Trending

    विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

    शिमला-मटौर हाईवे पर भारी लैंडस्लाइड, वाहनों की आवाजाही बंद; बिलासपुर पुलिस ने वैकल्पिक रूट किए जारी

    By Digital Desk Edited By: Rajesh Sharma
    Updated: Wed, 01 Jul 2026 02:22 PM (IST)

    शिमला-मटौर हाईवे पर सोलन के क्यारड़ में भारी भूस्खलन के कारण नम्होल मार्ग बंद कर दिया गया है। बिलासपुर पुलिस ने यात्रियों के लिए वैकल्पिक मार्ग जारी क ...और पढ़ें

    शिमला मटौर हाईवे पर हुआ भारी भूस्खलन। जागरण

    शिमला मटौर हाईवे पर हुआ भारी भूस्खलन। जागरण

    HighLights

    1. शिमला-मटौर हाईवे पर सोलन के क्यारड़ में भारी भूस्खलन।

    2. नम्होल मार्ग सभी प्रकार के वाहनों के लिए अगले आदेश तक बंद।

    3. बिलासपुर पुलिस ने यात्रियों के लिए वैकल्पिक मार्ग किए निर्धारित।

    जागरण टीम, बिलासपुर। शिमला-मटौर हाईवे पर जिला सोलन के क्यारड़ क्षेत्र में भारी भूस्खलन हुआ है। नम्होल मार्ग पर सभी प्रकार के वाहनों की आवाजाही अगले आदेश तक बंद कर दी गई है। पुलिस अधीक्षक कार्यालय बिलासपुर की ओर से जारी जन-सूचना में लोगों से वैकल्पिक मार्गों का उपयोग करने और यात्रा के दौरान सतर्कता बरतने की अपील की गई है।

    पुलिस के अनुसार भूस्खलन के कारण सड़क पर यातायात सुरक्षित नहीं रह गया है। ऐसे में किसी भी अप्रिय घटना से बचने और यातायात व्यवस्था को सुचारू बनाए रखने के उद्देश्य से यह निर्णय लिया गया है। मार्ग को बहाल करने के लिए संबंधित विभाग स्थिति पर नजर बनाए हुए हैं।

    वैकल्पिक मार्ग किए तय

    पुलिस प्रशासन ने शिमला, बिलासपुर, हमीरपुर और मंडी की ओर जाने वाले वाहनों के लिए वैकल्पिक मार्ग भी निर्धारित किए हैं। बिलासपुर और हमीरपुर से शिमला जाने वाले वाहन ब्रह्मपुखर, जुग्याला, जब्बल पुल, रानीकोटला, खारसी और दाड़लामोड़ होकर शिमला पहुंचेंगे। 

    शिमला से मंडी के लिए इस रोड से करें सफर

    वहीं शिमला से मंडी जाने वाले वाहनों को दाड़लामोड़, नवगांव, खारसी, रानीकोटला और बैरी होकर मंडी जाने की सलाह दी गई है। इसी प्रकार शिमला से बिलासपुर और हमीरपुर आने वाले वाहन दाड़लामोड़, खारसी, रानीकोटला, जब्बल पुल और घाघस-ब्रह्मपुखर मार्ग का उपयोग करेंगे। 

    पुलिस प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि यात्रा पर निकलने से पहले सड़क की ताजा स्थिति की जानकारी अवश्य लें तथा प्रशासन द्वारा जारी निर्देशों का पालन करें। मार्ग सुरक्षित होने के बाद ही नम्होल मार्ग पर यातायात दोबारा शुरू किया जाएगा।

    फोरलेन कार्य भी चल रहा

    प्रभावित स्थल पर एनएचएआई द्वारा फोरलेन सड़क निर्माण कार्य भी चल रहा है। भूस्खलन के बाद मशीनरी को मौके पर तैनात कर मलबा हटाने का कार्य शुरू कर दिया गया है। भूस्खलन क्यारड़ स्थित पेट्रोल पंप से कुछ दूरी आगे हुई है।

    खबरें और भी

    क्या कहते हैं अधिकारी

    उधर, नायब तहसीलदार दाड़लाघाट प्रेम लाल शर्मा ने बताया कि पटवारी से प्राप्त रिपोर्ट के अनुसार भूस्खलन के कारण मार्ग बंद हुआ है। प्रशासन स्थिति पर लगातार नजर बनाए हुए है तथा सड़क बहाल होने के बाद अगली सूचना जारी की जाएगी।

    मौका पटवारी मोहन लाल ने बताया कि भूस्खलन संबंधी रिपोर्ट तैयार कर एसडीएम अर्की को भेज दी गई है। उन्होंने कहा कि फिलहाल इस मामले में एनएचएआई के अधिकारियों से कोई औपचारिक बातचीत नहीं हुई है। 

    यह भी पढ़ें: हिमाचल में मानसून की पहली बारिश लाई आफत: मंडी में चट्टान गिरने से महिला की मौत, ऊना में जलभराव; टांडा में खतरे में भवन

    यह भी पढ़ें: मनाली-लेह हाईवे पर आ गई बाढ़, सैकड़ों पर्यटक फंसे, लाहुल-स्पीति प्रशासन ने टूरिस्ट के लिए जारी की एडवायजरी