हिमाचल में पर्यटकों से भरी बस सड़क से फिसलकर हवा में अटकी, कुल्लू-मणिकर्ण रोड पर मची चीखो पुकार
कुल्लू में भुंतर-मणिकर्ण सड़क पर पर्यटकों से भरी एक निजी बस फिसलकर खाई की ओर बढ़ गई, लेकिन सड़क किनारे रुकने से बड़ा हादसा टल गया। पाले और खराब सड़क क ...और पढ़ें
HighLights
पर्यटकों से भरी बस खाई में गिरने से बची।
पाला और खराब सड़क बनी हादसे की वजह।
स्थानीय लोगों ने यात्रियों को सुरक्षित निकाला।
संवाद सहयोगी, कुल्लू। हिमाचल प्रदेश के कुल्लू जिले में वीरवार को एक बड़ा सड़क हादसा होने से टल गया। भुंतर-मणिकर्ण सड़क पर छन्नीखोड़ के समीप पर्यटकों से भरी एक निजी बस अचानक फिसलकर अनियंत्रित हो गई। बस सड़क से फिसलकर खाई की ओर बढ़ गई, लेकिन गनीमत यह रही कि वह सड़क किनारे रुक गई। यदि बस न रुकती तो नीचे बह रही पार्वती नदी में पहुंच सकती थी। हादसे के समय बस में बड़ी संख्या में पर्यटक सवार थे, जिनकी जान सुरक्षित रही।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, बस के अनियंत्रित होते ही मौके पर चीखो-पुकार मच गई। कुछ पल के लिए यात्रियों में दहशत का माहौल बन गया। स्थानीय लोगों ने तत्परता दिखाते हुए बस में सवार यात्रियों को सुरक्षित बाहर निकालने में मदद की। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासन की टीम भी मौके पर पहुंची और स्थिति का जायजा लिया। राहत की बात यह रही कि हादसे में कोई हताहत नहीं हुआ।
सड़क पर पाला व पानी जमने से बढ़ी मुश्किल
बताया जा रहा है कि इन दिनों भुंतर-मणिकर्ण सहित जिले की कई सड़कों पर पाला जमने से फिसलन बढ़ गई है। इसके अलावा सड़कों की खस्ताहाल स्थिति भी वाहन चालकों के लिए परेशानी का सबब बनी हुई है। विशेषकर सुबह और शाम के समय दुर्घटनाओं का खतरा अधिक बना रहता है। चालक हल्की सी चूक पर वाहन से नियंत्रण खो बैठते हैं।
चेतावनी संकेतक व क्रैश बैरियर भी नहीं
स्थानीय लोगों और पर्यटकों ने प्रशासन से सड़क सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम करने की मांग की है। उनका कहना है कि संवेदनशील मार्गों पर चेतावनी संकेतक, क्रैश बैरियर और नियमित सड़क रखरखाव जरूरी है, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं से बचा जा सके। प्रशासन ने भी यात्रियों से अपील की है कि खराब मौसम और पाले के दौरान सावधानी बरतें और सुरक्षित गति से वाहन चलाएं।