दियोटसिद्ध बस हादसा: तीन और श्रद्धालुओं की हालत गंभीर, PGI चंडीगढ़ व हमीरपुर किए रेफर; 2 की गई जान
हिमाचल प्रदेश के हमीरपुर-बिलासपुर सीमा पर दियोटसिद्ध-शाहतलाई मार्ग पर श्रद्धालुओं से भरी एक बस पलटने से अमृतसर के दो श्रद्धालुओं की मौत हो गई और 13 घा ...और पढ़ें

दियोटसिद्ध में दुर्घटनाग्रस्त बस व अस्पताल में उपचाराधीन घायल। जागरण
HighLights
दियोटसिद्ध-शाहतलाई मार्ग पर श्रद्धालुओं से भरी बस पलटी।
हादसे में दो श्रद्धालुओं की मौत, तीन गंभीर घायल रेफर।
प्रशासन ने फौरी राहत दी, पुलिस दुर्घटना की जांच कर रही है।
संवाद सहयोगी, हमीरपुर। जिला हमीरपुर और बिलासपुर की सीमा पर दियोटसिद्ध-शाहतलाई मार्ग पर रविवार रात श्रद्धालुओं से भरी एक निजी बस हादसे का शिकार हो गई। अमृतसर (पंजाब) से बाबा बालकनाथ के दर्शन कर लौट रहे श्रद्धालुओं की बस अचानक अनियंत्रित होकर सड़क पर पलट गई। बस में कुल 35 श्रद्धालु सवार थे। हादसे में 13 श्रद्धालु घायल हुए, जिनमें से दो की उपचार के दौरान मौत हो गई, जबकि तीन गंभीर घायलों को पीजीआई चंडीगढ़ रेफर किया गया है। शेष 10 घायलों का उपचार सिविल अस्पताल बड़सर में चल रहा है।
टैक्सी चालक व स्थानीय लोग बने मददगार
हादसे के बाद स्थानीय लोगों, टैक्सी चालकों, पुलिस और प्रशासन ने तुरंत राहत एवं बचाव अभियान चलाकर सभी घायलों को अस्पताल पहुंचाया।
दो की मौत व 3 रेफर
उपचार के दौरान 24 वर्षीय हितेश कुमार और 15 वर्षीय काव्य, दोनों निवासी अमृतसर (पंजाब) ने दम तोड़ दिया। गंभीर रूप से घायल विनायक (16) को पीजीआई चंडीगढ़ रेफर किया गया है। वहीं शिबा (20) और रोहित कुमार (30) को बेहतर उपचार के लिए क्षेत्रीय अस्पताल हमीरपुर भेजा गया।
ये बड़सर में उपचाराधीन
इसके अलावा दर्पण (19), रेनू (35), भाग सिंह (35), सुखविंदर सिंह (47), लवदीप (18), काजल (21), गुरकीरत सिंह (19), गुरदीप सिंह (70), जसवीर कौर (40) और युवराज (16) का उपचार सिविल अस्पताल बड़सर में चल रहा है। अन्य यात्रियों को मामूली चोटें आने के कारण प्राथमिक उपचार के बाद छुट्टी दे दी गई।
पुलिस कर रही जांच
हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासन की टीमें मौके पर पहुंच गईं। दुर्घटनाग्रस्त बस को सड़क से हटाकर यातायात बहाल किया गया तथा दुर्घटना के कारणों की जांच शुरू कर दी गई है।
प्रशासन ने दी फौरी राहत
प्रशासन ने हादसे के बाद कुल 108500 की फौरी राहत वितरित की है। इसमें मृतक हितेश कुमार और काव्य के परिजनों को 25-25 हजार की राहत राशि प्रदान की गई है। वहीं शेष राशि घायलों को उनकी चोटों की गंभीरता के अनुसार नियमानुसार फौरी राहत के रूप में वितरित की गई।