Chamba News: भूस्खलन से मणिमहेश श्रद्धालुओं की गाड़ी नाले में गिरी, चंबा में युवक की मौत, 10 मिनट पहले की थी परिवार से बात
Chamba Landslide चंबा में हड़सर-कुगती मार्ग पर भूस्खलन से मणिमहेश यात्रियों की एक गाड़ी नाले में गिर गई हालांकि कोई जानी नुकसान नहीं हुआ क्योंकि श्रद् ...और पढ़ें

जागरण टीम, चंबा/भरमौर। Chamba Landslide, जिला चंबा में भूस्खलन की चपेट में आने से एक युवक की मौत हो गई। वहीं, भरमौर के हड़सर-कुगती मार्ग पर बुधवार सुबह मणिमहेश श्रद्धालुओं की गाड़ी भूस्खलन की चपेट में आकर नाले में जा गिरी। नाले के पास अचानक भूस्खलन हुआ। इसकी चपेट में सड़क किनारे खड़ी श्रद्धालुओं की गाड़ी आ गई और सीधे नाले में जा गिरी।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार यह वाहन मणिमहेश यात्रा पर आए श्रद्धालुओं का था। श्रद्धालु गाड़ी पार्क कर पैदल यात्रा पर आगे निकल चुके थे। गनीमत यह रही कि हादसे के समय वाहन में कोई मौजूद नहीं था, वरना स्थिति भयावह हो सकती थी। घटना के बाद क्षेत्र में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। सूचना मिलते ही पुलिस व प्रशासन की टीम मौके पर पहुंची और हालात का जायजा लिया।
श्रद्धालुओं की सुरक्षा प्रशासन की प्राथमिकता : एडीएम
एडीएम भरमौर कुलवीर सिंह राणा ने बताया कि हड़सर-कुगती मार्ग पर भूस्खलन की चपेट में आने से एक वाहन नाले में गिरा है। इसमें कोई जानी नुकसान नहीं हुआ। मणिमहेश यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं की सुरक्षा प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है। सभी यात्रियों से अनुरोध है कि वे वाहन पार्क करते समय विशेष सावधानी बरतें और संवेदनशील क्षेत्रों में गाड़ियां खड़ी करने से बचें।
संवेदनशील स्थानों पर बढ़ाई निगरानी
बरसात के मौसम में पर्वतीय मार्गों पर हर कदम सोच-समझकर उठाना जरूरी है। प्रशासन की ओर से सुरक्षा व्यवस्था को और कड़ा कर दिया गया है तथा संवेदनशील स्थानों पर लगातार निगरानी रखी जा रही है।
खबरें और भी
चंबा में भूस्खलन की चपेट में आने से युवक की मौत
उधर, चंबा के सरोल क्षेत्र में मंगलवार देर रात बननू फाट में हुए भूस्खलन की चपेट में आने से युवक की मौत हो गई। युवक की पहचान विनय कुमार पुत्र कमल कुमार गांव खल्ली डाकघर सरोल के रूप में हुई है। यह हादसा उस समय हुआ जब विनय घर की ओर लौट रहा था।
हादसे से 10 मिनट पहले की थी परिवार से बात
हादसे से महज दस मिनट पहले ही उन्होंने परिवार के सदस्यों से बात की थी, उन्होंने परिवार को बताया था कि रास्ते में लगातार भूस्खलन हो रहा है, लेकिन वह सुरक्षित हैं और जल्द ही घर पहुंच जाएंगे। इसके बाद अचानक उनका फोन स्विच ऑफ हो गया और परिजन रातभर उनकी तलाश में जुटे रहे, लेकिन कोई सुराग नहीं मिला।
सुबह मलबे में मिला युवक का शव
बुधवार तड़के करीब चार बजे जब स्थानीय लोगों ने दमकल विभाग की टीम के साथ मिलकर तलाश शुरू की तो मलबे के ढेर में दबे विनय कुमार का शव बरामद किया गया। शव मिलते ही पूरे क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।