विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

श्रीराम मंदिर में कथित चंदा चोरी पर हिमाचल कांग्रेस उग्र, धर्मशाला व ऊना में राम-राम जपते हुए पैदल मार्च निकाला

By Digital Desk Edited By: Rajesh Sharma
Published: Tue, 14 Jul 2026 01:06 PM (IST)

श्रीराम जन्मभूमि मंदिर में चढ़ावा चोरी के विरोध में हिमाचल कांग्रेस ने सभी जिला मुख्यालयों, विशेषकर धर्मशाला और ऊना में प्रदर्शन किया। कार्यकर्ताओं ने पदयात्रा निकाली।

धर्मशाला में प्रदर्शन करते कांग्रेस पदाधिकारी व कार्यकर्ता। जागरण

धर्मशाला में प्रदर्शन करते कांग्रेस पदाधिकारी व कार्यकर्ता। जागरण

HighLights

  1. कांग्रेस ने श्रीराम मंदिर चढ़ावा चोरी के विरोध में प्रदर्शन किया।

  2. धर्मशाला और ऊना में कांग्रेस ने पदयात्रा व भजन-कीर्तन किया।

  3. दोषियों के खिलाफ निष्पक्ष जांच और कड़ी कार्रवाई की मांग।

जागरण टीम, धर्मशाला/ऊना। श्रीराम जन्मभूमि मंदिर में चढ़ावा चोरी मामले के विरोध में कांग्रेस ने सभी जिला मुख्यालयों में प्रदर्शन किया। जिला मुख्यालयों में प्रभु श्रीराम के मंदिर प्रांगण में भजन-कीर्तन किया। जिला कांग्रेस कमेटी शिमला ग्रामीण के अध्यक्ष हरिकृष्ण हिमराल सहित अन्य नेताओं की मौजूदगी में कांग्रेस मुख्यालय से राम मंदिर तक विरोध रैली निकाली।

धर्मशाला में निकाली पदयात्रा

धर्मशाला में पार्टी कार्यकर्ताओं ने मुख्य डाकघर से हनुमान मंदिर कचहरी तक पदयात्रा निकाली और मामले की निष्पक्ष जांच तथा दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग उठाई।
पदयात्रा में जिला कांग्रेस अध्यक्ष एवं राज्यसभा सदस्य अनुराग शर्मा सहित पार्टी के कई वरिष्ठ नेता, पदाधिकारी और कार्यकर्ता शामिल रहे। 

प्रदर्शन के दौरान कांग्रेस नेताओं ने कहा कि धार्मिक स्थलों पर इस तरह की घटनाएं बेहद दुर्भाग्यपूर्ण हैं और इससे लोगों की आस्था को ठेस पहुंचती है। उन्होंने प्रशासन से मामले की पारदर्शी जांच कर दोषियों को जल्द से जल्द कानून के दायरे में लाने की मांग की।

हनुमान मंदिर में किया भजन-कीर्तन

पदयात्रा के समापन पर कांग्रेस कार्यकर्ता हनुमान मंदिर पहुंचे, जहां उन्होंने भजन-कीर्तन कर धार्मिक आस्था और सामाजिक सद्भाव का संदेश दिया। नेताओं ने कहा कि उनका विरोध पूरी तरह शांतिपूर्ण रहा और इसका उद्देश्य मंदिर की गरिमा बनाए रखने के साथ-साथ न्याय की मांग करना है।

कांग्रेस ने चेतावनी दी कि यदि मामले में जल्द उचित कार्रवाई नहीं हुई तो पार्टी आगे भी लोकतांत्रिक तरीके से अपना विरोध जारी रखेगी।

ये रहे मौजूद

राज्यसभा सदस्य अनुराग शर्मा, मंत्री यादविन्द्र गोमा, कृषि मंत्री चंद्र कुमार, विधायक संजय रत्न, विधायक केवल सिंह पठानिया, विधायक किशोरी लाल, मलेंद्र राजन, शिक्षा बोर्ड अध्यक्ष डॉ. राजेश शर्मा, वूल फेडरेशन के अध्यक्ष मनोज, देविंदर जग्गी सहित अन्य मौजूद रहे।

Congress Protest una

ऊना में कांग्रेस का पैदल मार्च

जिला कांग्रेस कमेटी ऊना ने कथित चंदा चोरी की घटना के विरोध में शांतिपूर्ण प्रदर्शन किया। कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने विश्राम गृह ऊना से बस स्टैंड तक पैदल मार्च निकाला और बाद में टक्का रोड स्थित मंदिर में भजन-कीर्तन तथा सामूहिक प्रार्थना का आयोजन कर भगवान श्रीराम से सत्य की विजय एवं धार्मिक आस्था की रक्षा की कामना की।

प्रदर्शन के दौरान कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने राम नाम का जाप करते हुए केंद्र सरकार के खिलाफ नारेबाजी की। मंदिर में आयोजित कार्यक्रम में श्रद्धालुओं और कांग्रेस नेताओं ने श्रीराम-राम सहित विभिन्न भजनों का गायन कर देश में धार्मिक मूल्यों की रक्षा के लिए प्रार्थना की।

रामभक्तों की भावनाएं आहत हुईं

कार्यक्रम में हिमाचल प्रदेश कांग्रेस कमेटी की उपाध्यक्ष एवं जिला ऊना की प्रभारी चंद्रप्रभा नेगी ने कहा कि श्रीराम मंदिर में चढ़ावे की कथित चोरी की घटना से देश-विदेश में बसे करोड़ों रामभक्तों की भावनाएं आहत हुई हैं। इस अवसर पर विधायक सुदर्शन बबलू, विधायक राकेश कालिया, विधायक विवेक शर्मा, अनुसूचित जाति आयोग के चेयरमैन कुलदीप कुमार सहित अन्य उपस्थित रहे।

यह भी पढ़ें: शिमला में सड़क पर चलती कार के ऊपर गिरा सूखा पेड़, नौकरी ज्वाइन करने जा रहे युवक सहित 2 घायल; दो गाड़ियां टूटीं