हिमाचल के श्रीनैना देवी में बिगड़ा ट्रैफिक मैनेजमेंट, दो लाख से अधिक श्रद्धालु पहुंचे; आपात मार्ग पर भी जुट गई भीड़
श्री नैना देवी में श्रावण अष्टमी मेले के दौरान वीकेंड पर दो लाख से अधिक श्रद्धालु पहुंचे, जिससे ट्रैफिक व्यवस्था चरमरा गई है। वीआईपी-मातृसदन मार्ग पर भीड़ के कारण आपातकालीन सेवाओं के लिए मुश्किलें बढ़ गई हैं।
HighLights
श्रावण अष्टमी मेले में श्री नैना देवी में श्रद्धालुओं का भारी सैलाब।
वीकेंड पर दो लाख से अधिक श्रद्धालु पहुंचे, ट्रैफिक व्यवस्था चरमराई।
आपातकालीन वीआईपी-मातृसदन मार्ग पर भीड़, मरीजों को निकालने में मुश्किल।
संवाद सहयोगी, बिलासपुर। हिमाचल प्रदेश के बिलासपुर स्थित शक्तिपीठ श्री नैना देवी में श्रावण अष्टमी मेले के दौरान वीकेंड पर श्रद्धालुओं का सैलाब उमड़ पड़ा है। भारी संख्या में श्रद्धालुओं के पहुंचने से मंदिर क्षेत्र में ट्रैफिक व्यवस्था चरमरा गई है। हालात यह हैं कि वीआईपी-मातृसदन मार्ग पर पहली बार श्रद्धालुओं का जमावड़ा देखने को मिल रहा है। ऐसे में किसी भी आपात स्थिति में इस मार्ग से मरीजों या आपातकालीन सेवाओं को निकालने में मुश्किल पैदा हो सकती है।
इमरजेंसी के लिए खुला रहता है यह मार्ग
खास बात यह है कि जिला मजिस्ट्रेट के आदेश के मुताबिक यह रास्ता आपात स्थिति के लिए खुला रखा जाना चाहिए। श्रावण अष्टमी मेले के चलते श्री नैना देवी में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ पहुंच रही है।
वीकेंड पर इजाफा
वीकेंड होने के कारण शनिवार और रविवार को श्रद्धालुओं की संख्या में और इजाफा हुआ। पिछले दो दिनों में ही दो लाख से अधिक श्रद्धालु माता श्री नैना देवी के दरबार में शीश नवाने पहुंच चुके हैं।
ट्रैफिक व्यवस्था चरमराई
भारी भीड़ का असर अब मंदिर क्षेत्र की ट्रैफिक व्यवस्था पर भी साफ दिखाई दे रहा है। माता की पहाड़ी पर वाहनों की लंबी कतारें लगी हुई हैं और कई स्थानों पर यातायात व्यवस्था प्रभावित होती नजर आ रही है। सबसे बड़ी चिंता वीआईपी-मातृसदन मार्ग को लेकर सामने आ रही है। इस मार्ग पर श्रद्धालुओं का जमावड़ा लगा हुआ है। यह रास्ता आपात स्थिति में मरीजों और अन्य आवश्यक सेवाओं के लिए महत्वपूर्ण माना जाता है।
श्रद्धालुओं ने व्यवस्था पर उठाए सवाल
स्थानीय लोगों और श्रद्धालुओं का कहना है कि मेले के दौरान भारी भीड़ को देखते हुए ट्रैफिक व्यवस्था को और सख्त करने की जरूरत है, ताकि आपातकालीन रास्तों पर किसी तरह की रुकावट न आए।
पुलिस के लिए कड़ी चुनौती
श्री नैना देवी में श्रद्धालुओं की संख्या लगातार बढ़ रही है। ऐसे में पुलिस और प्रशासन के सामने ट्रैफिक व्यवस्था को सुचारू बनाए रखने के साथ-साथ आपातकालीन मार्गों को खाली रखना भी बड़ी चुनौती बन गया है।
यह भी पढ़ें: Himachal Weather 16th August: हिमाचल के 10 जिलों में खूब बरसेंगे मेघ, बाढ़ और भूस्खलन की चेतावनी
