Trending

    विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

    शिमला में सड़क पर चलती कार के ऊपर गिरा सूखा पेड़, नौकरी ज्वाइन करने जा रहे युवक सहित 2 घायल; दो गाड़ियां टूटीं

    By Digital Desk Edited By: Rajesh Sharma
    Updated: Tue, 14 Jul 2026 12:31 PM (IST)

    शिमला के नेरवा में मंगलवार सुबह एक सूखा चीड़ का पेड़ चलती कार पर गिर गया, जिससे दो व्यक्ति घायल हो गए और दो वाहन क्षतिग्रस्त हो गए। ...और पढ़ें

    शिमला के नेरवा में सूख पेड़ गिरने से क्षतिग्रस्त कार। जागरण

    शिमला के नेरवा में सूख पेड़ गिरने से क्षतिग्रस्त कार। जागरण

    HighLights

    1. नेरवा में चलती कार पर सूखा चीड़ का पेड़ गिरा।

    2. हादसे में नौकरी ज्वाइन करने जा रहे युवक सहित 2 घायल।

    3. पार्षद ने जोखिम भरे सूखे पेड़ हटाने का आश्वासन दिया।

    जागरण संवाददाता, शिमला। हिमाचल प्रदेश के शिमला जिला में मानसून में नुकसान का सिलसिला नहीं थम रहा है। नेरवा के वार्ड नंबर-7 में मंगलवार सुबह एक सूखा चीड़ का पेड़ मुख्य सड़क पर चल रही कार पर गिर गया। आल्टो कार पेड़ की चपेट में आ गई, कार सवार दो व्यक्ति घायल हो गए। वहीं, सड़क किनारे खड़ी टाटा इंडिगो भी क्षतिग्रस्त हो गई। घटना से क्षेत्र में अफरा-तफरी का माहौल बन गया और कुछ समय तक यातायात भी बाधित रहा।

    नौकरी की ज्वाइनिंग के लिए जा रहे थे पहुंचे अस्पताल

    जानकारी के अनुसार बिलासपुर जिले के श्री नयनादेवी क्षेत्र निवासी हुकम चंद अपने भतीजे रमन कुमार को नौकरी की ज्वाइनिंग के लिए लेकर जा रहे थे। इसी दौरान अचानक पहाड़ी से सूखा चीड़ का पेड़ उनकी कार पर आ गिरा। इस कारण उनकी कार सड़क पर पलट गई।

    हादसे में रमन कुमार की बाजू और हाथ में चोटें आईं। उसे तुरंत अस्पताल पहुंचाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उसकी हालत सामान्य बताई गई। हुकम चंद को भी चोटें आई हैं।

    स्कूली बच्चों का भी है यही रास्ता

    घटना में दोनों वाहनों को नुकसान पहुंचा है। जिस मार्ग पर हादसा हुआ, वह स्थानीय लोगों के साथ-साथ स्कूली विद्यार्थियों की आवाजाही का भी प्रमुख रास्ता है। गनीमत रही कि उस समय सड़क पर अन्य कोई राहगीर पेड़ की चपेट में नहीं आया, जिससे बड़ा हादसा टल गया।

    हटाए जाएंगे सूखे पेड़ : पार्षद

    वार्ड पार्षद बबिता तंगड़ाईक ने बताया कि सड़क और आबादी के ऊपर मौजूद सूखे एवं जोखिम वाले पेड़ों की पहचान कर वन विभाग के सहयोग से उन्हें हटाने की प्रक्रिया शुरू की जाएगी, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं से बचा जा सके।

    खबरें और भी

    यह भी पढ़ें: पैसों के लिए नाबालिग बेटी वेश्यावृत्ति में धकेली, कुल्लू की विशेष अदालत ने मां समेत 3 को सुनाया कठोर कारावास