में सहायक होगी, बल्कि नशे में वाहन चलाने वालों पर भी प्रभावी नियंत्रण स्थापित करने में मददगार साबित होगी।

    हाईवे पर नशे में वाहन चलाने से होती हैं दुर्घटनाएं 

    गौर हो कि फोरलेन और हाईवे क्षेत्रों में अक्सर नशे की हालत में वाहन चलाने से दुर्घटनाएं होती हैं, ऐसे में यह तकनीक सड़क सुरक्षा के लिए भी बेहद उपयोगी है। वहीं, बिलासपुर पुलिस प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि यदि यह ट्रायल सफल रहता है, तो भविष्य में इन मशीनों को खरीद कर जिला के सभी पुलिस थानों में उपलब्ध करवाया जाएगा। इससे नशे के खिलाफ चल रही मुहिम को और मजबूती मिलेगी और नशेड़ियों की पहचान कर उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई सुनिश्चित की जा सकेगी।

    एक निजी कंपनी की ओर से एक आधुनिक मशीन मिली है। इसमें स्लाइवा के माध्यम से नशे के बारे में पता किया जा सकता है। इसको ट्रायल बेस पर मंडी भराड़ी क्षेत्र फोरलेन पर शुरू किया गया है।
    -संदीप धवल, एसपी बिलासपुर।

    यह भी पढ़ें: हिमाचल में हाईवे पर रील बनाने के लिए स्टंट कर रहा था कार चालक, पुलिस ने 18,500 रुपये का चालान कर सिखाया सबक

    खबरें और भी