हिमाचल में BMW कार में फर्जी अधिकारी बनकर आए ठग, स्टाफ को डरा धमकाकर ले गए महंगी शराब की बोतलें
हमीरपुर में कुछ लोगों ने खुद को आबकारी अधिकारी बताकर शराब ठेकों से महंगी शराब मुफ्त में ले ली। पुलिस ने शिकायत के आधार पर मामला दर्ज कर जांच शुरू कर द ...और पढ़ें

हमीरपुर में फर्जी अफसर बनकर शातिर महंगी शराब की बाेतलें ले गए। प्रतीकात्मक फोटो
HighLights
हमीरपुर में फर्जी अधिकारी बनकर शराब ठेकों से महंगी शराब चुराई।
BMW और i20 गाड़ियों से आकर कर्मचारियों को धमकाया गया।
पुलिस ने शिकायत के आधार पर अज्ञात व्यक्तियों की पहचान शुरू की।
संवाद सहयोगी, हमीरपुर। हिमाचल प्रदेश के जिला हमीरपुर में कुछ लोगों ने खुद को सरकारी अधिकारी बताकर रौब जमाया व ठेकों से बिना पैसे दिए महंगी शराब की बोतलें ले गए। पुलिस थाना सदर हमीरपुर में इस संबंध में मामला दर्ज किया गया है। शराब ठेकों पर फर्जी तरीके से खुद को राज्य आबकारी विभाग का अधिकारी बताकर कर्मचारियों को डरा-धमकाकर मुफ्त में शराब व बीयर ले गए। शिकायत मिलने के बाद पुलिस ने कार्रवाई करते हुए जांच शुरू कर दी है।
शिकायतकर्ता सौरभ कटोच पुत्र पृथ्वी चंद कटोच निवासी नया नगर हमीरपुर जो यूनिक वाइंस के साझेदार हैं ने बताया कि कुछ अज्ञात व्यक्ति उनके ठेकों पर आकर खुद को राज्य आबकारी विभाग का अधिकारी बताते हैं। इस झूठी पहचान के जरिए वे वहां काम कर रहे कर्मचारियों को डराते-धमकाते हैं और मुफ्त में शराब व बीयर की मांग करते हैं।
इन कारों में सवार होकर आए
शिकायत में बताया गया है कि एक व्यक्ति बीएमडब्ल्यू गाड़ी नंबर एचपी 84 0040 में आया और उसने खुद को अधिकारी बताते हुए मुफ्त शराब की मांग की। दूसरा व्यक्ति आई-20 गाड़ी नंबर एचपी 22 एफ 1461 में आया और उसने भी खुद को अधिकारी बताते हुए मुफ्त बीयर व शराब की मांग की।
लगातार जिले के ठेकों पर पहुंचे शातिर
आरोप है कि ये व्यक्ति 18 अप्रैल को दोपहर करीब दो बजे मट्टन सिद्ध स्थित शराब ठेके पर पहुंचे। इसके बाद 19 अप्रैल को करीब तीन बजे बड़सर क्षेत्र के भिरा स्थित ठेके पर पहुंचे और 24 अप्रैल को रात करीब साढ़े सात बजे फिर से बीएमडब्ल्यू गाड़ी में आकर ठेके पर पहुंचे। इस दौरान उन्होंने वहां मौजूद सेल्समैन को धमकाया कि यदि उनकी मांग पूरी नहीं की गई तो ठेके का लाइसेंस रद करवा दिया जाएगा या उन्हें झूठे मामलों में फंसा दिया जाएगा।
पुलिस ने शुरू की पहचान
पुलिस ने शिकायत में दिए गए गाड़ी नंबरों और मोबाइल नंबरों के आधार पर अज्ञात व्यक्तियों की पहचान शुरू कर दी है। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस द्वारा हर पहलू से जांच की जा रही है और आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।