कांगड़ा में भारी बारिश: उफान पर आई खोली खड्ड में बहा व्यक्ति, वीडियो बनाते रह गए लोग; नहीं कर पाया कोई हिम्मत
कांगड़ा जिले में भारी बारिश के कारण खोली खड्ड उफान पर आ गई, जिसमें एक अज्ञात व्यक्ति बह गया। विधायक केवल सिंह पठानिया ने मौके पर पहुंचकर बचाव कार्य तेज करने और व्यक्ति की पहचान सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

शाहपुर की खोली खड्ड में बहा व्यक्ति।
HighLights
कांगड़ा में भारी बारिश से खोली खड्ड में जलस्तर बढ़ा।
तेज बहाव के कारण एक अज्ञात व्यक्ति बह गया।
विधायक ने बचाव व पहचान के लिए प्रशासन को निर्देश दिए।
जागरण टीम, शाहपुर (कांगड़ा)। हिमाचल प्रदेश के जिला कांगड़ा में रविवार दोपहर भारी बारिश हुई। इस कारण खड्डें व नाले अचानक उफान पर आ गए। शाहपुर के पुहाड़ा क्षेत्र में खोली खड्ड में पानी के तेज बहाव के बीच एक अज्ञात व्यक्ति बहता दिखा। पानी का बहाव बहुत तेज होने के कारण लोग इसे निकालने की हिम्मत नहीं कर पाए, लेकिन वीडियो में सामने दिख रहा है एक व्यक्ति पानी के तेज बहाव में बह रहा है।
पुहाड़ा के बाद नीचे झीरबल्ला में भी लोगों ने इसे देखा। यहां पानी का बहाव और तेज था, इस कारण लोग निकालने में असमर्थ रहे।
विधायक व पुलिस भी मौके पर पहुंची
उपमुख्य सचेतक एवं शाहपुर के विधायक केवल सिंह पठानिया स्थानीय पुलिस के साथ मौके पर पहुंचे और स्थिति का जायजा लिया। विधायक ने कहा खड्ड में पानी का बहाव अत्यधिक तेज होने के कारण व्यक्ति की तत्काल पहचान नहीं हो पाई और उसे निकालने में भी कठिनाई सामने आई।
जिला प्रशासन को दिए निर्देश
घटना को गंभीरता से लेते हुए विधायक पठानिया ने जिला पुलिस प्रशासन एवं जिलाधीश महोदय से दूरभाष पर बातचीत कर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने प्रशासन को निर्देशित किया कि राहत एवं बचाव कार्य में तेजी लाते हुए खड्ड में बहे व्यक्ति की तलाश कर उसे सुरक्षित बाहर निकाला जाए तथा उसकी पहचान सुनिश्चित कर नियमानुसार पार्थिव शरीर परिजनों को सौंपने की कार्रवाई की जाए।
विधायक ने प्रशासन और पुलिस अधिकारियों से कहा कि खोज एवं बचाव अभियान में किसी भी प्रकार की कोताही न बरती जाए तथा उपलब्ध सभी आवश्यक संसाधनों का इस्तेमाल करते हुए अभियान को प्राथमिकता के आधार पर पूरा किया जाए।
नदी नालों से दूरी रखें
उन्होंने स्थानीय लोगों से भी अपील की कि भारी बारिश और खड्डों में बढ़े जलस्तर को देखते हुए नदी-नालों एवं तेज बहाव वाले स्थानों के नजदीक जाने से बचें और प्रशासन द्वारा जारी सुरक्षा निर्देशों का पालन करें।
