हमीरपुर में एलाइड हेल्थकेयर कॉलेज शुरू, CM सुक्खू ने किया उद्घाटन; मेडिकल स्टूडेंट्स के साथ किया संवाद
मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने हमीरपुर के जोलसप्पड़ में एलाइड एवं हेल्थकेयर कॉलेज का उद्घाटन किया, जिससे युवाओं को व्यावसायिक प्रशिक्षण और रोजगार के अवसर मिलेंगे।

मुख्यमंत्री सुखविन्द्र सिंह सुक्खू जोलसप्पड़ मेडिकल कॉलेज पहुंचने से पहले लोगों से मिलते हुए। जागरण
HighLights
मुख्यमंत्री सुक्खू ने हमीरपुर में एलाइड हेल्थकेयर कॉलेज का उद्घाटन किया।
शुरुआत में चार स्नातक पाठ्यक्रमों में 210 सीटें उपलब्ध होंगी।
कॉलेज के लिए 6.87 करोड़ रुपये की मशीनरी खरीदी जाएगी।
जागरण संवाददाता, शिमला। हिमाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री सुखविन्द्र सिंह सुक्खू ने मंगलवार को हमीरपुर के जोलसप्पड़ स्थित डा. आरकेजीएमसी एवं अस्पताल परिसर में एलाइड एवं हेल्थकेयर कॉलेज का शुभारंभ किया। इस दौरान मुख्यमंत्री ने विद्यार्थियों के साथ संवाद भी किया। इससे पहले जसकोट हेलीपैड पर पहुंचने के दौरान स्थानीय लोगों और कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने सीएम का स्वागत किया।
यह कॉलेज शुरू होने से युवाओं को बड़ी सुविधा व राहत मिलेगी। इससे पहले रेडियोलाजी, एनेस्थीसिया, प्रयोगशाला तकनीक और डायलिसिस की पढ़ाई के अवसर इंदिरा गांधी मेडिकल कालेज एवं अस्पताल (आइजीएमसी) शिमला और टांडा मेडिकल कॉलेज में उपलब्ध थे।
व्यावसायिक प्रशिक्षण मिलेगा
अटल आयुर्विज्ञान एवं अनुसंधान विश्वविद्यालय की शैक्षणिक सत्र 2026-27 के प्रवेश संबंधी जानकारी के अनुसार हमीरपुर कॉलेज में शुरुआती चरण में चार स्नातक पाठ्यक्रमों के लिए 210 सीटें निर्धारित हैं। इनमें अस्पतालों की जांच, चिकित्सा उपकरणों के संचालन और उपचार में सहयोग से जुड़ा व्यावसायिक प्रशिक्षण दिया जाएगा। इसके बाद रोजगार के भी अवसर रहेंगे।
किस विषय में कितनी सीटें
बैचलर ऑफ मेडिकल रेडियोलाजी एंड इमेजिंग टेक्नोलाजी, बैचलर ऑफ मेडिकल लेबोरेटरी साइंस और बैचलर ऑफ एनेस्थीसिया एंड आपरेशन थियेटर टेक्नोलाजी में 60-60, जबकि बैचलर आफ डायलिसिस थेरेपी टेक्नोलाजी में 30 सीटें हैं।
330 सीटें उपलब्ध कराने की योजना
सरकार ने आगे छह पाठ्यक्रमों में कुल 330 सीटें उपलब्ध कराने की योजना घोषित की है। प्रस्तावित पाठ्यक्रमों में प्रयोगशाला विज्ञान, रेडियोलाजी, एनेस्थीसिया, आप्टोमेट्री और फिजियोथेरेपी में 60-60 सीटें तथा डायलिसिस तकनीशियन पाठ्यक्रम में 30 सीटें शामिल हैं। घोषित कुल क्षमता और मौजूदा प्रवेश सत्र की 210 सीटें अलग-अलग हैं।
6.87 करोड़ मशीनरी के लिए
कॉलेज के संचालन के लिए आवश्यक मशीनरी और उपकरण खरीदने के वास्ते राज्य सरकार ने 6.87 करोड़ रुपये जारी करने का निर्णय लिया है। इसका उद्देश्य विद्यार्थियों को सैद्धांतिक पढ़ाई के साथ व्यावहारिक प्रशिक्षण के लिए जरूरी संसाधन देना है।
बैचलर ऑफ रेडिएशन थेरेपी टेक्नोलाजी
आइजीएमसी और टांडा में शैक्षणिक सत्र 2026-27 से बैचलर ऑफ रेडिएशन थेरेपी टेक्नोलाजी शुरू करने का निर्णय लिया है। दोनों संस्थानों में 30-30 सीटों का वार्षिक प्रवेश लक्ष्य है। इससे कैंसर उपचार में इस्तेमाल होने वाली विकिरण तकनीक के क्षेत्र में प्रशिक्षित मानव संसाधन तैयार होगा।
स्टेट एलाइड एवं हेल्थकेयर काउंसिल के चेयरमैन विनोद चौहान ने कहा कि सरकारी क्षेत्र में यह देश का पहला एलाइड हेल्थकेयर कालेज है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री से अन्य विषय शुरू करने का आग्रह करेंगे।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।