हमीरपुर में 150 फीट गहरी खाई में गिरी कार, पति-पत्नी की मौत व दो घायल; समारोह में जा रहे थे चारों रिश्तेदार
हमीरपुर के बड़सर में एक भीषण सड़क हादसे में कार 150 फीट गहरी खाई में गिर गई, जिससे पति-पत्नी की मौत हो गई और दो अन्य घायल हो गए। चारों रिश्तेदार एक सम ...और पढ़ें

हमीरपुर के बड़सर क्षेत्र में कार 150 फीट गहरी खाई में जा गिरी।
HighLights
बड़सर में कार खाई में गिरी, दो की मौत।
मृतकों में पति-पत्नी शामिल, दो घायल।
पुलिस जांच जारी, प्रशासन ने दी राहत।
संवाद सहयोगी, बड़सर (हमीरपुर)। हिमाचल प्रदेश के जिला हमीरपुर में सोमवार को एक भीषण सड़क हादसे में दो लोगों की मौत हो गई व दो घायल हैं। उपमंडल बड़सर के तहत खेड़ी और धबडीयाणा के बीच संपर्क मार्ग पर सैंट्रो कार एचपी 22डी-3596 अनियंत्रित होकर करीब 150 फीट गहरी खाई में जा गिरी। दर्दनाक हादसे में कार सवार दो लोगों की मौत हो गई, जबकि दो अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए।
चारों आपस में रिश्तेदार
जानकारी के अनुसार, कार में चार लोग सवार थे, जो एक रिश्तेदार के घर आयोजित समारोह में शामिल होने जा रहे थे। हादसे में चालक 64 वर्षीय पृथ्वी चंद पुत्र बीरबल राम निवासी गांव लपोदू, तहसील भोरंज, उनकी पत्नी 59 वर्षीय सरोज कुमारी, 74 वर्षीय जीजा रमेश चंद और 69 वर्षीय बहन संतोष कुमारी सवार थे।
पति-पत्नी की मौत
हादसा इतनी भीषण था कि रमेश चंद की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उनकी पत्नी संतोष कुमारी ने अस्पताल में उपचार के दौरान दम तोड़ दिया।
कार के परखच्चे उड़े
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक यह हादसा धबडीयाणा और खेड़ी के बीच पानी की टंकी के पास हुआ, जहां चालक अचानक कार से संतुलन खो बैठा और गाड़ी सीधे गहरी खाई में जा गिरी। गिरते ही वाहन के परखच्चे उड़ गए और मौके पर चीख-पुकार मच गई।
आसपास के लोगों ने चलाया बचाव कार्य
आसपास के ग्रामीण तुरंत मौके पर पहुंचे और राहत व बचाव कार्य शुरू किया। सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासन की टीम मौके पर पहुंची। स्थानीय लोगों की मदद से घायलों को कड़ी मशक्कत के बाद खाई से बाहर निकाला गया और नजदीकी अस्पताल पहुंचाया गया।
खबरें और भी
एक गंभीर घायल हमीरपुर रेफर
गंभीर रूप से घायल सरोज कुमारी को प्राथमिक उपचार के बाद जिला अस्पताल हमीरपुर रेफर किया गया है, जबकि चालक पृथ्वी चंद का उपचार जारी है।
पुलिस ने किया मामला दर्ज
डीएसपी बड़सर लालमन शर्मा ने बताया कि पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और दुर्घटना के कारणों की जांच की जा रही है। वहीं बीएमओ बड़सर डॉ. अरविंद टंडन के अनुसार, अस्पताल लाए गए चार में से दो लोगों की मौत हो गई।
प्रशासन ने दी फौरी राहत
एसडीएम बड़सर स्वाति डोगरा ने बताया कि प्रशासन की ओर से मृतकों के स्वजन को 25-25 हजार रुपये की राहत राशि प्रदान की गई है, जबकि एक घायल को 5 हजार रुपये की फौरी सहायता दी गई है।