हिमाचल के शाहपुर में ढह गया करोड़ों रुपये की लागत से बन रहा पुल, बीच से भरभराकर गिरा; क्या रही हादसे की वजह?
हिमाचल प्रदेश के कांगड़ा जिले के शाहपुर में करोड़ों की लागत से बन रहा एक पुल ढह गया। इस घटना से निर्माण कार्य की गुणवत्ता पर बड़े सवाल उठ रहे हैं। ...और पढ़ें

शाहपुर के धनोटू में चंबी खड्ड पर बन रहा पुल जमींदोज हो गया।
HighLights
शाहपुर में करोड़ों की लागत से बन रहा पुल ढहा।
लापरवाही और खामियों के कारण पुल गिरने की आशंका।
विधायक केवल सिंह पठानिया ने उच्चस्तरीय जांच के आदेश दिए।
जागरण टीम, शाहपुर (कांगड़ा)। हिमाचल प्रदेश में जिला कांगड़ा के शाहपुर क्षेत्र में करोड़ों रुपये की लागत से बन रहा पुल भरभराकर ढह गया। शाहपुर की धनोटू-ललेटा-बनुमहादेव सड़क पर यह पुल बनाया जा रहा था। इस पुल के बनने से धनोटू क्षेत्र की जनता को लाभ मिलना था। चंबी खड्ड पर करोड़ों रुपये की लागत से बन रहे इस पुल का कार्य अब आखिरी चरण में था। लेकिन इस बीच यह लापरवाही व खामी की भेंट चढ़ गया।

डिजाइन व तकनीकी पक्ष पर उठ रहे सवाल
पुल के डिजाइन एवं तकनीकी पक्ष की जांच, निर्माण सामग्री की गुणवत्ता की जांच तथा निर्माण कार्य के दौरान विभागीय निगरानी एवं सुपरविजन की भूमिका पर सवाल उठ रहे हैं।
बताया जा रहा है बारिश के कारण पुल की शटरिंग धंस गई और स्लैब बीच से ढह गई। इस कारण सारा का सारा पुल खड्ड में आ गिरा।
कैसे हुआ हादसा
बताया जा रहा है रात को वर्षा के कारण खड्ड में जलस्तर बढ़ने पर शटरिंग के लिए लगाई सपोर्ट बहाव में बहने से यह हादसा हुआ। धनोटू-ललेटा-बनु महादेव सड़क पर सिंगल लेन 50 मीटर लंबा पुल करीब ढाई करोड़ रुपये से बन रहा था। आठ माह पहले इसका निर्माण शुरू हुआ था। पुल का 90 प्रतिशत काम पूरा हो चुका था। लोक निर्माण विभाग ने ठेकेदार को अभी पिलर निर्माण तक का भुगतान किया है।
क्या कहते हैं अधिकारी
लोक निर्माण विभाग मंडल शाहपुर के अधिशासी अभियंता नीरज जसवाल ने बताया कि पुल के निर्माण में कोताही नहीं बरती है। खड्ड का जलस्तर बढ़ने के कारण पुल गिरा। ठेकेदार को अपने खर्च से ही पुल का काम पूरा करना पड़ेगा। समय-समय पर निर्माण कार्य में प्रयोग होने वाली सामग्री के टेस्ट किए थे और यह मानकों पर खरे उतरे थे।
निर्माण सामग्री की गुणवत्ता पर पूरा ध्यान दिया था। वर्षा के कारण खड्ड का पानी बढ़ने से शटरिंग के लिए लगाई सपोर्ट बह गई, इस कारण पुल गिर गया। खड्ड में तीन-चार दिन से अधिक पानी आ रहा था। मेरा करीब एक करोड़ 50 लाख रुपये का नुकसान हुआ है।
-नवनीत शर्मा, ठेकेदार।
इनकी होती है जिम्मेदारी
किसी भी पुल के निर्माण के दौरान लोक निर्माण विभाग के कनिष्ठ अभियंता, सहायक अभियंता, अधिशासी अभियंता, ठेकेदार और साइट इंजीनियर निर्माण कार्य देखते हैं।
विधायक ने अधिकारियों के साथ किया निरीक्षण
निर्माणाधीन पुल के ढहने की घटना पर शाहपुर के विधायक एवं उप मुख्य सचेतक केवल सिंह पठानिया ने संज्ञान लेते हुए उच्चस्तरीय जांच के आदेश जारी किए हैं। घटना की सूचना मिलते ही विधायक ने प्रशासनिक अधिकारियों तथा लोक निर्माण विभाग के वरिष्ठ अधिकारियों के साथ मौके का दौरा कर स्थिति का जायजा लिया। जांच में दोषी पाए जाने वाले ठेकेदारों और संबंधित अधिकारियों के खिलाफ कड़ी कानूनी एवं विभागीय कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।
खबरें और भी

एसडीएम व अन्य अधिकारी पहुंचे
निरीक्षण के दौरान विधायक के साथ एसडीएम शाहपुर गणेश ठाकुर, लोक निर्माण विभाग के अधिशासी अभियंता बीएम ठाकुर, अधिशासी अभियंता नीरज जसवाल तथा एसडीओ बलबीत दयोलिया उपस्थित रहे।
यह भी पढ़ें: स्मार्ट मीटर में दो महीने से बंद दुकान का आ गया 40 हजार बिल, शिमला के कारोबारी ने धूप देकर जताया विरोध
यह भी पढ़ें: पालमपुर में लाइनमैन की करंट लगने से मौत: बिजली बोर्ड के विरुद्ध गैरइरादतन हत्या का मामला दर्ज, आखिर किसकी लापरवाही?