Himachal Bus Accident: जयसिंहपुर में स्कूल बस दुर्घटनाग्रस्त, बच्चों समेत 17 थे सवार; बच्ची और कंडक्टर टांडा रेफर
हिमाचल प्रदेश के कांगड़ा जिले के जयसिंहपुर में एक स्कूल बस दुर्घटनाग्रस्त हो गई। लाहट-शिवनगर मार्ग पर हुए इस हादसे में 14 बच्चों सहित कुल 17 लोग घायल ...और पढ़ें

जिला कांगड़ा के जयसिंहपुर क्षेत्र में दुर्घटनाग्रस्त स्कूल बस। जागरण
HighLights
कांगड़ा के जयसिंहपुर में स्कूल बस दुर्घटनाग्रस्त हुई।
हादसे में 14 बच्चों सहित कुल 17 लोग घायल।
सड़क की खराब स्थिति व तकनीकी खराबी कारण।
जागरण टीम, जयसिंहपुर (कांगड़ा)। हिमाचल प्रदेश के जिला कांगड़ा में सुबह एक स्कूल बस दुर्घटनाग्रस्त हो गई। उपमंडल जयसिंहपुर के तहत लाहट-शिवनगर मार्ग पर यह हादसा हुआ है। हादसे के वक्त स्कूल बस में 14 बच्चों समेत 17 लोग सवार थे। हादसे में बच्चों को भी चोटें आई हैं। बताया जा रहा है कि बस कंडक्टर को ज्यादा चोट आई है। बच्चों की हालत ठीक बताई जा रही है।
मंगलवार सुबह लाहट पंचायत कार्यालय के पास एवीएम पाहड़ा स्कूल की बस अचानक पलट गई। बस के पलटने से बच्चों में चीखो पुकार मच गई। आसपास के लोग तुरंत मदद के लिए आगे आए व बच्चों को अस्पताल पहुंचाया।
पालमपुर अस्पताल रेफर किए घायल
बस में 14 बच्चों सहित एक शिक्षक और ड्राइवर व कंडक्टर थे। लोगों ने सभी को तुरंत निजी वाहनों में अस्पताल पहुंचा दिया। सभी घायलों को सिविल अस्पताल पालमपुर रेफर किया गया है।
क्या कहता है स्कूल प्रबंधन
स्कूल प्रबंधक अंकुश ने कहा कि दुर्घटना स्थल पर सड़क काफी उबड़ खाबड़ है, इस कारण बस पलट गई। यहां कंक्रीट रोड का निर्माण किया जा रहा है, इस कारण सड़क एक बराबर समतल नहीं है। कंक्रीट सड़क से आठ इंच ऊंची है।
तकनीकी खामी भी बताई जा रही
बताया जा रहा है बस में तकनीकी दिक्कत भी आ गई थी, इस कारण उबड़ खाबड़ सड़क पर चालक गाड़ी को नियंत्रित नहीं कर पाया और पलट गई।
एक बच्ची व कंडक्टर टांडा रेफर
घायल में अश्वनी कुमार ड्राइवर, ईश्वर चंद कंडक्टर, शिक्षिका वंदना सहित आदित्य, आकांक्ष्य, अनवी, तनीशा, सक्षम, कृष्णा, सिया, आरव, रुद्र, आदर्श, पायल, हर्षिका, आद्विक व रियांश शामिल हैं। इनमें से एक बच्ची व कंडक्टर को टांडा मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया है, जबकि बाकियों को प्राथमिक इलाज के बाद छुट्टी दे दी गई है।
अस्पताल पहुंचे मंत्री
जयसिंहपुर के विधायक एवं आयुष मंत्री यादवेंद्र गोमा भी सिविल अस्पताल पालमपुर पहुंचे व घायलों का हालचाल जाना। उन्होंने अस्पताल प्रशासन को घायलों को उचित इलाज व हरसंभव सहायता करने के निर्देश दिए।
यह भी पढ़ें: हिमाचल में दर्दनाक कार हादसा, रोनहाट में सड़क से 250 फीट गहरी खाई में जा गिरी कार; 4 लोग थे सवार
यह भी पढ़ें: हिमाचल में एक और फर्जी डिग्री से नौकरी पाने का मामला, पुलिस थाना हमीरपुर में दर्ज हुई FIR