Trending

    विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

    शिमला शहर में अचानक शुरू हुई बर्फबारी तो झूम उठे सैलानी, कुफरी और नारकंडा में भारी हिमपात; ऊपरी क्षेत्र का संपर्क कटा

    By Rohit Sharma Edited By: Rajesh Sharma
    Updated: Tue, 27 Jan 2026 05:48 PM (IST)

    शिमला में बुधवार को मौसम ने अचानक करवट बदली। सुबह धूप के बाद दोपहर में हल्की बारिश और फिर बर्फ के फाहे गिरने लगे। इससे ठंड बढ़ गई और सैलानी रिज मैदान ...और पढ़ें

    शिमला के फागू में हिमपात के दौरान पर्यटक। जागरण

    शिमला के फागू में हिमपात के दौरान पर्यटक। जागरण

    HighLights

    1. शिमला में अचानक बर्फबारी से सैलानी हुए उत्साहित।

    2. कुफरी, नारकंडा में ताज़ा हिमपात, सड़कें हुईं फिसलन भरी।

    3. शिमला-रामपुर हाईवे बंद, कल मौसम खुलने की संभावना।

    जागरण संवाददाता, शिमला। हिमाचल प्रदेश की राजधानी शिमला में बुधवार को मौसम ने एक ही दिन में कई रंग दिखाए। सुबह के समय जहां तेज धूप खिली रही, वहीं दोपहर बाद अचानक मौसम ने करवट बदली और हल्की बारिश शुरू हो गई। दोपहर बाद वर्षा के बीच बर्फ के फाहे गिरने लगे, जिससे ठंड एक बार फिर बढ़ गई। अचानक बदले इस मौसम ने स्थानीय लोगों के साथ-साथ सैलानियों को भी चौंका दिया।

    बारिश और फाहों के बीच शहर के ऐतिहासिक रिज मैदान पर सैलानी खासे उत्साहित नजर आए। बर्फ के हल्के फाहे गिरते देख पर्यटक झूमते और तस्वीरें खींचते दिखे। लंबे समय बाद शिमला पहुंचे पर्यटकों के लिए यह नज़ारा किसी तोहफे से कम नहीं था। हालांकि स्थानीय लोग मौसम के अचानक बदले मिज़ाज को लेकर सतर्क भी दिखे।

    ऊपरी शिमला में फिसलन भरी हुई सड़कें

    उधर, ऊपरी शिमला के इलाकों में एक बार फिर ठंड ने दस्तक दे दी है। कुफरी और नारकंडा में ताज़ा हिमपात दर्ज किया गया। यहां बर्फबारी के चलते तापमान में गिरावट आई है और ऊपरी क्षेत्रों की सड़कें फिसलन भरी हो गई हैं। इसके चलते ऊपरी शिमला की ओर वाहनों की आवाजाही एक बार फिर प्रभावित हुई है। 

    शिमला-रामपुर हाईवे किया गया बंद

    कुफरी से फागू के बीच भारी बर्फबारी के कारण शिमला-रामपुर नेशनल हाईवे को एहतियातन बंद कर दिया गया है। सड़क पर बर्फ जमने और फिसलन बढ़ने से यातायात बाधित हुआ है। प्रशासन की ओर से बर्फ हटाने के लिए मशीनें तैनात की गई हैं, लेकिन लगातार बदलते मौसम के कारण बहाली में समय लग सकता है। यात्रियों को वैकल्पिक मार्ग अपनाने और बिना जरूरत सफर न करने की सलाह दी गई है।

    कल मौसम खुलने की संभावना

    मौसम विज्ञान केंद्र शिमला के अनुसार शिमला में कल मौसम के साफ रहने की संभावना है। वहीं लोकनिर्माण विभाग के अधिकारियों का कहना है कि सड़कों की बहाली के लिए मशीनरी लगातार सड़कों पर काम कर रही है। जल्द से जल्द जिला में बंद पड़ी सभी सड़कों को बहाल कर दिया जाएगा। वहीं अब मौसम खुलने से किसान बागवान भी सर्दियों के दौरान रुके हुए काम को शुरू कर सकेंगे।

    खबरें और भी

    यह भी पढ़ें: हिमाचल में भारी बर्फबारी के बीच फंस गए 30 लोग, माइनस तापमान में मुश्किल में पड़ी जिंदगी; प्रशासन ने चलाया रेस्क्यू अभियान