हिमाचल विधानसभा: छात्रों पर लाठीचार्ज के बाद सदन में हंगामा, सुक्खू और जयराम आमने-सामने ; BJP की रैली पर CM की चेतावनी
धर्मशाला में छात्रों पर लाठीचार्ज के बाद हिमाचल प्रदेश विधानसभा में हंगामा हुआ। जयराम ठाकुर और मुख्यमंत्री सुक्खू के बीच तीखी बहस हुई। ठाकुर ने लाठीचा ...और पढ़ें

मुख्यमंत्री सुखविन्द्र सिंह सुक्खू और नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर छात्रों पर लाठीचार्ज के बाद आमने सामने आ गए।
HighLights
छात्रों पर लाठीचार्ज से सदन में हंगामा
सुक्खू और जयराम ठाकुर में तीखी बहस
भाजपा की रैली पर सीएम की चेतावनी
जागरण टीम, धर्मशाला। हिमाचल प्रदेश विधानसभा के पास जोरावर स्टेडियम में प्रदर्शन कर रहे विद्यार्थी परिषद कार्यकर्ताओं पर लाठीचार्ज पर सदन में हंगामा हो गया। सदन में नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर और मुख्यमंत्री आमने-सामने आ गए। जयराम ठाकुर ने कहा कि भाजपा सरकार के समय में भी रोष प्रदर्शन होते रहे हैं। लेकिन उस समय सरकार द्वारा कभी भी किसी पर लाठीचार्ज नहीं किया गया।
छात्रों पर लाठीचार्ज निंदनीय कार्य
यहां तक कि देव भूमि संगठन द्वारा भी विधानसभा के बाहर तक जाकर प्रदर्शन किया गया था। इसके बावजूद सरकार ने उन पर भी लाठीचार्ज नहीं किया। लेकिन जोरावर के बाहर अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद के छात्रों पर पुलिस का लाठी चार्ज एक निंदनीय कार्य है।
उन्होंने कहा कि छात्र अपनी मांगों को लेकर यहां पहुंचे थे और ऐसे में उन पर लाठीचार्ज करना दुर्भाग्यपूर्ण है। उन्होंने कहा अगर छात्रों ने परमिशन मांगी थी तो क्या सरकार ने उनको परमिशन दी थी।
भाजपा की रैली की अनुमति रद की तो फिर अपने तरीके से करेंगे प्रदर्शन
भाजपा की कल होने वाली रैली को लेकर परमिशन को रद किए जाने को लेकर नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर ने कहा कि सौहार्दपूर्ण माहौल में रैली होगी। लेकिन अगर सरकार जोरावर में भाजपा की होने वाली रैली की परमिशन को सरकार रद करती है तो भाजपा अपना रोष प्रदर्शन अपने तरीके से करेगी। उन्होंने छात्रों व पुलिस के बीच झड़प को लेकर चोटिल हुई महिला पुलिस जवानों के प्रति भी अपनी संवेदना प्रकट की है।
सीएम बोले, छात्रों ने तीन घंटे जाम रखा मार्ग
मुख्यमंत्री सुखविन्द्र सिंह सुक्खू ने कहा कि छात्र बिना अनुमति के जोरावर स्टेडियम के बाहर पहुंचे थे और उन्होंने जोरावर स्टेडियम के आगे जबरदस्ती सड़क पर बैठकर जाम लगाया, जिस कारण लगभग 3 घंटे तक लोग परेशान रहे। इस दौरान जब इन छात्रों को पुलिस द्वारा विधानसभा की ओर आने से रोका गया तो छात्रों और पुलिस दोनों ओर से आपसी झड़प के बीच कुछ को हल्की चोट लगी है, जबकि इसमें तीन महिला पुलिसकर्मी व दो पुरुष कर्मियों को भी चोटें पहुंची हैं।
खबरें और भी
यदि भाजपा ने ऐसा करने की कोशिश की तो सरकार रद कर सकती है परमिशन
उन्होंने कहा कि अगर भाजपा भी कल होने वाली रैली के दौरान ऐसा करने की कोशिश करेगी तो उनकी परमिशन को भी सरकार रद कर सकती है। मुख्यमंत्री ने कहा कि जोरावर के बाहर छात्रों पर यह लाठी चार्ज नहीं हुआ है, बल्कि दोनों ही ओर से आपसी झड़प थी, जिसमें छात्रों ओर पुलिस कर्मियों को हल्की चोट पहुंची है।
यह भी पढ़ें: हिमाचल: विधानसभा कूच की कोशिश कर रहे ABVP कार्यकर्ताओं और पुलिस में झड़प, छात्र व जवान घायल; महिला कॉन्स्टेबल बेसुध
बिना अनुमति जोरावर पहुंचे छात्र
उन्होंने कहा कि छात्रों द्वारा जोरावर में रैली की परमिशन मांगी गई थी, जो नहीं दी गई थी। इसके बावजूद जोरावर पहुंचे और उन्होंने धरना प्रदर्शन किया। मुख्यमंत्री ने कहा कि छात्रों पर किसी प्रकार का लाठीचार्ज नहीं हुआ, जिस तरह से सदन में नेता प्रतिपक्ष द्वारा कहा गया है।