विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

इंडो-नेपाल हैंडबाल सीरीज: भारत ने दर्ज की ऐतिहासिक जीत, बिलासपुर के 3 खिलाड़ियों ने रोशन किया हिमाचल का नाम

Published: Sun, 06 Sep 2026 02:21 PM (IST)

भारतीय टीम ने पोखरा में आयोजित इंडो-नेपाल हैंडबाल सीरीज में नेपाल को हराकर खिताब जीता। बिलासपुर के आयुष, नितेश कुमार भारतीय और तनिष धीमान ने हिमाचल का नाम रोशन किया।

भारत ने नेपाल को हराकर जीता खिताब।

भारत ने नेपाल को हराकर जीता खिताब।

HighLights

  1. भारतीय टीम ने इंडो-नेपाल हैंडबाल सीरीज का खिताब जीता

  2. बिलासपुर के तीन खिलाड़ियों ने हिमाचल का नाम रोशन किया

  3. आयुष, नितेश और तनिष ने शानदार प्रदर्शन किया

जागरण संवाददाता, बिलासपुर। नेपाल के सुरम्य शहर पोखरा में 4 से 6 सितंबर तक आयोजित इंडो-नेपाल हैंडबाल सीरीज में भारतीय टीम ने अपने शानदार खेल के दम पर नेपाल को हराकर ट्राफी पर कब्जा जमा लिया। रोमांच की हदें पार करने वाले फाइनल मुकाबले में भारत ने मेजबान नेपाल को चार गोल के अंतर से शिकस्त देकर तिरंगा फहराया।

इस ऐतिहासिक अंतरराष्ट्रीय खिताबी जीत में हिमाचल प्रदेश के तीन होनहार खिलाड़ियों आयुष, नितेश कुमार भारतीय और तनिष धीमान ने अपने अद्भुत प्रदर्शन से प्रदेश का नाम रोशन किया है। यह तीनों खिलाड़ी बिलासपुर स्थित युवा सेवा एवं खेल विभाग के राज्य खेल छात्रावास से हैं।

वन विभाग में बीओ के बेटे हैं आयुष

बिलासपुर निवासी आयुष वर्तमान में इसी छात्रावास में प्रशिक्षण ले रहे हैं; उनके पिता अमर सिंह वन विभाग में बीओ हैं और खुद कबड्डी के राष्ट्रीय खिलाड़ी रहे हैं। सिरमौर के नितेश कुमार भारतीय भी इसी खेल नर्सरी की उपज हैं।

बीपीई की पढ़ाई कर रहे हैं तनिष धीमान

वहीं कुल्लू के तनिष धीमान, जो वर्तमान में एमएलएसएम कालेज में बीपीई की पढ़ाई कर रहे हैं, बिलासपुर छात्रावास के पूर्व छात्र हैं। तनिष के पिता सचिन धीमान भी हैंडबाल के राष्ट्रीय खिलाड़ी रह चुके हैं।

हैंडबाल कोच मनोज ठाकुर ने बताया कि पूरे टूर्नामेंट में भारतीय खिलाड़ियों का तालमेल और मैदान पर आक्रामक रणनीति बेजोड़ रही। उन्होंने बिलासपुर के राज्य खेल छात्रावास की सराहना करते हुए कहा कि आधुनिक प्रशिक्षण और सुविधाओं के बल पर यह संस्थान लगातार राष्ट्रीय व अंतरराष्ट्रीय स्तर के एथलीट तैयार कर रहा है।

दिग्गज हस्तियों ने दी पूरी टीम को बधाई

टीम की इस स्वर्णिम सफलता पर श्याम लाल कौंडल, क्रांति सिंह, डीडी तनवर, परवीन दुबे, स्नेह लता, हमीद खान, राजेश मेहता, राज कुमार राणा, प्रेम, सुशील, हेमलता, रफीक अहमद, दिनेश राजपूत, चंदन ठाकुर, वसीम खान, हनी जट, गौरव चौधरी, विकास राणा, आर्यन हंस और शिवानी अंशुल सहित खेल जगत के दिग्गज हस्तियों ने पूरी भारतीय टीम और हिमाचल के इन तीनों सूरमाओं को बधाई दी है।

यह भी पढ़ें- हिमाचल प्रदेश के तीन बांधों में धंसाव और दरारें मिलीं, सुरक्षा में बड़ी चूक; मानसून में सबसे ज्यादा खतरा