Trending

    विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

    पंजाब सीमा पर हिमाचल की गाड़ियों से अवैध वसूली, निहंग सिखों ने लगाया 'खालसा टैक्स नाका'; सुक्खू सरकार की कड़ी प्रतिक्रिया

    By Digital Desk Edited By: Rajesh Sharma
    Updated: Wed, 03 Jun 2026 06:43 PM (IST)

    हिमाचल सरकार द्वारा लगाए गए प्रवेश कर के विरोध में निहंग सिखों ने पंजाब सीमा पर 'खालसा एंट्री टैक्स नाका' स्थापित कर दिया है। वे हिमाचल प्रदेश के वाहन ...और पढ़ें

    मनाली हाईवे पर गरामोड़ा के पास हिमाचल की गाड़ियों से टैक्स वसूलते निहंग सिख।

    मनाली हाईवे पर गरामोड़ा के पास हिमाचल की गाड़ियों से टैक्स वसूलते निहंग सिख।

    HighLights

    1. निहंग सिखों ने हिमाचल वाहनों पर लगाया 'खालसा टैक्स नाका'।

    2. हिमाचल सरकार के प्रवेश कर के विरोध में कार्रवाई।

    3. पंजाब सीमा पर वाहनों से 100-500 रुपये की वसूली।

    जागरण संवाददाता, बिलासपुर। हिमाचल सरकार की ओर से सीमाओं पर लगाए गए प्रवेश कर (टोल नाकों) के विरोध में चल रहा गतिरोध अब उग्र रूप धारण करने लगा है। लंबे समय से चल रहे संघर्ष का कोई ठोस नतीजा न निकलता देख, शिरोमणि जरनैल साहिबजादा बाबा जुझार सिंह निहंग सिंह खालसा दल ने कानून को अपने हाथ में लेते हुए एक बड़ा कदम उठाया है। दल की ओर से बुधवार को गरामोड़ा में अपने पूर्व निर्धारित कार्यक्रम के तहत समानांतर 'खालसा एंट्री टैक्स नाका' स्थापित कर दिया गया।

    हद तो तब हो गई जब इस अवैध नाके पर बाकायदा हिमाचल प्रदेश नंबर वाली गाड़ियों को रोककर उनसे टोल टैक्स की वसूली भी शुरू कर दी गई।

    टैक्स वसूली का क्या है प्रविधान

    वाहन चालकों से 100 से 500 रुपये तक वसूलने की बात कही गई थी, लेकिन मौके पर वाहन चालकों की इच्छा अनुसार पैसे लिए जा रहे हैं। इस बीच कई लोगों ने इस टैक्स का विरोध किया तो उससे किसी तरह की बहस नहीं की गई, उसे जाने दिया गया। 

    Himachal Punjab Tax Issue

    की थी टैक्स वसूली की घोषणा 

    निहंग सिंह संगठनों ने पहले ही बुधवार से पंजाब में हिमाचल से आने वाले वाहनों से खालसा टैक्स वसूलने की घोषणा की थी। निहंग सिंह संगठन तरना दल के प्रतिनिधि बाबा अच्छर सिंह ने तीन जून को सुबह गरामोड़ा टोल प्लाजा के निकट हिमाचल प्रदेश से पंजाब में प्रवेश करने वाले वाहनों से खालसा टैक्स वसूलना शुरू कर दिया।

    सामाजिक कार्यों में खर्च करेंगे राशि

    उन्होंने कहा कि इस टैक्स से एकत्र होने वाली राशि का उपयोग सरबत के भले और अन्य सामाजिक कार्यों के लिए किया जाएगा। उन्होंने कहा कि यह कदम हिमाचल सरकार को नींद से जगाने के लिए उठाया जा रहा है। जब तक हिमाचल सरकार प्रवेश शुल्क को पूरी तरह वापस नहीं लेती, तब तक आंदोलन जारी रहेगा।

    खबरें और भी

    पंजाब सरकार को भी चेतावनी, सीमा पर दहशत

    जत्थेबंदियों ने चेतावनी दी है कि यदि पंजाब सरकार ने इस मुद्दे पर जल्द ठोस कदम नहीं उठाया तो आंदोलन को और व्यापक रूप दिया जाएगा। उधर, सीमा क्षेत्र में नाकाबंदी और टैक्स वसूली के कारण लोगों में दहशत का माहौल है।

    "हमने हिमाचल सरकार को पंजाब की गाड़ियों पर लगाए गए नाजायज टैक्स को हटाने के लिए लंबा समय दिया था। हमारी मांगों पर कोई सुनवाई नहीं हुई और न ही इस संघर्ष का कोई नतीजा निकला। मजबूरन आज हमने अपने पूर्व घोषित कार्यक्रम के तहत यहां खालसा एंट्री टैक्स नाका लगाया है। जब तक हिमाचल सरकार पंजाब के वाहनों से वसूली बंद नहीं करती, तब तक हिमाचल के वाहनों से भी यहां इसी तरह टैक्स वसूला जाएगा।
    -बाबा अछर सिंह, प्रमुख, शिरोमणि जरनैल साहिबजादा बाबा जुझार सिंह निहंग सिंह खालसा दल।

    हिमाचल के लोगों की सुरक्षा सरकार की प्राथमिकता, पंजाब सरकार से करेंगे बात : नेगी

    राजस्व मंत्री जगत सिंह नेगी ने कहा कि हिमाचल के लोगों की सुरक्षा सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है। पंजाब-हिमाचल सीमा पर कथित तौर पर वसूली का मामला पंजाब सरकार से उठाया जाएगा। सचिवालय में पत्रकारों से अनौपचारिक बातचीत में नेगी ने पंजाब-हिमाचल सीमा पर कथित तौर पर वसूले जा रहे “खालसा टैक्स नाका” पर भाजपा को घेरा। उन्होंने आरोप लगाया कि यह पूरा मामला भाजपा का किया धरा है और भाजपा के लोग कांग्रेस सरकार के खिलाफ माहौल बनाने का काम कर रहे हैं। 

    यह भी पढ़ें: शिमला शहर में क्यों हैं सील्ड व रिस्ट्रिक्टेड रोड, आजादी से पहले की व्यवस्था पर अब क्यों हुआ बवाल?