पालमपुर में विदेशी पर्यटक से छेड़छाड़, हेड मसाज करवाने पहुंची थी ऑस्ट्रेलिया की महिला; रिजवान करने लगा अनुचित हरकतें
हिमाचल प्रदेश के पालमपुर में एक ऑस्ट्रेलियाई महिला पर्यटक के साथ सैलून में हेड मसाज के दौरान कथित छेड़छाड़ का मामला सामने आया है। पुलिस ने त्वरित कार् ...और पढ़ें

पालमपुर में महिला पर्यटक से छेड़छाड़ हुई है। प्रतीकात्मक फोटो
HighLights
ऑस्ट्रेलियाई महिला पर्यटक से पालमपुर में छेड़छाड़ का आरोप।
सैलून में हेड मसाज के दौरान हुई अनुचित हरकतें।
पुलिस ने आरोपी सैलून कर्मी रिजवान पर मामला दर्ज किया।
संवाद सूत्र, पालमपुर (कांगड़ा)। हिमाचल प्रदेश के पालमपुर में एक विदेशी महिला पर्यटक के साथ कथित छेड़छाड़ का मामला सामने आया है। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपित सैलून कर्मी के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। आस्ट्रेलिया निवासी महिला पर्यटक कुछ दिन पहले पालमपुर घूमने आई थी और एक स्थानीय होटल में ठहरी हुई थी।
वह तनाव और थकान दूर करने के उद्देश्य से हेड मसाज करवाने के लिए सैलून पहुंची। आरोप है कि मसाज के दौरान वहां कार्यरत कर्मचारी रिजवान मोहम्मद ने उसके साथ अभद्र व्यवहार किया और अनुचित हरकतें कीं। महिला ने तुरंत इसका विरोध किया और सैलून से निकलकर सीधे पालमपुर पुलिस थाने पहुंची, जहां उसने पूरे घटनाक्रम की शिकायत दर्ज करवाई।
पुलिस खंगाल रही सीसीटीवी फुटेज
शिकायत मिलते ही पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए आरोपित के खिलाफ संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर लिया। इसके बाद जांच टीम ने घटनास्थल से जुड़े तथ्यों को जुटाना शुरू कर दिया। पुलिस सैलून में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज की जांच कर रही है तथा कर्मचारियों और अन्य संभावित गवाहों के बयान भी दर्ज किए जा रहे हैं।
क्या कहते हैं डीएसपी पालमपुर
डीएसपी पालमपुर सुनील राणा ने बताया कि यह मामला कुछ दिन पुराना है, लेकिन शिकायत प्राप्त होते ही पुलिस ने तुरंत कार्रवाई की। उन्होंने कहा कि मामले की निष्पक्ष और गहन जांच की जा रही है तथा जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आरोपित के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई अमल में लाई जाएगी। उन्होंने कहा कि पुलिस किसी भी शिकायत को गंभीरता से लेती है और कानून के अनुसार कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।
देश-विदेश के पर्यटक पहुंचते हैं पालमपुर
उल्लेखनीय है कि पालमपुर देश-विदेश के पर्यटकों के बीच एक लोकप्रिय पर्यटन स्थल है। हर वर्ष बड़ी संख्या में विदेशी पर्यटक यहां प्राकृतिक सौंदर्य और शांत वातावरण का आनंद लेने पहुंचते हैं। ऐसे में इस तरह की घटना ने पर्यटक सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ा दी है। स्थानीय लोगों ने भी प्रशासन से पर्यटन स्थलों, होटलों, सैलूनों और अन्य सेवा केंद्रों में सुरक्षा मानकों को और मजबूत बनाने की मांग की है, ताकि पर्यटकों का विश्वास कायम रहे और भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो।
यह भी पढ़ें: सरकारी कर्मचारी ने ऑफिस में महिला पर बनाया यौन संबंध का दबाव, मना किया तो करने लगा प्रताड़ित; कुल्लू में FIR दर्ज
यह भी पढ़ें: बिलासपुर में पुल के पास मृत मिला बस कंडक्टर, शरीर पर चोट के कई निशान; फोरेंसिक टीम ने जुटाए साक्ष्य