हिमाचल में UGC नियमों के विरोध में प्रदर्शन के दौरान लहराई तलवारें, इंटरनेट मीडिया पर वीडियो वायरल होने के बाद पुलिस का संज्ञान
हिमाचल प्रदेश के कांगड़ा जिले में यूजीसी नियमों के विरोध प्रदर्शन के दौरान तलवारें लहराई गईं। राजा का तालाब और फतेहपुर में हुई इस घटना से बाजार में भय ...और पढ़ें

जिला कांगड़ा के राजा का तालाब में तलवारें लहराकर प्रदर्शन करते लोग। जागरण
HighLights
कांगड़ा में यूजीसी नियमों के विरोध में प्रदर्शन।
प्रदर्शन के दौरान सरेआम तलवारें लहराई गईं।
पुलिस वायरल वीडियो की जांच कर कार्रवाई करेगी।
संवाद सूत्र, भरमाड़ (कांगड़ा)। हिमाचल प्रदेश में यूजीसी नियमों के विरोध में प्रदर्शन के दौरान कुछ लोगों ने सरेआम तलवारें लहराईं। इस घटना के वीडियो और फोटो इंटरनेट मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहे हैं। यह घटना जिला कांगड़ा में राजा का तालाब और फतेहपुर में रविवार को सामने आई है, प्रदर्शन के दौरान हालात तनावपूर्ण हो गए।
प्रदर्शनकारियों की ओर से तलवारें सरेआम लहराने से बाजार में भय का माहौल हो गया और आम लोगों और व्यापारियों में चिंता फैल गई। राजा का तालाब व्यापार मंडल के आह्वान पर रविवार दोपहर तक बाजार बंद रखने का निर्णय लिया था।
लोग बोले- यह सार्वजनिक सुरक्षा के लिए खतरा
स्थानीय लोगों का कहना है कि विरोध प्रदर्शन लोकतांत्रिक अधिकार है, लेकिन हथियारों के साथ सड़क पर उतरना कानून-व्यवस्था और सार्वजनिक सुरक्षा के लिए खतरा है। कुछ सामाजिक संगठनों ने प्रशासन पर समय रहते सख्त कदम न उठाने का आरोप लगाया है।
क्या कहते हैं पुलिस अधीक्षक
पुलिस जिला नूरपुर के पुलिस अधीक्षक कुलभूषण वर्मा ने बताया कि प्रसारित हो रही तस्वीरों और वीडियो की जांच की जा रही है। तथ्यों के आधार पर संबंधित धाराओं के तहत आगे की कार्रवाई अमल में लाई जाएगी। जिस तरह खुलेआम हथियारों के साथ प्रदर्शन हुआ, उसने प्रशासन की कार्यप्रणाली पर प्रश्नचिह्न लगा दिए हैं।
उपतहसील फतेहपुर के राजा का तालाब में हुई यह घटना इस ओर संकेत करती है कि यदि समय रहते प्रभावी कार्रवाई नहीं की गई तो ऐसे घटनाक्रम प्रदेश की शांति और सामाजिक सौहार्द के लिए गंभीर चुनौती बन सकते हैं।