Trending

    विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

    स्मार्ट मीटर का बिल आया नहीं और कट गई अस्पताल की बिजली, आखिर किसकी गलती से दिनभर परेशान हुए मरीज?

    By Dinesh Katoch Edited By: Rajesh Sharma
    Updated: Wed, 25 Mar 2026 03:44 PM (IST)

    पंचरुखी प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र में स्मार्ट मीटर के कारण बिजली कट गई, जिससे मरीज परेशान हुए। अस्पताल को बिल न मिलने के बावजूद विद्युत आपूर्ति काट दी ...और पढ़ें

    पंचरुखी अस्पताल की बिजली कट होने पर एक्सरे रूम के बाहर परेशान खड़े मरीज। जागरण

    पंचरुखी अस्पताल की बिजली कट होने पर एक्सरे रूम के बाहर परेशान खड़े मरीज। जागरण

    HighLights

    1. पंचरुखी अस्पताल में स्मार्ट मीटर से बिजली कटी।

    2. अस्पताल को बिल न मिलने पर आपूर्ति रुकी।

    3. मरीजों के टेस्ट, एक्स-रे न होने से परेशानी।

    बृज स्वरुप धीमान, पंचरुखी (कांगड़ा)। हिमाचल प्रदेश में स्मार्ट मीटर की स्मार्ट कार्यप्रणाली ने लोगों को परेशानी में डाल दिया। इसका ताजा उदाहरण जिला कांगड़ा के पंचरुखी प्राथमिक स्वास्थ केंद्र में बुधवार को देखने को मिला। यहां अस्पताल में विद्युत विभाग द्वारा लगाए गए स्मार्ट मीटर के बिल का भुगतान न होने पर सप्लाई काट दी गई। लेकिन मजेदार बात तो यह रही कि अस्पताल प्रशासन को बिजली का बिल ही नहीं आया है। ऐसे में भला कोई बिल का भुगतान कैसे करता।

    मामले का खुलासा बुधवार को तब हुआ तब हुआ जब अस्पताल परिसर में मरीज अपने इलाज के लिए पहुंचे तो वहां पर बिजली ही नहीं थी। जब अस्पताल प्रशासन द्वारा विद्युत विभाग के कर्मी को इस बारे में अवगत करवाया तो मौके पर आकर की गई जांच में यह सामने आया कि विद्युत मीटर तक तो करंट आ रहा था लेकिन मीटर के आगे की सप्लाई नहीं थी।

    मौके पर पहुंचे विद्युत विभाग के लाइनमैन ने बताया कि स्मार्ट मीटर के बिल का भुगतान न होने के कारण विद्युत आपूर्ति ऑटोमेटिक ही कट गई है। अब मीटर को रिचार्ज करना पड़ेगा तभी विद्युत व्यवस्था बहाल हो पाएगी।

    नहीं हो पाए टेस्ट व एक्सरे

    असप्ताल में बिजली न होने के कारण चिकित्सकों द्वारा मरीजों की जांच तो की गई लेकिन उनके टेस्ट नहीं हो पाए व एक्सरे भी नहीं हो पाए। अस्पताल में बनूरी से आई मीना कुमारी, लमलेहड़ की माया देवी, टहेहल के रणजीत, मौलीचक के संतोष कपूर, दीपक, कुशाला, रवि कौशल ने बताया कि वह सुबह से इलाज के लिए अस्पताल में आए थे और उनके एक्सरे होने थे, लेकिन अस्पताल में लाइट न होने की वजह से उन्हें परेशानी का सामना करना पड़ा है।

    क्या कहते हैं हेल्थ ऑफिसर

    चिकित्सा अधिकारी पंचरुखी डा. संदीप कश्यप का कहना है कि अस्पताल में बिजली विभाग की ओर से न तो बिल दिया गया और न ही भुगतान करने को लेकर कोई मैसेज आया। पीएचसी में प्रतिदिन 100 से ऊपर ओपीडी है। चिकित्सकों द्वारा बिजली न होने के बावजूद मरीजों की जांच की गई है। लेकिन मरीजों के एक्सरे होने थे, वह लाइट न होने के कारण नहीं हो पाए हैं।

    क्या कहते हैं विद्युत विभाग के अधिकारी

    पीएचसी में बिजली न होने की शिकायत आई थी। साफ्टवेयर की जांच पर पता चला है कि कुछ लिपकीय त्रुटि के कारण ऐसा हुआ है। बिजली बहाल करने के लिए शिमला कार्यालय मेल भेजी गई है। शीघ्र ही बिजली बहाल हो जाएगी। स्मार्ट मीटर की नई योजना के कारण थोड़ी देर बिजली बहाल करने को लेकर हुई है।
    -प्रीतम चंद, सहायक अभियंता, विद्युत उपमंडल पंचरुखी।

    यह भी पढ़ें: हिमाचल के टांडा अस्पताल में पित्त की नली के कैंसर की सफल रोबोटिक सर्जरी, 9 घंटे के ऑपरेशन ने दी महिला को नई जिंदगी 

    खबरें और भी