Trending

    विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

    मनाली में होटल से बाहर निकलते ही बर्फ के दीदार, एक फीट ताजा हिमपात से सड़कें फिर बंद; यहां हिमस्खलन की चेतावनी

    By Digital Desk Edited By: Rajesh Sharma
    Updated: Wed, 28 Jan 2026 02:49 PM (GMT+05:30)

    Snowfall Manali, मनाली और लाहुल घाटी में ताजा बर्फबारी से सड़कें फिर अवरुद्ध हो गई हैं। मनाली में एक फीट तक हिमपात हुआ है, जबकि ऊंचाई वाले क्षेत्रों म ...और पढ़ें

    HighLights

    1. मनाली में एक फीट ताजा हिमपात, सड़कें फिर अवरुद्ध।

    2. लाहुल घाटी सहित ऊंचाई वाले क्षेत्रों में हिमस्खलन का खतरा बढ़ा।

    3. प्रशासन ने लोगों को सतर्क रहने, घरों में रहने की सलाह दी।

    जागरण टीम, मनाली। हिमाचल प्रदेश के पर्यटन स्थल ताजा बर्फबारी के बाद खिली धूप में निखर उठे हैं। पर्यटन नगरी मनाली में एक फीट ताजा हिमपात हुआ है। मनाली सहित लाहुल घाटी बर्फ से ढक गई है। मनाली की सड़कें एक बार फिर अवरुद्ध हो गई हैं। रातभर हिमपात होने के बाद सुबह धूप निकल आई है।

    धूप खिलते ही नगर परिषद मनाली शहर की सड़कों को बहाल करने में जुट गई है। पीडब्ल्यूडी व नेशनल हाईवे सहित बीआरओ ने भी अपनी सड़कें बहाल करनी शुरू कर दी है।

    पर्यटन नगरी मनाली में एक फीट, नेहरु कुंड में डेढ़ फीट, पलचान में दो फीट, सोलंगनाला में ढाई फीट जबकि अटल टनल में तीन फीट हिमपात हुआ है। लाहुल घाटी के ऊंचाई वाले क्षेत्रों में तीन फिट जबकि घाटी में दो से ढाई फीट हिमपात हुआ है।

    Snowfall 11

    भारी हिमपात से बढ़ी हिमस्खलन की आशंका

    मनाली की उझी घाटी सहित लाहुल की समस्त घाटी में भारी हिमपात होने से हिमस्खलन की आशंका बढ़ गई है। एक सप्ताह के भीतर अब तक चार फीट से अधिक हिमपात हो चुका है। ऊंचाई वाले क्षेत्रों में तो बर्फ के पहाड़ खड़े हो गए हैं। ऐसे में हिमस्खलन की आशंका भी बढ़ी है।

    प्रशासन ने जारी की एडवायजरी

    लाहुल स्पीति प्रशासन सहित मनाली प्रशासन ने लोगों को सतर्क रहने व ऊंचाई वाले क्षेत्रों में न जाने की सलाह दी है। प्रशासन ने घाटी में हालात सामान्य होने तक लोगों से घरों में ही रहने की अपील की है।

    Snowfall Manali 1

    दो दिन बाद फिर बर्फ से ढकी सड़कें

    भारी हिमपात के बाद मनाली सहित लाहुल घाटी में धूप खिल उठी है। मनाली में सड़क बहाली शुरू कर दी है। हालांकि सोमवार को ही सड़कों की बहाली की थी। दो दिन बाद फिर से सड़कें बर्फ से ढक गई हैं।

    खबरें और भी

    पर्यटकों से होटलों के प्रांगण में ही खेलने का आग्रह

    पर्यटन नगरी मनाली में हिमपात के बाद होटलों के प्रांगण भी बर्फ से ढक गए हैं। कमरों से बाहर निकलते ही पर्यटकों का स्वागत बर्फ से हो रहा है। प्रशासन ने भी सड़कें बहाल होने व ट्रैफिक सुचारु होने तक पर्यटकों को होटलों के प्रांगण में ही बर्फ का आनंद लेने की सलाह दी है। एसडीएम मनाली रमण कुमार शर्मा ने कहा कि सड़कों की बहाली शुरू कर दी है।

    बढ़ेंगे पर्यटक निखरेगा पर्यटन कारोबार

    होटलियर्स एसोसिएशन के अध्यक्ष रोशन ठाकुर ने कहा कि मनाली सहित आसपास के क्षेत्रों में भारी हिमपात हुआ है। उन्होंने कहा कि भारी हिमपात होने से आने वाले दिनों में मनाली में पर्यटकों की आमद में बढ़ोतरी होगी ओर घाटी में पर्यटन कारोबार भी गति पकड़ेगा।

    यह भी पढ़ें: हिमाचल के भरमौर में बर्फीले तूफान के बाद एवलांच ने मचाई तबाही, आधी रात मची चीखो पुकार; गाड़ियां व दुकानें दबी 

    यह भी पढ़ें: शिमला शहर में अचानक शुरू हुई बर्फबारी तो झूम उठे सैलानी, कुफरी और नारकंडा में भारी हिमपात; ऊपरी क्षेत्र का संपर्क कटा