हिमाचल में हाईवे पर रील बनाने के लिए स्टंट कर रहा था कार चालक, पुलिस ने 18,500 रुपये का चालान कर सिखाया सबक
हिमाचल प्रदेश के मंडी जिले में एक कार चालक को हाईवे पर रील बनाने के लिए खतरनाक स्टंट करना महंगा पड़ा। सुंदरनगर के हराबाग क्षेत्र में कीरतपुर-नेरचौक फो ...और पढ़ें

मंडी में हाईवे पर रील के लिए स्टंट करता कार चालक और अचानक रुकी दूसरी दिशा से आ रही गाड़ी।
HighLights
मंडी में हाईवे पर रील बनाने के लिए स्टंट।
पुलिस ने खतरनाक स्टंट पर 18,500 रुपये का चालान किया।
एसपी मंडी ने युवाओं से ऐसी हरकतों से बचने की अपील की।
सहयोगी, डैहर (मंडी)। हिमाचल प्रदेश के जिला मंडी में हाईवे पर रील के लिए खतरनाक स्टंट कर रहे कार चालक को पुलिस ने सबक सिखाया है। कीरतपुर-नेरचौक फोरलेन पर सुंदरनगर के हराबाग क्षेत्र में रील बनाने के लिए एक युवक कार से खतरनाक स्टंट कर रहा था। पुलिस ने यातायात नियमों का उल्लंघन करने पर उसका 18,500 रुपये का चालान किया है।
वीडियो सामने आने पर लिया एक्शन
बताया जा रहा है कि कार चालक ने भारी यातायात के बीच तेज गति और लापरवाही से वाहन चलाते हुए स्टंट किए। अज्ञात व्यक्ति ने इसका वीडियो मोबाइल फोन में रिकॉर्ड कर लिया और इसे प्रसारित कर दिया। वीडियो में साफ देखा जा सकता है कि कार चालक न केवल अपनी जान जोखिम में बल्कि सड़क पर चल रहे अन्य वाहनों और राहगीरों की सुरक्षा को भी गंभीर खतरे में डाल रहा था।
फोरलेन पर इस तरह की हरकत किसी बड़े हादसे को न्योता दे सकती थी। वीडियो पुलिस के संज्ञान में आया और पुलिस ने तुरंत जांच शुरू कर दी।
क्या कहती हैं एसपी मंडी
एसपी मंडी साक्षी वर्मा ने बताया कि प्रसारित वीडियो के आधार पर वाहन चालक की पहचान कर यातायात नियमों के उल्लंघन पर उसका 18,500 रुपये का चालान किया गया है। उन्होंने युवाओं से अपील की है कि वे इंटरनेट मीडिया पर प्रसिद्धि पाने के लिए इस तरह की खतरनाक हरकतों से दूर रहें।
एक पल की लापरवाही न केवल खुद के लिए, बल्कि दूसरों के लिए भी जानलेवा साबित हो सकती है। पुलिस ने स्पष्ट किया है कि सड़क पर स्टंट या रील बनाना अपराध है और ऐसे मामलों में किसी भी तरह की नरमी नहीं बरती जाएगी।