बंद दुकान का 40 हजार बिजली बिल देखकर उड़े होश! शिमला के कारोबारी ने स्मार्ट मीटर को धूप देकर किया अनोखा प्रदर्शन
शिमला में स्मार्ट मीटरों से आ रहे भारी-भरकम बिजली बिलों के खिलाफ लोगों का गुस्सा बढ़ रहा है। एक कारोबारी ने बंद दुकान का ₹40,000 का बिल आने पर स्मार्ट ...और पढ़ें
HighLights
शिमला में स्मार्ट मीटर से बढ़े बिलों पर गुस्सा।
बंद दुकान का 40 हजार बिल आने पर विरोध।
कारोबारी ने मीटर की आरती उतारकर जताया रोष।
जागरण संवाददाता, शिमला। हिमाचल प्रदेश के शिमला जिला में स्मार्ट मीटरों को लेकर लोगों का गुस्सा लगातार बढ़ता जा रहा है। राजधानी शिमला सहित प्रदेश के कई हिस्सों में उपभोक्ता स्मार्ट मीटर से आ रहे भारी-भरकम बिजली बिलों को लेकर परेशान हैं। इसी बीच शिमला के एक कारोबारी ने अनोखे अंदाज में स्मार्ट मीटर के खिलाफ विरोध जताया। कारोबारी ने स्मार्ट मीटर को धूप-दीप दिखाकर उसकी आरती उतारी और बिजली बोर्ड के खिलाफ नाराजगी जाहिर की।
कारोबारी का कहना है कि मार्च महीने में उनकी दुकान पूरी तरह बंद रही। दुकान में कोई कामकाज नहीं हुआ और न ही एक भी बिजली का स्विच ऑन किया गया। इसके बावजूद उन्हें मार्च महीने का करीब 17 हजार रुपये का बिजली बिल थमा दिया गया। कारोबारी ने बताया कि उन्होंने इसे तकनीकी गलती मानकर बिजली बोर्ड से शिकायत की, लेकिन उनकी समस्या का समाधान नहीं हुआ।
शिकायत के बाद अप्रैल का आ गया और ज्यादा बिल
उन्होंने आरोप लगाया कि शिकायत के बाद राहत मिलने की बजाय अप्रैल महीने में पहले से भी अधिक करीब 23 हजार रुपये का बिल जारी कर दिया गया। कारोबारी का कहना है कि लगातार बढ़ते बिलों ने उन्हें मानसिक और आर्थिक रूप से परेशान कर दिया है। उनका कहना है कि जब दुकान बंद थी और बिजली का उपयोग ही नहीं हुआ, तो इतना भारी बिल कैसे आ सकता है।
मुझ पर कृपा नहीं की तो आपका स्थान सड़क पर होगा
विरोध के दौरान कारोबारी ने स्मार्ट मीटर के सामने धूप-दीप जलाकर कहा कि “यदि आपने मुझ पर कृपा नहीं की तो अगले महीने आपका स्थान सड़क पर दिखा दूंगा।” उनके इस अनोखे विरोध को देखने के लिए आसपास लोगों की भीड़ जुट गई। कई लोगों ने कारोबारी की परेशानी का समर्थन करते हुए कहा कि स्मार्ट मीटर लगने के बाद उनके बिजली बिलों में भी अचानक बढ़ोतरी हुई है।
लगातार गहरा रहा विवाद
प्रदेश में पिछले कुछ समय से स्मार्ट मीटरों को लेकर विवाद लगातार गहराता जा रहा है। कई जगह पर लोग बिजली बोर्ड के कार्यालयों के बाहर प्रदर्शन कर चुके हैं। उपभोक्ताओं का आरोप है कि स्मार्ट मीटर लगने के बाद बिजली बिलों में असामान्य वृद्धि देखने को मिल रही है।
फिलहाल यह मामला शहर में चर्चा का विषय बना हुआ है और लोग बिजली बोर्ड से इस तरह की शिकायतों पर गंभीरता से कार्रवाई करने की मांग कर रहे हैं।
खबरें और भी
वहीं बिजली बोर्ड का कहना है कि स्मार्ट मीटर पूरी तरह तकनीकी प्रणाली पर आधारित हैं और इनमें पारदर्शिता बनी रहती है।
यह भी पढ़ें: हिमाचल पंचायत चुनाव: प्रधान पद के प्रत्याशी का एलान- 20 लाख रुपये देंगे; उपप्रधान जमीन देने को तैयार