हिमाचल में 84 वर्षीय पूर्व सैनिक की घर के पास बनी खातरी में डूबकर मौत, 4 दिन पहले 3 साल के बच्चे ने गंवाई जान
हिमाचल प्रदेश के हमीरपुर जिले में 84 वर्षीय पूर्व सैनिक प्रेमु राम की घर के पास बनी खातरी में डूबने ...और पढ़ें

सुजानपुर में खातरी में डूबने से 84 वर्षीय पूर्व सैनिक प्रेमु राम की मौत हो गई।
HighLights
हमीरपुर के सुजानपुर में 84 वर्षीय पूर्व सैनिक की मौत।
प्रेमु राम घर के पास बनी खातरी में डूब गए।
चार दिन में रंगड़ पंचायत में डूबने की यह दूसरी घटना।
संवाद सहयोगी, सुजानपुर (हमीरपुर)। हिमाचल प्रदेश में जिला हमीरपुर के थाना सुजानपुर के अंतर्गत रंगड़ पंचायत के टपरे गांव में घर के पास बनी खातरी में डूबने से 84 वर्षीय पूर्व सैनिक प्रेमु राम की मौत हो गई। बताया जा रहा है कि प्रेमु राम रोजाना सुबह जल्दी उठकर पूजा-पाठ करते थे। शुक्रवार सुबह करीब पांच बजे पूजा-पाठ के बाद पानी का लौटा लेने के लिए वह घर के पास बनी खातरी में गए थे। उम्रदराज प्रेमु राम अनियंत्रित होकर पानी में गिर गए व डूबकर उनकी मौत हो गई।
पुलिस ने की जांच
घटना की सूचना मिलते ही सुजानपुर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लिया। पुलिस की ओर से हर पहलू को ध्यान में रखकर मामले की जांच की जा रही है।
थाना प्रभारी प्रकाश ठाकुर ने बताया कि शव का पोस्टमार्टम करवाया जा रहा है। पुलिस मौत के कारणों की जांच कर रही है।
4 दिन पहले इसी पंचायत में 3 साल का बच्चा डूबा
गौरतलब है कि इसी रंगड़ पंचायत में चार दिन पहले खेलते समय तीन वर्षीय बच्चे की भी पानी में डूबने से मौत हो गई थी। ये लगातार दूसरी घटना हुई है।
