Trending

    विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

    हमीरपुर से तीन शिक्षक राष्ट्रीय पुरस्कार की दौड़ में, जिला समिति ने निदेशालय को भेजे नाम; क्या रहेगा अगला प्रोसेस?

    By Ranbir Thakur Edited By: Rajesh Sharma
    Updated: Tue, 04 Aug 2026 06:49 AM (IST)

    हमीरपुर जिले से तीन शिक्षकों के नाम राष्ट्रीय शिक्षक पुरस्कार के लिए राज्य निदेशालय को भेजे गए हैं। जिलास्तरीय समिति ने विस्तृत जांच के बाद इन पात्र श ...और पढ़ें

    हमीरपुर से तीन शिक्षक राष्ट्रीय पुरस्कार के लिए शॉर्टलिस्ट किए गए हैं। प्रतीकात्मक फोटो

    हमीरपुर से तीन शिक्षक राष्ट्रीय पुरस्कार के लिए शॉर्टलिस्ट किए गए हैं। प्रतीकात्मक फोटो

    HighLights

    1. हमीरपुर से तीन शिक्षकों के नाम राष्ट्रीय पुरस्कार हेतु भेजे।

    2. जिलास्तरीय समिति ने आवेदनों की जांच कर चयन किया।

    3. 5 सितंबर को राष्ट्रपति द्वारा सम्मानित होंगे चयनित शिक्षक।

    रवि ठाकुर, हमीरपुर। राष्ट्रीय शिक्षक पुरस्कार के लिए हमीरपुर जिला से तीन शिक्षकों के नाम राज्य निदेशालय को भेजे गए हैं। प्रारंभिक शिक्षा उपनिदेशक कार्यालय में प्राप्त आवेदनों की जिलास्तरीय छंटनी समिति ने विस्तृत जांच के बाद पात्र शिक्षकों का चयन किया और उनके नाम स्कूल शिक्षा निदेशालय शिमला को अग्रेषित कर दिए हैं। अब राज्यस्तरीय समिति इन आवेदनों की समीक्षा करेगी, जिसके बाद योग्य शिक्षकों के नाम स्वतंत्र राष्ट्रीय जूरी के समक्ष भेजे जाएंगे।

    इस वर्ष जिले से कुल 10 शिक्षकों ने राष्ट्रीय शिक्षक पुरस्कार के लिए आवेदन किया था। इनमें छह सरकारी विद्यालयों, एक निजी विद्यालय तथा तीन सैनिक स्कूल के शिक्षक शामिल रहे।

    सैनिक स्कूल के आवेदनों पर अलग विचार

    जिलास्तरीय समिति ने सरकारी और निजी विद्यालयों से प्राप्त आवेदनों की जांच के दौरान चार शिक्षकों के आवेदन जिलास्तर पर ही निरस्त कर दिए, जबकि सैनिक स्कूल सुजानपुर के तीन शिक्षकों के आवेदनों पर अलग समिति विचार करेगी।

    इन शिक्षकों ने किया आवेदन

    राष्ट्रीय शिक्षक पुरस्कार के लिए आवेदन करने वालों में राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला भलेठ की प्रधानाचार्य मंजरी वी. महाजन, घिरथेड़ी स्कूल के मुख्य अध्यापक नरेश ठाकुर, राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला जलाड़ी की प्रशिक्षित स्नातक अध्यापिका पूर्णिमा, मटाहनी स्कूल की केंद्र मुख्य अध्यापिका निशा, हिम अकादमी पब्लिक स्कूल की प्रशिक्षित स्नातक अध्यापिका माया, राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला गौना करीर की प्रशिक्षित स्नातक अध्यापिका अनुवाला तथा बीड़-बगेहड़ा स्कूल के जेबीटी शिक्षक सज्जन कुमार शामिल हैं। 

    राष्ट्रीय जूरी को भेजे जाएंगे नाम

    निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार पांच अगस्त तक चयनित शिक्षकों के नाम ऑनलाइन पोर्टल के माध्यम से स्वतंत्र राष्ट्रीय जूरी को भेजे जाएंगे। इसके बाद 18 अगस्त तक राष्ट्रीय जूरी अंतिम चयन सूची तैयार करेगी। चयनित शिक्षकों को भारत के राष्ट्रपति द्वारा पांच सितंबर को राष्ट्रीय शिक्षक पुरस्कार से सम्मानित किया जाएगा।

    खबरें और भी

    क्या कहते हैं अधिकारी

    प्रारंभिक शिक्षा विभाग हमीरपुर के उपनिदेशक कमल किशोर भारती ने बताया कि जिलास्तरीय समिति ने निर्धारित मानकों के आधार पर आवेदनों की जांच पूरी कर ली है। पात्र पाए गए तीन शिक्षकों के नाम स्कूल शिक्षा निदेशालय शिमला को भेज दिए गए हैं। अब आगे की चयन प्रक्रिया राज्य समिति और राष्ट्रीय जूरी द्वारा पूरी की जाएगी।

    यह भी पढ़ें: 'मैं जांच के लिए तैयार, सुधीर क्यों डर रहे; CM सुक्खू की चेतावनी- बेनामी संपत्ति मिली तो जब्त कर गरीबों में बांटेंगे