हिमाचल में बैडमिंटन खेलते बेहोश हुआ कान्ट्रैक्टर और तोड़ दिया दम, रोजाना करते थे 5 KM सैर; विशेषज्ञ ने बताई जरूरी सलाह
बैजनाथ, कांगड़ा में बैडमिंटन खेलते हुए रविंद्र राणा उर्फ रवि की अचानक मृत्यु हो गई। वे रोजाना 5 किमी सैर करते थे और सेहतमंद थे। उनकी असामयिक मौत से पर ...और पढ़ें

हिमाचल प्रदेश के बैजनाथ के रविंद्र राणा का फाइल फोटो
HighLights
बैजनाथ में बैडमिंटन खेलते हुए व्यक्ति की अचानक मौत।
मृतक रविंद्र राणा उर्फ रवि रोजाना 5 किमी सैर करते थे।
विशेषज्ञों ने सर्दियों में देर से सैर और नियमित जांच की सलाह दी।
संवाद सहयोगी, बैजनाथ (कांगड़ा)। मौत का न कोई समय और न ही कोई दिन निर्धारित होता है। यह कब आ जाए कुछ कहा नहीं जा सकता। ऐसा ही मामला हिमाचल प्रदेश में जिला कांगड़ा के बैजनाथ में सामने आया। चौबीन निवासी रविंद्र राणा उर्फ रवि बैडमिंटन खेलते अचानक बेहोश होकर गिर पड़े। अचेत अवस्था में उन्हें नागरिक अस्पताल बैजनाथ पहुंचाया, लेकिन तब तक उनकी मौत हो गई थी।
रोजाना करते थे पांच किलोमीटर सैर
रवि सेहत के प्रति काफी सजग थे और रोजाना चार-पांच किलोमीटर सैर करने के बाद बैजनाथ में बैडमिंटन खेलने आते थे। दोस्त बताते हैं कि रवि स्वभाव से मिलनसार थे।
अचानक मृत्यु से सदमे में परिवार
रवि के परिवार में पत्नी और बेटी हैं। वह पेशे से ठेकेदार थे और अपने काम में काफी सक्रिय रहते थे। उनकी अचानक मृत्यु ने सभी को चौंका दिया है व परिवार सदमे में है।
यह घटना हमें इस बात की याद दिलाती है कि जीवन कितना अनिश्चित है। इस प्रकार की घटनाएं हमें सिखाती हैं कि स्वास्थ्य का ध्यान रखना चाहिए और जीवन के हर पल का आनंद लेना चाहिए।
क्या कहते हैं विशेषज्ञ, क्या सावधानी बरतें
टांडा मेडिकल कालेज एवं अस्पताल के हृदय रोग विशेषज्ञ डा. मुकुल भटनागर का कहना है कि सर्दियों में धूप निकलने के बाद सुबह नौ-10 बजे के बाद ही सैर करें। हर व्यक्ति के लिए सात-आठ घंटे की नींद जरूरी है। ऐसा न करें कि देर रात तक जागें और सुबह जल्द उठकर जिम या सैर करने चले जाएं। ऐसा करने से हृदयाघात का खतरा बढ़ जाता है। 40 वर्ष की उम्र के बाद व्यक्ति को ईसीजी, कालेस्ट्राल समेत कुछ बेसिक टेस्ट जरूर करवाने चाहिए।