यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Sep 01, 2023 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।
Himachal News: बिलासपुर के दो भाइयों का सपना हुआ पूरा, जुनून ने बनाया दोनों को जज; पढ़ें दिलचस्प कहानी
हिमाचल के बिलासपुर जिले की नयनादेवी विधानसभा क्षेत्र के दो भाईयों को अलग-अलग राज्यो में बतौर जज चयन हुआ है। दोनों भाई एक साधारण परिवार से ताल्लुक रखते ...और पढ़ें

बिलासपुर, जागरण संवाददाता। हौंसले बुलंद हों तो कोई भी मुकाम नामुमकिन नहीं लगता। ऐसा ही कुछ करिश्मा जिला बिलासपुर की नयनादेवी विधानसभा क्षेत्र के दो भाईयों ने कर दिखाया है। यहां एक साधारण परिवार से ताल्लुक रखने वाले दोनों भाई देश के अलग-अलग राज्यों में बतौर जज चयनित हो गए हैं। जिला में स्वारघाट बिलासपुर नेशनल हाइवे पर स्थित कल्लर पंचायत में उनके पिता नंद लाल ठाकुर की एक छोटी सी किराना की दूकान है और उन्होंने कड़ी मेहनत कर आज अपने बच्चों को एक मुकाम पर पहुंचाया है।
दोनो बेटों ने की कड़ी मेहनत
नंद लाल ठाकुर ने बताया कि उनके दोनों बेटे शुरू से ही होनहार थे। दोनों बेटों ने लॉ की पढ़ाई में जाने की मन बनाया और पढाई के दौरान ही एक्स्ट्रा स्टडी कर परीक्षाओं की तैयारी में जुट गए थे। पिता ने बताया कि 12वीं की पढ़ाई के बाद उनका नंबर मैरिट में आ गया था, जिससे उनकी फीस का उन्हें अधिक बोझ नहीं उठाना पड़ा। साल भर की फीस केवल 20 हजार से कम ही होती थी। दोनों बेटों ने कड़ी मेहनत की है और आज वह इस मुकाम पर पहुंचे हैं। कल्लर गांव के नंद लाल ठाकुर के बड़े बेटे विशाल ठाकुर का चयन उत्तर प्रदेश न्यायिक सेवा 2022 में सिविल जज एवं ज्यूडिशियल मजिस्ट्रेट के पद पर हुआ है।
पिता चलाते हैं किराने की दुकान
नंदलाल ठाकुर ने बताया कि वह अपनी पढ़ाई से पहले ही दुकानदारी करना शुरू कर चुके थे। उनके पिता भी इसी दुकान को चलाते थे। हमने समय के साथ दुकान को भी बड़ा किया और परिवार का गुजारा करते रहे, जबकि माता बिंद्रा ठाकुर गृहिणी हैं। नंद लाल ने बताया कि विशाल के छोटे भाई विकास ठाकुर का चयन छह महीने पहले ही जज के रूप में हो चुका है। विकास ठाकुर मध्य प्रदेश में अपनी सेवाएं दे रहे हैं।
विशाल ठाकुर ने अपनी एलएलबी एवं एलएलएम की पढ़ाई पंजाब यूनिवर्सिटी चंडीगढ़ से की है। इनकी प्रारंभिक शिक्षा लिटिल एंजल्स पब्लिक स्कूल कल्लर तथा उसके पश्चात क्रिसेंट पब्लिक बिलासपुर और 9 वीं से 12 वीं तक की पढ़ाई मिनर्वा सीनियर सेकेंडरी स्कूल घुमारवीं से पूरी हुई है। इसी वर्ष इनके छोटे भाई विकास ठाकुर भी मध्य प्रदेश न्यायिक सेवा में बतौर सिविल जज एवं ज्यूडिशियल मजिस्ट्रेट नियुक्त हुए हैं।
खबरें और भी
पूरी मेहनत से किसी भी मंजिल को पाया जा सकता है
इससे पहले विशाल हरियाणा न्यायिक सेवा 2021 में सिविल जज के लिए इंटरव्यू दे चुके हैं। विशाल ने अपनी सफलता का श्रेय अपने परिवारजनों को दिया है। विशाल ने कहा कि यह उनके माता पिता के संघर्ष का ही परिणाम है कि आज उनके दोनों बेटे जज बन गए हैं। विशाल ने एलएलएम प्रवेश परीक्षा एआइएलइटी 2021 में नेशनल लॉ यूनिवर्सिटी दिल्ली में भी देश भर में दूसरा स्थान हासिल किया था। विशाल का कहना है कि यदि ठान ल जाए और यदि अपनी पूरी मेहनत की जाए तो कोई भी मंजिल हासिल की जा सकती है।