Trending

    विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

    मणिमहेश यात्रा: पहले चरण में तीन दिन के लिए होंगे स्लॉट बुक, फिटनेस प्रमाणपत्र भी जरूरी; नए निर्देश जारी

    By Mithun Thakur Edited By: Rajesh Sharma
    Updated: Tue, 04 Aug 2026 06:26 PM (IST)

    भरमौर प्रशासन ने श्री मणिमहेश यात्रा के लिए ऑनलाइन पंजीकरण की तिथियां घोषित कर दी हैं। श्रद्धालुओं को पंजीकरण के लिए वैध फोटो पहचान पत्र अपलोड करना अन ...और पढ़ें

    News Article Hero Image

    HighLights

    1. ऑनलाइन पंजीकरण 5 अगस्त सुबह 10 बजे से शुरू होगा।

    2. फिटनेस प्रमाण पत्र और वैध पहचान पत्र अपलोड करना अनिवार्य।

    3. प्रतिदिन अधिकतम 5000 श्रद्धालुओं को ही यात्रा की अनुमति।

    मनोज ठाकुर, भरमौर (चंबा)। उत्तर भारत की प्रसिद्ध एवं पवित्र श्री मणिमहेश यात्रा को सुरक्षित, सुव्यवस्थित और सुगम बनाने की दिशा में भरमौर प्रशासन ने एक अत्यंत महत्वपूर्ण एवं बड़ा निर्णय लिया है। प्रशासन ने यात्रा में भाग लेने वाले श्रद्धालुओं के लिए आनलाइन पंजीकरण प्रक्रिया की तिथियों की आधिकारिक घोषणा कर दी है। इसके तहत यात्रा के लिए आनलाइन पंजीकरण की प्रक्रिया पांच अगस्त को सुबह 10:00 बजे से औपचारिक रूप से आरंभ कर दी जाएगी। जो श्रद्धालु इस वर्ष भगवान भोलेनाथ के दर्शन और पवित्र डल झील में आस्था की डुबकी लगाने के इच्छुक हैं, वे आधिकारिक वेबसाइट https://www.manimaheshyatra.hp.gov.in/ पर जाकर अपना पंजीकरण करवा सकते हैं।

    प्रथम चरण में तीन दिन के लिए खुलेंगे स्लॉट

    भरमौर प्रशासन की ओर से जारी की गई आधिकारिक जानकारी के अनुसार, पंजीकरण प्रक्रिया को कई चरणों में विभाजित किया गया है, ताकि पोर्टल पर अचानक दबाव न बढ़े और श्रद्धालुओं को सुगम अनुभव मिले। प्रथम चरण के अंतर्गत 25, 26 एवं 27 अगस्त 2026 की यात्रा तिथियों के लिए ऑनलाइन स्लाट खोले जाएंगे। 

    फिटनेस प्रमाणपत्र भी जरूरी

    श्रद्धालुओं को आनलाइन पंजीकरण करते समय निर्धारित दस्तावेज एवं आवश्यक जानकारी सही ढंग से उपलब्ध करवानी होगी। प्रत्येक श्रद्धालु के लिए सरकार की ओर से जारी वैध फोटो पहचान पत्र (आधार कार्ड, वोटर आईडी, पैन कार्ड, ड्राइविंग लाइसेंस अथवा पासपोर्ट) अपलोड करना अनिवार्य है। इसके अतिरिक्त उच्च हिमालयी क्षेत्र में यात्रा को देखते हुए पंजीकृत चिकित्सक (आरएमपी) की ओर से जारी मेडिकल फिटनेस प्रमाण पत्र भी अपलोड करना आवश्यक होगा। निजी वाहन से यात्रा करने वाले श्रद्धालु प्रारंभिक पंजीकरण वाहन नंबर के बिना भी कर सकते हैं, लेकिन अंतिम यात्रा पर्ची डाउनलोड करने से पहले वाहन का पंजीकरण नंबर दर्ज करना अनिवार्य होगा। वहीं, सरकारी अथवा निजी बस से यात्रा करने वाले श्रद्धालुओं को वाहन नंबर दर्ज करने की आवश्यकता नहीं है। वे पंजीकरण के दौरान बस विकल्प का चयन कर अथवा सीट नंबर दर्ज कर अपना पंजीकरण पूरा कर सकते हैं। 

    5000 श्रद्धालुओं को ही अनुमति

    यात्रा मार्ग की भौगोलिक परिस्थितियों, कठिन चढ़ाई और श्रद्धालुओं की सुरक्षा को सर्वोपरि रखते हुए प्रशासन ने प्रतिदिन श्रद्धालुओं की संख्या सीमित करने का निर्णय लिया है। इसके तहत प्रत्येक यात्रा दिवस पर अधिकतम 5,000 श्रद्धालुओं को ही मणिमहेश जाने की अनुमति प्रदान की जाएगी। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि सभी स्लाट पहले आओ, पहले पाओ के सिद्धांत के आधार पर ही आवंटित किए जाएंगे।

    खबरें और भी

    बिना वैध पंजीकरण के प्रवेश पर पूर्ण प्रतिबंध

    प्रशासन ने इस बात पर विशेष बल दिया है कि यात्रा को पूरी तरह अनुशासित और सुरक्षित बनाए रखने के लिए सख्त नियम लागू किए जाएंगे। बिना वैध आनलाइन पंजीकरण अथवा स्लाट पास के किसी भी श्रद्धालु को यात्रा मार्ग या मुख्य प्रवेश द्वारों से आगे बढ़ने की अनुमति नहीं दी जाएगी। आनलाइन आवेदन करते समय किसी भी प्रकार की तकनीकी असुविधा या देरी से बचने के लिए श्रद्धालु पंजीकरण प्रारंभ होने से पूर्व ही अपने सभी आवश्यक दस्तावेज, जैसे पहचान पत्र और स्वास्थ्य से जुड़े विवरण, तैयार रखें।

    चरणबद्ध तरीके से जारी होंगी आगामी तिथियां

    प्रथम चरण के बाद की यात्रा तिथियों के लिए पंजीकरण एवं स्लाट चरणबद्ध तरीके से समय-समय पर जारी किए जाएंगे। आगामी तिथियों, पंजीकरण नियमों, स्वास्थ्य संबंधी दिशा-निर्देशों तथा अन्य महत्वपूर्ण सूचनाओं की जानकारी केवल श्री मणिमहेश यात्रा की आधिकारिक वेबसाइट पर ही उपलब्ध कराई जाएगी। यात्रा के दौरान किसी भी प्रकार की असुविधा, प्रश्न या आपातकालीन स्थिति से निपटने के लिए प्रशासन ने समर्पित हेल्पलाइन नंबर भी सार्वजनिक किए हैं। श्रद्धालु यात्रा से संबंधित किसी भी प्रामाणिक जानकारी अथवा सहायता के लिए व्हाट्सएप नंबर  91 94594 80602 तथा दूरभाष नंबर 01895-225027 पर संपर्क साध सकते हैं।

    भरमौर प्रशासन श्री मणिमहेश यात्रा-2026 को सभी भक्तों के लिए अत्यंत सुरक्षित, सुगम एवं अलौकिक अनुभव बनाने हेतु प्रतिबद्ध है। पंजीकरण प्रक्रिया शुरू होते ही बिना किसी देरी के अपना स्लाट सुरक्षित कर लें तथा केवल आधिकारिक स्रोतों से प्राप्त सूचनाओं पर ही विश्वास करें।
    -विकास शर्मा, एडीएम, भरमौर।

    यह भी पढ़ें: शिमला में भारी बारिश के बीच बस पर गिरा पेड़, 7 यात्री थे सवार; पुराने बैरियर के पास हादसा