हिमाचल के भरमौर में बर्फीले तूफान के बाद एवलांच ने मचाई तबाही, गाड़ियां व दुकानें दबी; पांगी में बहने लगी बर्फ की नदी
Himachal Pradesh Avalanche, हिमाचल प्रदेश के भरमौर में बर्फीले तूफान के बाद ओट नाला में हिमस्खलन हुआ। मंगलवार देर रात हुए इस हादसे में दो मालवाहक गाड़ ...और पढ़ें
HighLights
भरमौर के ओट नाला में देर रात हिमस्खलन से तबाही।
दो मालवाहक गाड़ियां, तीन व्यावसायिक दुकानें मलबे में दबीं।
गनीमत रही, रात में हुए हादसे में कोई जनहानि नहीं।
जागरण संवाददाता, चंबा। Himachal Pradesh Avalanche, हिमाचल प्रदेश के जनजातीय क्षेत्र भरमौर में बर्फीले तूफान के बाद हिमस्खलन हुआ है। पंचायत पूलन के ओट नाला में मंगलवार देर रात कुदरत ने रौद्र रूप दिखाया। रात करीब 1 बजे अचानक टूटे एक विशालकाय ग्लेशियर से नाले के रास्ते मलबा और बर्फ के सैलाब ने पलभर में भारी तबाही मचा दी। आधी रात लोगों में दहशत फैल गई। वहीं, पांगी में बर्फ की नदी बहने लगी। पांगी में भी नाले में हिमखंड गिरा है।
इस आपदा में सामान से लदी दो मालवाहक गाड़ियां और तीन व्यावसायिक दुकानें पूरी तरह मलबे की चपेट में आकर तबाह हो गईं। राहत की सबसे बड़ी बात यह रही कि हादसा रात के सन्नाटे में हुआ, जब दुकानों और वाहनों में कोई मौजूद नहीं था।
स्थानीय लोगों का कहना है कि यदि यह घटना दिन के समय घटती, तो भीषण जानी नुकसान हो सकता था। अचानक आए इस मलबे के बहाव ने इलाके में दहशत फैला दी और लोग सुरक्षित स्थानों की ओर भागे।

इनके वाहन व दुकानें दबी
ग्लेशियर की चपेट में आने से बंटी पुत्र देश राज, निवासी पूलन की पिकअप (एचपी-38एफ-7066) तथा घड़लों देवी पत्नी जैहरी राम, निवासी पूलन की पिकअप (एचपी-73-8462) पूरी तरह दब गईं। बताया जा रहा है कि दोनों वाहन उस समय सामान से भरे हुए थे। इसके साथ ही नाले के किनारे बनी तीन व्यावसायिक दुकानें भी बहाव में आकर पूरी तरह नष्ट हो गईं।
क्या कहती हैं पंचायत प्रधान
चारों ओर बर्फ, पत्थर और कीचड़ का ढेर लग गया है। पूलन पंचायत की प्रधान अनीता कपूर ने बताया कि नुकसान काफी अधिक है। घटना की सूचना पुलिस थाना भरमौर और स्थानीय प्रशासन को तुरंत दे दी गई है। उन्होंने प्रभावित परिवारों और व्यापारियों को तत्काल राहत और उचित मुआवजा देने की मांग की है, ताकि नुकसान की भरपाई हो सके।
खबरें और भी

पांगी के सुखाई नाला में भी गिरा हिमखंड
उधर, उपमंडल पांगी की मिंधल पंचायत के सुखाई नाला में भी हिमखंड गिरने की सूचना है, हालांकि वहां किसी तरह के जानमाल के नुकसान की खबर नहीं है। प्रशासन ने संवेदनशील नालों और मार्गों पर सतर्कता बढ़ाने के निर्देश दिए हैं। पहाड़ों में मौसम के मिजाज को देखते हुए स्थानीय लोग भी अब और अधिक सावधानी बरतने की अपील कर रहे हैं।