हमीरपुर जिले में भाजपा की जीत, निर्विरोध चुने गए जिला परिषद अध्यक्ष और उपाध्यक्ष
हिमाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री सुक्खू के गृह जिले हमीरपुर में भाजपा ने जिला परिषद चुनाव में जीत दर्ज की है। भाजपा समर्थित अनीता अध्यक्ष और गुरुदीप उपाध् ...और पढ़ें

हमीरपुर में जिला परिषद चुनाव में जीत के बाद भाजपा नेताओं के साथ नवनिर्वाचित अध्यक्ष व उपाध्यक्ष।
HighLights
हमीरपुर जिला परिषद में भाजपा ने दर्ज की शानदार जीत।
अनीता देवी अध्यक्ष, गुरुदीप सिंह उपाध्यक्ष निर्विरोध निर्वाचित हुए।
सीएम सुक्खू के गृह जिले में भाजपा का मजबूत प्रदर्शन।
जागरण संवाददाता, हमीरपुर। हिमाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री सुखविन्द्र सिंह सुक्खू के गृह जिले हमीरपुर में भारतीय जनता पार्टी ने जिला परिषद चुनाव में जीत दर्ज की है। भाजपा ने अध्यक्ष व उपाध्यक्ष पद पर अपना निर्विवाद वर्चस्व कायम रखते हुए एक बार फिर अपनी मजबूत संगठनात्मक शक्ति का परिचय दिया है। 19 में से 18 वार्डों में भाजपा समर्थित प्रत्याशियों की जीत के बाद सोमवार को जिला परिषद के अध्यक्ष और उपाध्यक्ष दोनों पदों पर भी सर्वसम्मति से भाजपा समर्थित उम्मीदवारों का निर्वाचन हुआ।
भोरंज के धमरोल वार्ड से निर्वाचित अनीता देवी को जिला परिषद अध्यक्ष तथा बड़सर के करेर वार्ड से निर्वाचित गुरुदीप सिंह को उपाध्यक्ष चुना गया। दोनों पदों पर निर्विरोध निर्वाचन ने यह स्पष्ट कर दिया कि जिला परिषद में भाजपा को व्यापक समर्थन प्राप्त है।
रविवार को बनी थी रणनीति
अध्यक्ष और उपाध्यक्ष के चुनाव से पूर्व रविवार को पार्टी स्तर पर कई दौर की विचार-विमर्श बैठकों का आयोजन किया गया। वरिष्ठ नेताओं एवं संगठन पदाधिकारियों की मौजूदगी में व्यापक चर्चा के बाद सर्वसम्मति से उम्मीदवारों के नाम तय किए गए। संगठन की इस रणनीति का परिणाम सोमवार को निर्विरोध निर्वाचन के रूप में सामने आया।
संभावित प्रतिस्पर्धा और दावेदारों के बीच समन्वय स्थापित कर भाजपा ने संगठनात्मक अनुशासन और एकजुटता का प्रभावी संदेश दिया।
19 में से 15 सीटों पर जीती थी भाजपा
जिला परिषद चुनाव परिणाम में भाजपा को स्पष्ट जनादेश मिला था। जिले के 19 वार्डों में कांग्रेस केवल अमलेड़ वार्ड की एकमात्र सीट जीत सकी, जबकि 15 वार्डों में भाजपा समर्थित प्रत्याशी तथा तीन वार्डों में भाजपा की विचारधारा से जुड़े निर्दलीय उम्मीदवार विजयी हुए।
क्या बोले, नवनिर्वाचित अध्यक्ष व उपाध्यक्ष
नवनिर्वाचित अध्यक्ष अनीता देवी तथा उपाध्यक्ष गुरुदीप सिंह ने सभी जिला परिषद सदस्यों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि वे सभी सदस्यों को साथ लेकर विकास का सशक्त माध्यम बनाएंगे। उन्होंने विश्वास दिलाया कि ग्रामीण क्षेत्रों में विकास कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर आगे बढ़ाया जाएगा तथा जनहित से जुड़े मुद्दों का प्रभावी समाधान सुनिश्चित किया जाएगा।
खबरें और भी
हमीरपुर जिला परिषद में भाजपा की यह ऐतिहासिक सफलता संगठन की मजबूती, कार्यकर्ताओं के अथक परिश्रम और जनता के विश्वास का परिणाम है। अध्यक्ष एवं उपाध्यक्ष का सर्वसम्मति से निर्वाचित होना इस बात का प्रमाण है कि भाजपा आज जिले में सबसे मजबूत राजनीतिक शक्ति के रूप में स्थापित है।
-राकेश ठाकुर, अध्यक्ष, जिला भाजपा, हमीरपुर।
यह भी पढ़ें: शिमला में अवैध कब्जे हटाने जा रही नगर निगम टीम को रोका, पुलिस बुलाकर खाली करवाना पड़ा रोड