हमीरपुर में जन्म के बाद नवजात को अस्पताल में छोड़ गए माता-पिता, 15 हजार में सौदा करने का भी किया था प्रयास
हमीरपुर मेडिकल कॉलेज में एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है, जहाँ नेपाल से आए एक दंपति ने प्रसव के कुछ घंटों बाद अपनी नवजात बच्ची को अस्पताल में छोड़ दिया। दंपति ने कथित तौर पर बच्ची को 10-15 हजार रुपये में बेचने का प्रयास भी किया था।

हमीरपुर में माता-पिता नवजात बच्ची को छोड़ गए। प्रतीकात्मक फोटो
HighLights
दंपति ने नवजात बच्ची को अस्पताल में छोड़ा।
बच्ची को 10-15 हजार में बेचने का प्रयास।
पुलिस सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही, तलाश जारी।
रवि ठाकुर, हमीरपुर। हिमाचल प्रदेश के हमीरपुर में एक मानवता को शर्मसार करने वाली घटना सामने आई है। मेडिकल कॉलेज हमीरपुर में एक दिल दहला देने वाला मामला सामने आया है, जहां प्रसव के कुछ ही घंटों बाद एक दंपती अपनी नवजात बच्ची को अस्पताल में छोड़कर फरार हो गया। घटना ने मानवता को झकझोर कर रख दिया है और पूरे मामले में कई गंभीर पहलू सामने आ रहे हैं।
जानकारी के अनुसार नेपाल से संबंध रखने वाली एक महिला को प्रसव के लिए मेडिकल कॉलेज में भर्ती करवाया गया था। चिकित्सकों की निगरानी में सुरक्षित प्रसव हुआ और महिला ने एक स्वस्थ बच्ची को जन्म दिया। लेकिन बच्ची के जन्म के कुछ ही घंटों बाद ही दंपती बिना किसी को सूचना दिए अस्पताल से गायब हो गया और नवजात को वार्ड में ही छोड़ गया।
अस्पताल प्रशासन ने पुलिस को किया सूचित
अस्पताल प्रशासन को जब परिजनों के लापता होने की जानकारी मिली तो तुरंत पुलिस को सूचित किया गया। प्रारंभिक जांच में यह बात भी सामने आई है कि दंपती बच्ची के जन्म से खुश नहीं था।
अस्पताल में बच्ची को 15 हजार में देने की बात
यह भी बताया जा रहा है कि अस्पताल परिसर में ही दंपती ने कुछ लोगों से बच्ची को 10 से 15 हजार रुपये में देने की बात की थी, लेकिन किसी ने इस पर सहमति नहीं जताई।
सीसीटीवी खंगाल रही पुलिस
घटना की गंभीरता को देखते हुए अस्पताल प्रबंधन ने अपने स्तर पर जांच शुरू कर दी है। अस्पताल परिसर में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है, जिससे दंपती की पहचान और उनके फरार होने के रास्ते का पता लगाया जा सके। साथ ही उनके द्वारा दिए गए आधार कार्ड और अन्य दस्तावेज पुलिस को सौंप दिए गए हैं।
पुलिस का कहना है कि मामले की गहन जांच की जा रही है और दंपती की तलाश के लिए प्रयास तेज कर दिए गए हैं। फिलहाल नवजात बच्ची को अस्पताल की निगरानी में रखा गया है और चिकित्सकों के अनुसार बच्ची पूरी तरह स्वस्थ है।

