Trending

    विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

    हिमाचल के चंबा में दर्दनाक हादसा, बेकाबू होकर खाई में गिरी कार; दो युवकों की मौत

    Updated: Thu, 06 Aug 2026 07:56 AM (IST)

    चंबा के भरमौर उपमंडल में होली के लामू-हीलिंग मार्ग पर एक दर्दनाक सड़क हादसे में दो युवकों की मौके पर ही मौत हो गई। ...और पढ़ें

    HighLights

    1. चंबा के भरमौर में दर्दनाक सड़क हादसा

    2. ऑल्टो कार 100 मीटर गहरी खाई में गिरी

    3. सुरेश कुमार और संजू राम की मौके पर मौत

    जागरण संवाददाता, चंबा। उपमंडल भरमौर की तहसील होली के लामू–हीलिंग मार्ग पर स्थित हीलिंग नाले के समीप बुधवार देर रात एक दर्दनाक सड़क हादसे में दो युवकों की मौके पर ही मौत हो गई।

    हादसे की सूचना मिलते ही स्थानीय लोग राहत एवं बचाव कार्य में जुट गए, जबकि पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शवों को अपने कब्जे में ले लिया।

    प्राप्त जानकारी के अनुसार, मृतकों की पहचान सुरेश कुमार (48 वर्ष) तथा संजू राम (35 वर्ष) के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि दोनों युवक देर रात हीलिंग से अपने घर की ओर लौट रहे थे।

    इसी दौरान हीलिंग नाले के समीप उनकी ऑल्टो कार अचानक अनियंत्रित होकर लगभग 100 मीटर गहरी खाई में जा गिरी। दुर्घटना इतनी भीषण थी कि दोनों युवकों की मौके पर ही मृत्यु हो गई।

    हादसे की सूचना मिलते ही आसपास के ग्रामीण घटनास्थल पर पहुंचे और राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया। बाद में पुलिस भी मौके पर पहुंची और आवश्यक कानूनी कार्रवाई शुरू की।

    जानकारी के अनुसार, दोनों मृतक विवाहित थे। सुरेश कुमार अपने पीछे पत्नी, दो बेटियां और एक बेटा छोड़ गए हैं, जबकि संजू राम के परिवार में पत्नी, एक बेटा और एक बेटी हैं। इस दर्दनाक हादसे से पूरे क्षेत्र में शोक की लहर है।

    पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पोस्टमार्टम की प्रक्रिया पूरी होने के बाद शव परिजनों को सौंप दिए जाएंगे। पुलिस दुर्घटना के कारणों की जांच में जुटी हुई है।