Trending

    विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

    Chamba Cloudburst: भलेई क्षेत्र में बादल फटने से तबाही, चार पुल व वाहन बहे, खौफनाक वीडियो आया सामने

    Updated: Tue, 26 Aug 2025 04:27 PM (IST)

    Cloudburst in Chamba चंबा जिले के भलेई में भारी बारिश और बादल फटने से ब्रंगाल और सिमनी पंचायत में नुकसान हुआ है। घरों में पानी घुस गया सड़क और पुल टूट ...और पढ़ें

    जिला चंबा के भलेई क्षेत्र में बादल फटने से मची तबाही। जागरण
    जिला चंबा के भलेई क्षेत्र में बादल फटने से मची तबाही। जागरण

    HighLights

    1. डलहौजी से भलेई तक बरपा बरसात का कहर
    2. सिमनी पंचायत के पट्टा में भारी नुकसान, बोंखरी मोड़ में खली करवाए गए घर
    3. ब्रंगाल में लोगों के घरों के अंदर घुसा तीन फुट तक पानी व मलबा

    संवाद सहयोगी, डलहौजी (चंबा)। Cloudburst in Chamba, जिला चंबा की भलेई उपतहसील के तहत ब्रंगाल और सिमनी पंचायत में बादल फटने से भारी नुकसान हुआ है। मंगलवार दोपहर करीब 12 बजे बादल फटने से बाढ़ जैसे हालात उत्पन्न हो गए। बादल फटने से यहां कुछ घरों को नुक्सान पहुंचा है। पानी व मलबे की चपेट में आने से यहां एक वर्षाशालिका को क्षति पहुंची है। ब्रंगाल पंचायत में जीप योग्य सड़क को नुकसान पहुंचा है व चार छोटे पुल टूट गए हैं। 

    ब्रंगाल में भी काफी नुक्सान हुआ। यहां लोगों के घरों के अन्दर करीब तीन फुट तक पानी व कीचड़ भर गया। जिससे कि लोगों के घरों के अन्दर रखे सामान का काफी नुकसान हुआ है। गांववासियों ने गौशालाओं में बंधे अपने मवेशियों को भी काफी मुश्किल से बचाया। मगर बरसात के कहर से लोग सहमे हुए हैं।

    साहला गांव में छह घर खतरे में, दो वाहन बहे

    साहला गांव में 6 से 7 घर भूस्खलन की चपेट में आकर खतरे में हैं। यहां एक गौशाला के ढहने से एक गाय की मौत हो गई। इन घरों से लोग पलायन कर सुरक्षित स्थानों पर चले गए हैं। नालों में आए उफान में एक मोटरसाइकल व एक कार भी बह गई। कार को काफी मुश्किल से बचाया जा सका। वहीं पंचायत में सड़क किनारे खड़ी एक जेसीबी मशीन पर भी पहाड़ी से मलबा आ गिरा।

    पंचायत ने लिया नुकसान का जायजा

    पंचायत प्रधान मीना ठाकुर ने भलेई मंदिर प्रबंधक समिति के अध्यक्ष कमल ठाकुर के साथ मौका पर जाकर स्थिति का जायजा लिया। इन जन प्रतिनिधियों ने प्रशासन से प्रभावितों की हर संभव मदद की मांग की है।

    खबरें और भी

    जिला चंबा के भलेई में बादल फटने से सिमनी पंचायत में आया मलबा। जागरण 

    चंबा-पठानकोट एनएच पर भूस्खलन

    डलहौजी व सलूणी उपमंडल के तहत विभिन्न क्षेत्रों में काफी नुक्सान हुआ है। चंबा-पठानकोट राष्ट्रीय राजमार्ग कटोरी बंगला, केरू पहाड़, तुनुहट्टी, पंजपुला, लाहड, बनीखेत, नालडा पुल, पटना मोड़, गोली सहित विभिन्न स्थानों पर पहाड़ियों के दरकने से मलबा, चट्टानें व पेड़ आ गिरने से अवरूद्ध होता रहा। जिससे कि विभिन्न गंतव्यों की ओर जाने वाले यात्रियों को परेशानियां झेलनी पड़ी।

    मलुडा में जमीन धंसने से चार घरों को नुकसान

    उधर, डलहौजी उपमंडल के अंतर्गत आने वाली ग्राम पंचायत मलुडा में मंगलवार को भी तीन से चार घरों को नुक्सान पहुंचा। पंचायत के बोंखरी मोड़ नामक स्थान पर भूस्खलन के कारण जमीन में गहरी दरारें आ जाने से यहां स्थित एक बहुमंजिला इमारत सहित दो से तीन अन्य घर खतरे की जद में आ गए हैं। प्रभावित परिवारों द्वारा भवनों को खाली कर अन्य सुक्षित स्थानों पर शरण ली गई है।

    ककियाना में 10 पशुशालाएं ढही, बासा में घरों को खतरा

    उपमंडल डलहौजी के ककीयाना गांव में भी काफी नुक्सान हुआ है। यहां 10 गौशालाएं ढह गई हैं, जिससे कि लोगों को काफी नुक्सान हुआ है। उपमंडल डलहौजी के बासा गांव में पहाड़ी भूस्खलन की जद में आने से गांव में स्थित घरों को खतरा उत्पन्न हो गया। उपमंडल के चुनहेतर गांव में भी भूस्खलन से लोगों के घरों पर खतरा मंडराने लगा है।

    डलहौजी-खजियार मार्ग हुआ क्षतिग्रस्त

    उधर डलहौजी के बकरोटा वार्ड में डलहौजी-खज्जियार मार्ग का एक बड़ा हिस्सा भूस्खलन की जद में आकर ढह जाने से सड़क के नीचे स्थित एक कोठी के चौकीदार का आवास क्षतिग्रस्त हो गया। वहीं डलहौजी-खाज्जियार मार्ग पर यातायात वयवस्था भी प्रभावित हुई है। डलहौजी उपमंडल के विभिन्न क्षेत्रों में बिजली व पेयजल व्यवस्था भी प्रभावित हुई है।

    यह भी पढ़ें- Manali Flood: बादल फटने से ब्यास नदी में बाढ़ से पुल गिरा, मनाली में सैकड़ों होटल व भवन खतरे में; पर्यटक फंसे

    अनावश्यक यात्रा से बचें

    प्रभावित स्थानों पर जाकर स्थिति का जायजा लिया जा रहा है और राजस्व विभाग के कर्मचारियों को नुकसान का आकलन कर जल्द रिपोर्ट प्रेषित करने सहित प्रभावितों को फौरी सहायता राशि प्रदान करने के निर्देश दिए गए हैं। मौसम की स्थिति काफी खराब है ऐसे में लोग अनावश्यक यात्रा से बचे व घरों में ही रहें।

    -अनिल भारद्वाज, एसडीएम डलहौजी। 

    यह भी पढ़ें- Himachal News: हमीरपुर में जर्जर भवन की चपेट में आई शवयात्रा; अर्थी समेत पांच लोग मलबे में दबे