कारगिल हीरो संजय कुमार रिटायरमेंट के बाद अलग मिशन पर, युवाओं को कर रहे देश सेवा के लिए प्रेरित
कारगिल युद्ध के परमवीर चक्र विजेता कैप्टन संजय कुमार सेनानिवृत्ति के बाद युवाओं को देश सेवा के लिए प्रेरित कर रहे हैं। हिमाचल सरकार ने उन्हें ब्रांड ए ...और पढ़ें

परमवीर चक्र विजेता संजय कुमार युवाओं को देश सेवा के लिए प्रेरित कर रहे हैं।
HighLights
परमवीर चक्र विजेता कैप्टन संजय कुमार सेना से सेवानिवृत्त।
अब युवाओं को सेना में शामिल होने को प्रेरित कर रहे।
हिमाचल सरकार ने उन्हें दो साल का ब्रांड एंबेसडर बनाया।
मुनीष गारिया, बिलासपुर। कारगिल युद्ध में वीरता और साहस का परिचय देने वाले आनररी कैप्टन संजय कुमार परमवीर चक्र से सम्मानित किए गए थे। 29 साल और आठ माह तक सेना में रहते हुए पूरी निष्ठा के साथ देश की रक्षा करने के बाद वह सेनानिवृत्त हो गए हैं, लेकिन देशरक्षा एवं देशभक्ति का भाव उनके मन में और अधिक बढ़ गया है। अब उन्होंने तय कर लिया है कि देवभूमि हिमाचल प्रदेश के बहुत अधिक संख्या में युवाओं को प्रेरित करके सैनिक बनाने को प्रोत्साहित करेंगे।
उनके इस प्रण को प्रदेश सरकार ने भी बल दिया है। अब वह शिक्षण संस्थानों में जाकर युवाओं को देशसेवा और नशे से दूर रहने को प्रोत्साहित कर रहे हैं।
हिमाचल सरकार ने किया अनुबंध
फरवरी 2026 में सेवानिवृत्ति से पहले ही उन्होंने तय कर लिया था कि वह घर में नहीं बैठेंगे, बल्कि युवाओं के बीच रहेंगे। वहीं प्रदेश सरकार ने भी उनके साथ दो साल का अनुबंध करके ब्रांड एंबेस्डर घोषित कर दिया। उनके कहने पर शिक्षा विभाग ने बिलासपुर से उसके संवाद कार्यक्रम की शुरुआत की। कैप्टन संजय अभी तक सरकारी स्तर पर सात जागरूकता कार्यक्रमों में युवाओं के साथ संवाद कर चुके हैं। इसके अलावा वह एक निजी कार्यक्रम में भी शामिल हुए थे।
हमीरपुर में चलाएंगे अभियान
कैप्टन संजय कुमार ने कहा कि अभी बिलासपुर में स्वारघाट व श्री नयना देवी क्षेत्र को छोड़कर पूरे जिले में प्रमुख शिक्षण संस्थानों में संवाद कर चुके हैं। अगले माह से वह हमीरपुर जिला में जाएंगे। ऐसे ही दो सालों में हिमाचल प्रदेश में अधिकतर शिक्षण संस्थानों में जाकर युवाओं से संवाद कर उन्हें भारतीय सेना में शामिल होकर देश सेवा के लिए प्रेरित करेंगे।
बकौल संजय अगर मेरी प्रेरणा से कुछ युवा भी प्रेरित हो जाएं तो मान लूंगा कि सेना ने जो उन्हें सबसे बड़ा सम्मान दिया है, उसी कारण सेवानिवृत्ति के बाद भी देशरक्षा में अपना सहयोग दिया है। 26 जुलाई कारगिल विजय दिवस पर वह बिलासपुर शहीद स्मारक में होने वाले कार्यक्रम में शामिल होंगे।