चंबा बस हादसा: ड्राइवर ने एक्सीडेंट से पहले पकड़ ली थी तकनीकी खराबी, लास्ट फोन कॉल पर बता दी थी सच्चाई
चंबा के बैरागढ़ में हुए बस हादसे में 7 लोगों की मौत हो गई और 11 गंभीर रूप से घायल हैं। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि ड्राइवर ने दुर्घटना से पहले ...और पढ़ें

चंबा में दुर्घटनाग्रस्त हुई बस। जागरण
HighLights
चंबा बस हादसे में 7 की मौत, 11 गंभीर घायल।
ड्राइवर ने दुर्घटना से पहले बस की तकनीकी खराबी पकड़ी थी।
प्रारंभिक जांच में बस का स्टीयरिंग एंड टूटना कारण।
जागरण टीम, चंबा। हिमाचल प्रदेश में चंबा जिले के बैरागढ़ हुए बस हादसे ने सात लोगों की जान ले ली, जबकि 11 गंभीर रूप से घायल हैं। इनमें चार पुरुष व तीन महिलाएं शामिल हैं। शर्मा ट्रैवलर्स की बस सुबह करीब साढ़े छह बजे देवीकोठी-बैरागढ़-चंबा रूट पर रवाना हुई। बस अभी करीब पांच किलोमीटर ही आगे बढ़ी थी कि बैरागढ़ से आगे चलूंज मोड़ पर अनियंत्रित होकर करीब डेढ़ सौ फीट नीचे दूसरी सड़क पर जा गिरी। हादसे से पहले ड्राइवर ने बस की तकनीकी खराबी पकड़ ली थी, उसने मोबाइल से कॉल कर किसी को समस्या बताई थी।
यात्री ने बताया क्या हुआ
एक घायल यात्री के अनुसार चालक देशराज ने हादसे से कुछ समय पहले ही फोन पर किसी व्यक्ति से बस में आई तकनीकी गड़बड़ी के बारे में बात की थी। दूसरी ओर से जवाब मिला कि जैसे-तैसे बस को तीसा तक पहुंचा दो, वहां कुछ इंतजाम कर देंगे। इसके बाद बस चल पड़ी। कुछ देर तक सब कुछ सामान्य रहा। बस भी सामान्य गति से चल रही थी और यात्री सीटों पर आराम से बैठे थे, इसी बीच चलूंज मोड़ पर बस अचानक अनियंत्रित होकर पलट गई।
प्रारंभिक जांच में क्या निकला
प्रारंभिक जांच में हादसे का कारण बस का एंड (स्टीयरिंग से टायर घुमाने वाला उपकरण) टूटना बताया जा रहा है। हालांकि, जांच के बाद ही कारणों का पता चल सकेगा। पुलिस ने छानबीन आरंभ कर दी है। बस का स्टीयरिंग एंड टूटने के बाद चालक वाहन पर नियंत्रण नहीं रख सका और पलटी खाकर नीचे दूसरी सड़क पर जा गिरी।
तीन घायल टांडा रेफर
प्राथमिक उपचार के बाद घायलों को मेडिकल कालेज एवं अस्पताल चंबा रेफर किया गया। तीन गंभीर घायल मेडिकल कालेज एवं अस्पताल टांडा रेफर किए गए हैं। जिस स्थान से बस गिरी, वहां पर पैरापिट या क्रैश बैरियर नहीं हैं। वहीं मृतकों के परिजनों को तहसीलदार तीसा आशीष ठाकुर ने 25-25 हजार और घायलों पांच-पांच हजार रुपये की फौरी राहत दी है।
खबरें और भी
चार बेटियों के सिर से छिना मां का साया
हादसे में चार बेटियों संग मायके जा रही 39 वर्षीय नीलमा पत्नी मोती सिंह निवासी गांव व डाकघर देवीकोठी तहसील चुराह की भी मौत हो गई। चार वर्षीय बेटी हर्षिता, पांच वर्षीय प्रियंका, 10 वर्षीय नेहा और 11 वर्षीय कविता घायल हैं। हादसे में एक दंपती जगदेव पुत्र धर्म सिंह और पत्नी हरदेई निवासी गांव बाहला, डाकघर देवीकोठी, तहसील चुराह की भी मौत हो गई। चंबा के एसपी विजय कुमार सकलानी ने कहा कि पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और दुर्घटना के कारणों की जांच की जा रही है।