Trending

    विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

    शाहपुर की बोह घाटी में आपदा पीड़ितों की मदद को आगे आए MLA सुधीर शर्मा, 25-25 हजार फौरी राहत समेत अन्य मदद दी

    By Digital Desk Edited By: Rajesh Sharma
    Updated: Thu, 23 Jul 2026 03:19 PM (GMT+05:30)

    शाहपुर की बोह घाटी में बादल फटने से बेहाल परिवारों को विधायक सुधीर शर्मा ने 25-25 हजार रुपये की फौरी राहत और घरेलू सामान के लिए 5-5 हजार रुपये दिए। ...और पढ़ें

    शाहपुर की बोह घाटी में आपदा पीड़ितों को मदद देते भाजपा विधायक सुधीर शर्मा।

    शाहपुर की बोह घाटी में आपदा पीड़ितों को मदद देते भाजपा विधायक सुधीर शर्मा।

    HighLights

    1. विधायक सुधीर शर्मा ने प्रभावित परिवारों को 25 हजार की राहत दी।

    2. बर्तन व घरेलू सामान के लिए 5 हजार रुपये भी दिए।

    3. सरकार से युद्धस्तर पर राहत कार्य चलाने की मांग की।

    जागरण संवाददाता, धर्मशाला। हिमाचल प्रदेश में शाहपुर की बोह घाटी में बादल फटने से मची तबाही के बाद लोग बेहाल हैं। धर्मशाला विधानसभा क्षेत्र के विधायक सुधीर शर्मा प्रभावित परिवारों का हाल जानने पहुंचे। लोगों की वर्षों की जमा-पूंजी सब तबाह हो गई है। सुधीर शर्मा ने प्रभावित परिवारों को तत्काल राहत के रूप में 25-25 हजार रुपये दिए हैं और कहा कि जल्द ही 25-25 हजार रुपये की अतिरिक्त सहायता भी प्रदान की जाएगी।

    इसके अलावा बर्तन व अन्य आवश्यक घरेलू सामान की व्यवस्था के लिए पांच-पांच हजार रुपये भी दिए गए हैं। उन्होंने कहा कि फिलहाल प्रभावित परिवारों को सबसे अधिक जरूरत कपड़ों और बर्तनों जैसी दैनिक उपयोग की वस्तुओं की है।

    सब कुछ मलबे में दफन 

    उन्होंने कहा कि जहां बादल फटा है वहां कई मकान पूरी तरह मलबे में दब गए हैं। लोगों के गहने, नकदी, घरेलू सामान, पशुधन और जीवनभर की कमाई मलबे के नीचे दबी हुई है। ऐसे में सरकार को युद्धस्तर पर राहत एवं बचाव कार्य चलाना चाहिए। 

    मलबे से सामान निकाला जाए

    उन्होंने कहा कि भारी मशीनरी अब तक मौके पर पर्याप्त संख्या में नहीं पहुंची है, जबकि दिन-रात अभियान चलाकर जो सामान सुरक्षित निकाला जा सकता है, उसे बाहर निकालने का प्रयास किया जाना चाहिए। विधायक ने मांग की कि एसडीआरएफ की टीमें 24 घंटे मौके पर तैनात रहें और राहत कार्य में तेजी लाई जाए, ताकि प्रभावित लोगों को जल्द राहत मिल सके।

    सरकार पर उठाए सवाल

    सरकार की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाते हुए सुधीर शर्मा ने कहा कि इस संकट की घड़ी में सरकार का कोई वरिष्ठ प्रतिनिधि मौके पर नजर नहीं आया। उन्होंने कहा कि यदि संबंधित विधायक क्षेत्र से बाहर थे तो सरकार किसी अन्य मंत्री या वरिष्ठ प्रतिनिधि को भेज सकती थी। इससे प्रशासन भी और अधिक तेजी से काम करता। उन्होंने कहा कि वे किसी राजनीतिक उद्देश्य से नहीं बल्कि पड़ोसी होने के नाते पीड़ित परिवारों का दुख साझा करने पहुंचे हैं।

    खबरें और भी

    पूरे समाज की जिम्मेदारी

    उन्होंने कहा कि यह केवल सरकार ही नहीं बल्कि पूरे समाज की भी जिम्मेदारी है कि संकट की इस घड़ी में प्रभावित परिवारों का साथ दिया जाए। सरकार को सक्रिय मोड में आकर राहत, पुनर्वास और मुआवजा प्रक्रिया में तेजी लानी चाहिए ताकि पीड़ित परिवार जल्द सामान्य जीवन की ओर लौट सकें।

    शाहपुर के विधायक भी पहुंचे

    शाहपुर के विधायक केवल सिंह पठानिया विदेश दौरे पर जा रहे थे, आपदा की सूचना के बाद वह वापस लौट आए हैं। वीरवार को विधायक मौके पर पहुंचे व राहत एवं बचाव कार्यों का जायजा लेते हुए उचित सहायता देने का आश्वासन दिया।

    यह भी पढ़ें: हिमाचल के तीन जिलों में 5 घंटे भारी बारिश की चेतावनी, 31 तक राहत नहीं देगा मानसून; पर्यटकों के लिए एडवायजरी