विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

रक्षाबंधन पर सेहत से खिलवाड़: पंजाब से हिमाचल लाई जा रही थी मिलावटी व रंगदार मिठाई, चंबा में 450 KG खेप नष्ट

By Digital Desk Edited By: Rajesh Sharma
Published: Thu, 27 Aug 2026 01:54 PM (IST)Updated: Thu, 27 Aug 2026 02:39 PM (IST)

रक्षाबंधन से एक दिन पहले चंबा में स्वास्थ्य विभाग ने पंजाब से लाई जा रही 450 किलोग्राम मिलावटी मिठाई पकड़ी। ...और पढ़ें

चंबा में मिलावटी मिठाई नष्ट की गई। जागरण

चंबा में मिलावटी मिठाई नष्ट की गई। जागरण

HighLights

  1. रक्षाबंधन से पहले चंबा में 450 किलो मिलावटी मिठाई पकड़ी गई।

  2. पंजाब से लाई जा रही थी अत्यधिक रंगदार और गुणवत्ताहीन मिठाई।

  3. स्वास्थ्य विभाग ने जन स्वास्थ्य हित में पूरी खेप नष्ट की।

संवाद सहयोगी, चंबा। रक्षाबंधन पर्व से एक दिन पहले हिमाचल प्रदेश के जिला चंबा में मिलावटी मिठाई की खेप पकड़ी गई है। वीरवार तड़के करीब 6:00 बजे स्वास्थ्य विभाग की टीम ने चंबा-पठानकोट राष्ट्रीय राजमार्ग पर चनेड के समीप नाकाबंदी की हुई थी। इस दौरान पंजाब के पठानकोट से वाहन में लाई जा रही करीब 4.50 क्विंटल (450 किलोग्राम) अत्यधिक रंगदार और गुणवत्ताहीन मिठाई की बड़ी खेप को पकड़ा। आम जनमानस के स्वास्थ्य को ध्यान में रखते हुए टीम ने इस पूरी मिलावटी खेप को मौके पर ही नष्ट करवा दिया। 

विभागीय अधिकारियों के अनुसार, अन्य राज्यों से चंबा जिले के बाजारों में घटिया और रंगदार मिठाइयों की आपूर्ति किए जाने की सूचना मिली थी, इस पर त्वरित कार्रवाई करते हुए सहायक आयुक्त खाद्य सुरक्षा दीपक आनंद की अगुवाई में स्वास्थ्य विभाग की टीम ने वीरवार सुबह चनेड के पास नाका लगाया। सुबह करीब छह बजे पठानकोट की ओर से आ रहे एक आपूर्ति वाहन को नाके पर जांच के लिए रोका गया।

मिठाई में किया था अमानक सिंथेटिक रंगों का प्रयोग

तलाशी लेने पर वाहन के भीतर भारी मात्रा में विभिन्न प्रकार की मिठाइयां पाई गईं। निरीक्षण के दौरान मिठाइयों में अत्यधिक और अमानक सिंथेटिक रंगों का प्रयोग पाया गया था, साथ ही उनकी गुणवत्ता और स्वच्छता तय मानकों के बिल्कुल विपरीत थी। 

नष्ट करवा दी सारी खेप

स्वास्थ्य विभाग की टीम ने गुणवत्ताहीन पाई गई करीब 4.50 क्विंटल मिठाई को तुरंत अपने कब्जे में ले लिया। इसके बाद खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम के तहत निर्धारित प्रक्रिया अपनाते हुए पूरी खेप को चनेड के पास ही सुरक्षित तरीके से नष्ट करवा दिया गया, ताकि यह बाजार में बिक्री के लिए न पहुंच सके। विभाग की इस त्वरित कार्रवाई से बाहरी क्षेत्रों से घटिया मिठाइयों की आपूर्ति करने वाले सप्लायरों में हड़कंप मच गया है।

क्या कहते हैं अधिकारी

लोगों की सेहत के साथ किसी भी प्रकार का खिलवाड़ बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। अन्य राज्यों से जिले में आने वाले खाद्य पदार्थों और स्थानीय बाजारों पर विभाग की कड़ी निगरानी जारी है। नियमों का उल्लंघन करने और मिलावटी खाद्य सामग्री बेचने वालों के खिलाफ आगे भी सख्त कानूनी कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।
-दीपक आनंद, सहायक आयुक्त, खाद्य सुरक्षा विभाग, चंबा।

यह भी पढ़ें: हिमाचल में रक्षाबंधन पर बहनों के साथ भाइयों को भी छुट्टी, CM सुक्खू का एलान; HRTC बसों में होगी फ्री यात्रा