राष्ट्रीय लोक अदालत में किन मामलों की होगी सुनवाई, कैसे करना होगा आवेदन? कांगड़ा में रखे जाएंगे 15 हजार मामले
हिमाचल प्रदेश विधिक सेवा प्राधिकरण 12 सितंबर को जिला एवं उपमंडल न्यायालयों में राष्ट्रीय लोक अदालत का आयोजन करेगा। इसमें कांगड़ा जिले में करीब 15 हजार मामलों की सुनवाई होगी।

हिमाचल प्रदेश में राष्ट्रीय लोक अदालत का आयोजन 12 सितंबर को किया जाएगा। प्रतीकात्मक फोटो
HighLights
12 सितंबर को जिला न्यायालयों में राष्ट्रीय लोक अदालत का आयोजन।
कांगड़ा में 15 हजार मामलों का आपसी समझौते से होगा निपटारा।
बैंक, श्रम, वैवाहिक विवाद और चेक बाउंस मामले सुने जाएंगे।
जागरण संवाददाता, धर्मशाला। हिमाचल प्रदेश विधिक सेवा प्राधिकरण की ओर से आपसी समझौते के माध्यम से मामलों के निस्तारण के लिए 12 सितंबर को जिला एवं उपमंडल न्यायालयों में राष्ट्रीय लोक अदालतों का आयोजन किया जाएगा। जिला कांगड़ा में इस लोक अदालत के दौरान करीब 15 हजार मामलों को सुनवाई के लिए रखा गया है।
इन मामलों की होगी सुनवाई
जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के सचिव आर. मिहुल शर्मा ने बताया कि राष्ट्रीय लोक अदालत में बैंक से संबंधित मामले, श्रम विवाद, बिजली व पानी के बिल, वैवाहिक विवाद, चेक बाउंस, पूर्व मुकदमेबाजी तथा लंबित मामलों की सुनवाई की जाएगी।
संबंधित न्यायालय में करना होगा आवेदन
उन्होंने बताया कि जो व्यक्ति मुकदमा शुरू होने से पहले संबंधित व्यक्ति अथवा विभाग के साथ आपसी समझौता करना चाहता है, वह संबंधित न्यायालय में आवेदन कर सकता है।
समय और धन की बचत होगी
उन्होंने आम जनता से आग्रह किया कि 12 सितंबर को आयोजित राष्ट्रीय लोक अदालत का लाभ उठाकर अपने मामलों का आपसी समझौते से निस्तारण करवाएं तथा समय और धन की बचत करें।
यह भी पढ़ें: शिमला-मटौर फोरलेन पर नई ट्विन टनल से होगा तेज और सुगम सफर, 125 साल पुरानी समेला सुरंग का युग समाप्ति की ओर
यह भी पढ़ें: हिमाचल की पहाड़ी सड़क... रात का सन्नाटा और गूगल मैप से गलत राह पर उतरी हरियाणा की कार, खाई में गिरने से बचे पर्यटक
