Trending

    विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

    कांगड़ा में हिमाचल पुलिस को बड़ी सफलता, धोखाधड़ी मामले में 90 लाख नकद; 801 डॉलर और सवा किलो सोना बरामद

    Updated: Thu, 06 Aug 2026 02:46 PM (IST)

    देहरा पुलिस ने एक धोखाधड़ी मामले में बड़ी सफलता हासिल की है, जिसमें 90 लाख रुपये नकद, 801 अमेरिकी डॉलर और सवा किलो से अधिक सोना बरामद किया गया है। ...और पढ़ें

    धोखाधड़ी मामले में 90 लाख नकद (प्रतीकात्मक फोटो)

    धोखाधड़ी मामले में 90 लाख नकद (प्रतीकात्मक फोटो)

    HighLights

    1. देहरा पुलिस ने धोखाधड़ी मामले में बड़ी बरामदगी की।

    2. 90 लाख नकद, 801 डॉलर, सवा किलो सोना जब्त।

    3. सात आरोपी गिरफ्तार, दो अग्रिम जमानत पर।

    संवाद सहयोगी, देहरा। पुलिस जिला देहरा ने विदेश में कार्यरत युवक के साथ धोखाधड़ी के बहुचर्चित मामले में बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस ने इस मामले में 90 लाख रुपये नकद, 801 अमेरिकी डॉलर, पासपोर्ट, जमीन के दस्तावेज और एक किलो 324 ग्राम सोने समेत कुछ अन्य आभूषण बरामद किए हैं। मामले में अब तक सात आरोपितों की गिरफ्तारी हो चुकी है, जबकि दो अग्रिम जमानत पर हैं। शेष नकदी और आभूषणों की बरामदगी के लिए पुलिस की जांच जारी है।

    देहरा के एसपी संदीप धवल ने बताया कि 29 जून को रक्कड़ थाना में मौआ गांव निवासी अविनाश ने शिकायत दर्ज करवाई थी। शिकायत में आरोप लगाया था कि उसके रिश्तेदारों ने बेईमानी की नीयत से उसका करीब 4 से 4.5 किलोग्राम सोना, चांदी व हीरे के आभूषण, 2.5 करोड़ रुपये नकद, पासपोर्ट और जमीन से जुड़े दस्तावेज हड़प लिए थे।

    शिकायत मिलने पर रक्कड़ थाने में मामला दर्ज किया था। चूंकि शिकायत घटना के करीब तीन माह बाद दर्ज कराई गई थी, इसलिए पुलिस के सामने साक्ष्य जुटाना चुनौतीपूर्ण था। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक देहरा के निर्देश पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक आरपी जसवाल, थाना प्रभारी डाडासीबा सुरेंद्र धीमान, रक्कड़ थाना प्रभारी इल्मदीन और साइबर सेल प्रभारी को शामिल कर विशेष जांच दल (एसआइटी) गठित किया गया था।

    तकनीकी साक्ष्यों और गहन जांच के आधार पर पुलिस ने पहली जुलाई को निहारी निवासी राजकुमार व तृप्ता देवी और राजकुमारी व प्रतीक्षा शर्मा निवासी कटोह को गिरफ्तार किया था। इनके कब्जे से एक संदिग्ध ब्रीफकेस, 801 अमेरिकी डालर, पासपोर्ट, जमीन के दस्तावेज तथा कुछ सोने-हीरे के आभूषण बरामद किए।

    खबरें और भी

    जांच आगे बढ़ने पर पुलिस ने डेराबस्सी (मोहाली) स्थित एक मकान में तलाशी ली, जहां से बड़ी मात्रा में नकदी और आभूषण बरामद हुए। इस कार्रवाई के बाद नेहा, हरवंश और ब्रज भूषण को भी गिरफ्तार किया।

    मामले में नामजद प्रतिभा शर्मा और भारती ने शिमला हाई कोर्ट से अग्रिम जमानत ले रखी है और उन्हें भी जांच में शामिल किया जा रहा है। पुलिस ने बताया कि अब तक की जांच में 90 लाख नकद, 801 अमेरिकी डलर, पासपोर्ट, जमीन के दस्तावेज और एक किलो 324 ग्राम सोना व अन्य आभूषण, जिनकी अनुमानित कीमत करीब दो करोड़ रुपये है, बरामद कर पुलिस ने कब्जे में ले लिए हैं।

    पुलिस का कहना है कि मामले में शेष नकदी और आभूषणों की बरामदगी के साथ-साथ अन्य संभावित आरोपितों की भूमिका की भी जांच की जा रही है। जांच पूरी होने के बाद मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।