Trending

    विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

    हिमाचल में भारी बारिश, चंबा में चलती गाड़ी पर दरका पहाड़; मौत के मुंह से बच निकले वाहन सवार

    By Digital Desk Edited By: Rajesh Sharma
    Updated: Sat, 18 Jul 2026 01:15 PM (IST)

    हिमाचल प्रदेश के चंबा में भारी बारिश के कारण चुवाड़ी-भराड़ी मार्ग पर भूस्खलन हुआ, जिससे सड़क का एक हिस्सा ध्वस्त हो गया। मलबे में फंसा एक वाहन सुरक्षि ...और पढ़ें

    चंबा जिला के चुवाड़ी में भूस्खलन के कारण फंसा वाहन। जागरण

    चंबा जिला के चुवाड़ी में भूस्खलन के कारण फंसा वाहन। जागरण

    HighLights

    1. भूस्खलन से चंबा में चुवाड़ी-भराड़ी मार्ग अवरुद्ध हुआ।

    2. मलबे में फंसा वाहन सुरक्षित निकाला गया, यात्री बाल-बाल बचे।

    3. लोक निर्माण विभाग मार्ग खोलने के लिए युद्ध स्तर पर जुटा।

    संवाद सहयोगी, चुवाड़ी (चंबा)। हिमाचल प्रदेश में भारी बारिश का विपरीत असर भी दिखने लगा है। चंबा में चुवाड़ी-भराड़ी मार्ग पर शनिवार सुबह भारी भूस्खलन के कारण सड़क का एक बड़ा हिस्सा पूरी तरह से ध्वस्त हो गया। इसी दौरान वहां से गुजर रहा एक वाहन भी इस भूस्खलन की चपेट में आकर मलबे के बीच फंस गया। गनीमत यह रही कि समय रहते वाहन सवार सुरक्षित बाहर निकल गए, जिससे एक बड़ा हादसा होने से टल गया। वाहन सवार मौत के मुंह से बच निकले। 

    इस हादसे की वजह से मार्ग पर वाहनों की आवाजाही पूरी तरह से ठप हो गई है, जिससे दोनों ओर वाहनों का जाम लग गया और यात्रियों को भारी दिक्कत का सामना करना पड़ा।

    Chamba Chuwari Landslide 1

    भूस्खलन से सड़क का हिस्सा खाई में समाया

    भूस्खलन शनिवार सुबह करीब 8:00 बजे हुआ। पहाड़ी से अचानक भारी मात्रा में मलबा और चट्टानें मुख्य सड़क पर आ गिरीं। भूस्खलन इतना भीषण था कि सड़क का एक बड़ा भाग टूटकर खाई में समा गया। 

    मशीनों की मदद से निकाला वाहन

    घटना की सूचना मिलते ही लोक निर्माण विभाग की टीम राहत एवं बचाव कार्य के लिए मौके पर पहुंची। विभाग द्वारा तुरंत दो जेसीबी मशीनों को काम पर लगाया गया। कड़ी मशक्कत के बाद दोपहर तक मलबे में फंसे वाहन को पूरी तरह से सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया। इसके बाद विभाग ने बंद पड़े मार्ग को खोलने के लिए युद्ध स्तर पर कार्य शुरू कर दिया है। मार्ग बंद होने के कारण लंबी दूरी के यात्रियों, खासकर जरूरी काम से निकले लोगों को घंटों तक परेशानी झेलनी पड़ी।

    Chamba Chuwari Landslide 2

    क्या कहते हैं अधिशासी अभियंता

    लोक निर्माण विभाग के अधिशासी अभियंता नरेंद्र चौधरी ने बताया कि शनिवार सुबह भूस्खलन के कारण चुवाड़ी-भराड़ी रोड का एक हिस्सा क्षतिग्रस्त हुआ है। सूचना मिलते ही विभाग की टीम और दो जेसीबी मशीनें मौके पर तैनात कर दी गईं। मलबे में फंसे वाहन को सुरक्षित निकाल लिया है। पहाड़ी से लगातार मलबा गिरने के कारण काम में थोड़ी बाधा आ रही है, लेकिन मार्ग को जल्द से जल्द बहाल करने के लिए विभाग युद्ध स्तर पर जुटा हुआ है। जल्द ही यातायात को सुचारू कर दिया जाएगा।

    यह भी पढ़ें: हिमाचल में मानसून ने दिखाए तेवर, 3 जिलों में आज भारी बारिश की चेतावनी; मौसम विभाग ने जारी किया अलर्ट 


    खबरें और भी